शेयर बाजार में तेज गिरावट शेयर बाजार में आज यानी 24 सितंबर को भारी गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा गिरकर 74 हजार के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 250 अंक से ज्यादा नीचे आकर 23 हजार 200 के आसपास कारोबार कर रहा है। बैंकिंग मेटल और ऑटो सेक्टर के शेयरों में ज्यादा बिकवाली देखी जा रही है। पनीर के नाम पर अब नहीं बिकेंगे एनालॉग प्रोडक्ट्स दूध से नहीं बनने वाले पनीर जैसे उत्पादों को लेकर FSSAI ने नया ड्राफ्ट जारी किया है। इसके तहत वनस्पति तेल या स्टार्च से बने एनालॉग प्रोडक्ट्स के पैकेट पर पनीर शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। पैकेट पर इस्तेमाल किए गए स्टार्च और वेजिटेबल ऑयल जैसी सामग्री की जानकारी देना जरूरी होगा। इसका उद्देश्य ग्राहकों को असली दूध के पनीर और अन्य उत्पादों के बीच अंतर समझने में मदद करना है। मेटा ने पेश किए नए स्मार्ट ग्लास और VR डिवाइस मेटा ने 23 सितंबर को अपने सालाना इवेंट में नए स्मार्ट ग्लास और वर्चुअल रियलिटी डिवाइस पेश किए हैं। कंपनी के मुताबिक इन डिवाइस की मदद से घर बैठे इमर्सिव एंटरटेनमेंट का अनुभव लिया जा सकेगा। मेटा ने बिना कैमरे वाले Ray-Ban Meta Audio AI ग्लास भी पेश किए हैं जिनमें माइक्रोफोन और स्पीकर्स के जरिए म्यूजिक कॉलिंग और Meta AI का इस्तेमाल किया जा सकेगा। NSE शेयर की धीमी लिस्टिंग बाद में 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE के शेयरों की 24 सितंबर को शेयर बाजार में धीमी शुरुआत हुई। 1785 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले शेयर 1800 रुपये पर लिस्ट हुआ यानी करीब 0.84 फीसदी की बढ़त रही। हालांकि लिस्टिंग के कुछ ही देर बाद खरीदारी बढ़ी और शेयर 5.14 फीसदी चढ़कर 1876 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। ब्रोकरेज फर्मों ने NSE के शेयर के लिए 2050 रुपये तक का टारगेट दिया है।