जबलपुर। व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में टी-सीरीज़ टैंकों के ओवरहॉल की नई सामरिक सुविधा की आधारशिला रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा रखी गई। इस गरिमामयी समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रक्षा उत्पादन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं सैन्य प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड की इस इकाई में प्रतिवर्ष 80 टी-सीरीज़ टैंकों के ओवरहॉल की क्षमता विकसित की जाएगी जिससे देश में कुल सालाना ओवरहॉल क्षमता बढ़कर 230 टैंक हो जाएगी।इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक संयंत्र मशीनरी टेस्ट ट्रैक और खमरिया रेंज में प्रूफ बट जैसी सुविधाएं तैयार की जाएंगी। इस परियोजना से जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र के एमएसएमई उद्योगों और स्थानीय सप्लाई चेन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा जिससे नए रोजगार और विनिर्माण के अवसर पैदा होंगे। भारतीय सेना की परिचालन जरूरतों को पूरा करने और आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने की दिशा में यह कदम जबलपुर को देश के प्रमुख रक्षा उत्पादन हब के रूप में मजबूती से स्थापित करेगा। जबलपुर के ट्रांसपोर्ट नगर में पिछले तीन महीनों से सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है जिसके विरोध में नगर कांग्रेस कमेटी ने सैकड़ों स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और प्रशासन से मांग की कि ठप पड़े सड़क निर्माण को तत्काल शुरू कराया जाए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और पूर्व पार्षद जितिन राज ने बताया कि त्रिमूर्ति नगर मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली इस सड़क पर लगभग 100 दिन पहले काम शुरू किया गया था लेकिन ठेकेदार और प्रशासन की लापरवाही के कारण महज एक छोटा सा टुकड़ा बनाकर काम बंद कर दिया गया।इस अधूरी सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों की वजह से आसपास की करीब 20 से 25 कॉलोनियों के हजारों लोगों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मार्ग पर 3-4 फीट गहरे गड्ढे गिट्टी और कीचड़ फैलने के कारण आए दिन ई-रिक्शा ऑटो और स्कूली बच्चों की गाड़ियां पलटने से हादसे हो रहे हैं साथ ही दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अगले 5 से 7 दिनों के भीतर निर्माण कार्य दोबारा चालू नहीं कराया गया तो वे सांकेतिक विरोध छोड़ मौके पर ही टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन धरना और आमरण अनशन शुरू करेंगे। जबलपुर: शहर की संस्कृति परंपरा और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संस्कार सेवा उत्सव समिति आगामी दिनों में तीन प्रमुख भव्य आयोजनों का आयोजन करने जा रही है। समिति के अध्यक्ष डॉ. सुधांशु गुप्ता विवेक दुबे श्री सदानी सौरभ जैन सहित वरिष्ठ सदस्यों की मौजूदगी में कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की गई। आयोजनों की श्रृंखला में पहला कार्यक्रम 30 अगस्त को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक दद्दा परिसर मदन महल में निमाई पाठशाला के रूप में आयोजित होगा जिसमें रेणुका गोस्वामी जी की विशेष उपस्थिति में बच्चों को संस्कार और भारतीय मूल्यों से जोड़ा जाएगा। इसके बाद 6 सितंबर को रात्रि 9 बजे से मालवीय चौक पर भव्य मटकी फोड़ उत्सव का आयोजन होगा। वहीं गणेश उत्सव के पावन अवसर पर 14 सितंबर को मालवीय चौक पर ही संस्कारधानी के महाराजा के प्रथम दर्शन का भव्य कार्यक्रम संपन्न होगा। समिति ने सभी शहरवासियों से इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।