नोरा फतेही पर एविएशन कंपनी का मानहानि केस बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही के खिलाफ एक एविएशन कंपनी ने 3 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। ड्यून्स एविएशन ने गांधीनगर कोर्ट में केस दाखिल करते हुए आरोप लगाया कि नोरा ने चार्टर्ड प्लेन की यात्रा के बाद सोशल मीडिया पर विमान को ‘छोटा’ ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ बताया जिससे कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। कंपनी ने नोरा से सार्वजनिक सफाई मांगने के साथ सोशल मीडिया से संबंधित कंटेंट हटाने की मांग की है। मामले की सुनवाई 25 सितंबर को होगी। रणबीर को राम के रूप में स्वीकार नहीं कर सकता: शिव सागर रामानंद सागर के पोते और प्रोड्यूसर-डायरेक्टर शिव सागर ने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में लेने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ‘एनिमल’ फिल्म में रणबीर के किरदार के बाद उन्हें रणबीर को राम के रूप में स्वीकार करने में दिक्कत हो रही है। शिव सागर ने कहा कि राम के किरदार के लिए किसी नए चेहरे को लिया जाना चाहिए था। हालांकि उन्होंने फिल्म की बाकी कास्टिंग को पसंद करने की बात कही है। PM मोदी से ‘डू योर जॉब’ कहने वाली रिया अहीर बिग बॉस-20 से बाहर NEET छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन के सामने खड़े होकर चर्चा में आईं रिया अहीर अब बिग बॉस-20 को लेकर सुर्खियों में हैं। रिया ने प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘डू योर जॉब’ कहकर सवाल उठाया था। हालांकि बाद में उन्होंने मोदी के काम की तारीफ करते हुए उनमें काफी पोटेंशियल होने की बात कही। रिया का कहना है कि वह किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ी नहीं हैं। वहीं बिग बॉस-20 में जनता ने उन्हें लव गिल के मुकाबले नहीं चुना और वह करीब दो मिनट बाद ही शो से बाहर हो गईं। ‘प्रलय’ के सेट से रणवीर सिंह का नया लुक वायरल रणवीर सिंह की अगली फिल्म ‘प्रलय’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई है। मुंबई में फिल्म की शूटिंग के दौरान रणवीर का नया लुक सामने आया है। तस्वीरों और वीडियो में रणवीर लंबे बालों में नजर आ रहे हैं और उनकी पीठ पर एक बच्चा भी दिखाई दे रहा है। लुक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस इसकी तुलना ‘धुरंधर’ के उनके किरदार जसकीरत से करने लगे हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ कल्याणी प्रियदर्शन भी नजर आएंगी। दिलजीत ने फैन की टी-शर्ट से हटवाया अपना नाम पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का इटली के मिलान कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में दिलजीत एक विदेशी फैन की टी-शर्ट पर लिखे ‘इक ओंकार’ के साथ अपना नाम देखकर उसे रोकते नजर आए। उन्होंने फैन को समझाया कि ‘इक ओंकार’ सिख धर्म का बेहद पवित्र शब्द है और इसके साथ उनका नाम नहीं लिखा जाना चाहिए। फैन ने स्टेज पर हाथ जोड़कर माफी मांगी। इसके बाद दिलजीत ने दर्शकों से भी फैन को माफ करने की अपील की।