राहुल गांधी ने सीएम मोहन यादव को लिखी चिट्ठी मध्य प्रदेश में एक बार फिर ओबीसी आरक्षण का मुद्दा गर्मा गया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को चिट्ठी लिखकर राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और इसके तहत रुकी हुई नियुक्तियों का रास्ता साफ करने की मांग की है.राहुल गांधी ने चिट्ठी में कहा कि छात्रों ने बताया कि नियुक्तियों में लंबे समय से हो रही देरी के कारण वे अपने भविष्य को लेकर परेशान हैं. इन युवाओं ने परीक्षाएं पास कर ली हैं और चयन प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है लेकिन 87:13 फॉर्मूले के कारण OBC आरक्षण से जुड़े 13 प्रतिशत पदों को होल्ड पर रखा गया है. इसके चलते चयनित अभ्यर्थी 2022 से अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं. गणेश पंडाल में अश्लील डांस-वीडियो वायरल जबलपुर के गौर क्षेत्र में गणेश प्रतिमा के सामने अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। बुधवार को हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने एएसपी कार्यालय पहुंचकर वीडियो सौंपा और संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने वीडियो गौर चौकी प्रभारी को भेजकर जांच के निर्देश दिए हैं। यूपीआई डे 25% लेनदेन कम हुआ मध्य प्रदेश में UPI भुगतान पर प्रस्तावित 0.4% MDR के विरोध में व्यापारियों ने 23 सितंबर को ‘नो UPI डे’ मनाया। भोपाल इंदौर जबलपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में व्यापारियों ने 2 हजार रुपए से ज्यादा के UPI भुगतान लेने से इनकार किया। उज्जैन समेत कुछ शहरों में विरोध का खास असर नहीं दिखा। व्यापारी संगठनों के मोटे अनुमान के मुताबिक नो UPI डे पर एमपी में करीब 25 फीसदी कारोबार प्रभावित हुआ। शिवपुरी में सड़क पर दिखा ढाई फीट का मगरमच्छ शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में बुधवार को परशुराम चौराहे के पास सड़क पर करीब ढाई फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। सड़क पर पानी भरा होने के बीच मगरमच्छ को देखकर राहगीर रुक गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। बाद में लोगों ने उसे पकड़कर जाधव सागर तालाब में छोड़ दिया। बताया गया कि मगरमच्छ सड़क पर भरे पानी के बीच पहुंच गया था। कुछ लोगों ने लाठियों की मदद से उसे पकड़ने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ को काबू किया गया। इसके बाद उसे बोरी में रखकर जाधव सागर तालाब में छोड़ दिया गया। 60 वर्ष बाद ग्रहों के विशेष संयोग में श्राद्ध पक्ष 26 सितंबर से श्राद्ध पक्ष की शुरुआत होगी। उज्जैन में सिद्धवट रामघाट और शिप्रा नदी के अन्य घाटों पर देशभर से श्रद्धालु पितरों के तर्पण और पिंडदान के लिए पहुंचेंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार करीब 60 साल बाद विशेष ग्रह संयोग बन रहा है। उनका कहना है कि 1966 के बाद 2026 में सूर्य चंद्र मंगल बुध गुरु और शनि की विशेष स्थिति की पुनरावृत्ति हो रही है। इसी के चलते इस बार का 16 दिन का श्राद्ध पक्ष धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष माना जा रहा है। इस बार श्राद्ध पक्ष की शुरुआत शनिवार से होगी और समापन भी शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या पर होगा। इस दौरान बुधादित्य योग के साथ केंद्र-त्रिकोण और एकादश से जुड़े योग बनने की बात भी ज्योतिषीय गणना में कही गई है। MP के 10 जिलों में आज तेज बरसात होगी विदाई से पहले मध्य प्रदेश में तेज बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय हो गया है। 25-26 सितंबर को ज्यादा असर रहेगा। इस दिन पूर्वी हिस्से के अधिकांश जिलों में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। गुरुवार को 10 जिलों में तेज बारिश का अनुमान है। प्रदेश में अब तक औसत 34.3 इंच बारिश हो चुकी है जो कोटे की 91.9 प्रतिशत है। मौसम केंद्र (IMD) के अनुसार- बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ अवदाब अब महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम के रूप में उभर रहा है। अगले 24 घंटे के बाद इसके स्ट्रॉन्ग होने की संभावना है।