जबलपुर: पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे विलादत के पावन पर्व ईद-मिलादुन्नबी पर आज शहर में अकीदत और उत्साह का माहौल रहा जिसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले गए। नया मोहल्ला हुसैन चौक से दोपहर 2.30 बजे मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी की कयादत में जुलूस शुरू हुआ जो अंजुमन स्कूल महाताल पहुंचकर संपन्न हुआ जहां मुफ्ती-ए-आजम ने समाज को संबोधित किया। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच सहित तमाम संगठनों के सहयोग और शहरवासियों की भारी मौजूदगी के बीच यह पर्व पूरी शान शांति और अदब के साथ संपन्न हुआ। जबलपुर: सिंधी कैंप स्थित चौथ वाला राधा कृष्ण मंदिर निवासी 66 वर्षीय वरिया गोटिया की बीमारी के चलते जिला अस्पताल विक्टोरिया में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के पति हरन्दर गोटिया की आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय थी कि वे पत्नी का अंतिम संस्कार करने में भी असमर्थ थे। इस बात की जानकारी जब जिला अस्पताल की कैजुअल्टी से गरीब नवाज कमेटी के सदस्यों को मिली तो वे तुरंत मदद के लिए आगे आए। कमेटी ने न केवल अंतिम संस्कार की पूरी व्यवस्था की बल्कि करिया पथरा मुक्ति धाम में पति हरन्दर गोटिया के हाथों ही उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार संपन्न कराया। कमेटी के इस सराहनीय कदम से एक जरूरतमंद परिवार को इस मुश्किल वक्त में बड़ी राहत मिली। जबलपुर: लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के सिविल लाइन स्थित निवास पर रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंची बहनों ने मंत्री राकेश सिंह की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें शुभकामनाएं दीं जिसके बदले मंत्री ने सभी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्यौहार नहीं बल्कि भाई-बहन के अटूट स्नेह विश्वास और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक है। यह पर्व हमें समाज में बहनों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। आत्मीयता और उत्साह से भरे इस वातावरण में मंत्री राकेश सिंह ने उपस्थित सभी बहनों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए उनके सुख समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जबलपुर: सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं को चूना लगाने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को विदिशा और जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह युवाओं को सरकारी विभागों में पक्की नौकरी का झांसा देकर प्रति अभ्यर्थी 3 से 5 लाख रुपये ऐंठता था। युवाओं का विश्वास जीतने के लिए आरोपी बाकायदा फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार करके थमा देते थे। जब पीड़ित जॉइनिंग के लिए संबंधित विभाग पहुंचे तब इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी गिरजेश सिंह राजपूत और राखी बंसल उर्फ राखी वंशकार को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ कर रही है जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और नए खुलासे होने की उम्मीद है। सी एस पी राजेश्वरी कौरव ने बताया कि पनागर थाने में पीड़ित महिला द्वारा दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई गई थी जिस पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। छानबीन और पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक को धर दबोचा जिसकी पहचान हनुमानताल निवासी आजाद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सवारी छोड़कर लौट रहा था तभी उसे रास्ते में महिला मिली। आरोपी ने महिला को ग्वारीघाट छोड़ने का झांसा देकर अपने ऑटो में बैठाया और फिर सुनसान हाईवे पर ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी आजाद को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।