CM केंद्रीय मंत्री खट्टर आज दिखाएंगे मेट्रो को हरी झंडी इंदौर में मेट्रो का सफर अब 17.5 किमी तक बढ़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज (5 सितंबर को) विजय नगर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे विस्तारित सेवा का शुभारंभ करेंगे। 6 सितंबर से गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा (रेडिसन होटल चौराहा) तक आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू होगी। इस कॉरिडोर पर यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो मिलेगी और रोज 80 से ज्यादा फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। दोनों छोरों से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे और आखिरी ट्रेन शाम 7 बजे रवाना होगी। न्यायिक अधिकारियों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ी सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों की रिटायरमेंट उम्र 60 से बढ़ाकर 62 साल करने का आदेश दिया है। यह आदेश मध्यप्रदेश समेत सात राज्यों में लागू होगा। राज्यों को जल्द से जल्द संभव हो तो दो महीने के भीतर सेवा नियमों में बदलाव करना होगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि नियमों में बदलाव होने तक 60 साल की उम्र पूरी करने वाला कोई न्यायिक अधिकारी रिटायर नहीं होगा। हालांकि इसके लिए संबंधित हाई कोर्ट की ओर से अधिकारी को सेवा के लिए उपयुक्त पाया जाना जरूरी होगा। आदेश का लाभ पहले रिटायर हो चुके न्यायिक अधिकारियों को भी मिलेगा। उज्जैन में आधी रात श्रीकृष्ण जन्म के साथ फूटी मटकी उज्जैन में जन्माष्टमी के मौके पर शहर में उत्साह का माहौल रहा। शहीद पार्क पर कृष्णा ग्रुप ने लगातार 17वें साल मटकी फोड़ कार्यक्रम रखा। इसमें कई युवा और शहरवासी शामिल हुए। शाम 7 बजे से भजन संध्या शुरू हुई। रात करीब 11 बजे युवाओं के ग्रुप शहीद पार्क पहुंचने लगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मटकी फोड़ कार्यक्रम शुरू हो गया। मटकी फोड़ने के लिए अजय ग्रुप बाउंसर की टीम ने कोशिश की और मटकी फोड़कर इनाम जीता। मटकी फूटते ही युवाओं में उत्साह भर गया और वे नाचने लगे। कार्यक्रम के दौरान बारिश के बाद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। ग्वारीघाट में पेट्रोलिंग के दौरान डूबी होमगार्ड की मोटर वोट जबलपुर के ग्वारीघाट में बरगी बांध के गेट खुलने के बाद उफनाई नर्मदा में पेट्रोलिंग के दौरान होमगार्ड की मोटर वोट इंजन बंद होने से डूब गई। नाव की क्षमता आठ लोगों की थी जबकि उसमें करीब 15 जवान सवार थे। सभी जवान लाइफ जैकेट पहने थे और स्थानीय नाविकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। वोट के चालक नीरज कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है। शिवपुरी में छात्राओं के सामने साइकिल स्टंट शिवपुरी जिले के खनियाधाना कस्बे में छात्राओं के सामने साइकिल से स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद खनियाधाना पुलिस ने कार्रवाई की। युवक की पहचान कर उसे हिरासत में लिया और फिर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया