युवती की हत्या का खुलासा : प्रेमी ही निकला हत्यारा आरोपी गिरफ्तार यात्री बस में की गई किराया वृद्धि का विरोध पकड़ रहा तूल विद्यार्थी व नौकरीपेशा परेशान चार साल से टूटी पुलिया ग्रामीणों ने पानी में खड़े होकर किया जल सत्याग्रह वारासिवनी थाना पुलिस ने डोंगरगांव पुलिया के पास नहर में मिले 23 वर्षीय युवती के शव की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मृतका की पहचान ग्राम खमरिया निवासी खुशबू डहरवाल के रूप में हुई थी। जांच में ग्राम सरंडी निवासी 25 वर्षीय संतोष ठाकरे पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी और खुशबू के बीच प्रेम संबंध थे। बाद में संतोष ने दूसरी महिला से शादी कर ली थी। खुशबू ने उसके खिलाफ सिवनी महिला थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोपी उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहा था लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इसी विवाद में आरोपी ने ब्लेड से उसका गला काटकर हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने 12 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिले में बस किराये में हुई दोगुनी बढ़ोतरी का असर विद्यार्थियों निजी क्षेत्र में कम वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों पर पड़ रहा है। 13 अगस्त को बब्बर सेना के नेतृत्व में कॉलेज विद्यार्थियों और युवाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल और मध्यप्रदेश शासन के परिवहन विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने नियमित बस यात्रियों खासकर छात्रों और निजी नौकरीपेशा लोगों को किराये में राहत देने की मांग की। उनका कहना है कि बस एसोसिएशन ने 7 अगस्त की रात से प्रदेशभर में बसें बंद करने की चेतावनी दी थी जिसके बाद किराया दोगुना किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए 13 अगस्त को बालाघाट में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी और जिला प्रशासन के संयुक्त आयोजन में यात्रा हनुमान चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए उत्कृष्ट स्कूल पहुंची। इसमें छात्र-छात्राओं सामाजिक संगठनों नागरिकों और अधिकारियों ने उत्साह से भाग लिया। देशभक्ति गीतों के बीच भारत माता के जयकारे लगाए गए और हर घर तिरंगा-घर-घर तिरंगा का संदेश दिया गया। हनुमान चौक पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी हुआ। जिले के दक्षिण बैहर क्षेत्र में बीमारी से मौतों को लेकर विधायक संजय उइके ने बड़ा दावा किया है। कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बोंदारी कोंडेकसा मातला मछुरदा कोरका गठिया तेंदूडीह चिखली खैरटोला और कोडबीरकोना गांवों में मलेरिया से अब तक 19 बच्चों की मौत हुई है। विधायक ने मृतकों के गांववार आंकड़े भी प्रस्तुत किए। उनका कहना है कि इन गांवों को पहले हाईरिस्क मलेरिया जोन की कैटेगरी-3 में रखा गया था लेकिन बाद में कैटेगरी बदलने से ग्रामीणों को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विभिन्न मौसमी बीमारियों समेत मलेरिया से अब तक 8 बच्चों की मौत हुई है। 13 अगस्त तक 117 बच्चे भर्ती हुए जिनमें 97 स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। हट्टा क्षेत्र के ग्राम गढ़दा के पंवारीटोला में चार साल से टूटी पुलिया के कारण ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान बढ़ी समस्या को लेकर ग्रामीणों और युवाओं ने गुरुवार को बब्बर सेना के प्रतिनिधि हितेश माहुले के नेतृत्व में टूटी पुलिया के पानी में खड़े होकर जल सत्याग्रह किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक मार्ग और पुलिया निर्माण की मांग की। सूचना पर विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया। अधिकारियों ने एक सप्ताह में पंवारीटोला तथा गढ़दा-बुढेना मार्ग पर वैकल्पिक रास्ता बनाने का आश्वासन दिया। हितेश माहुले ने कहा कि ग्रामीण प्रशासन को 10 दिन का समय दे रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।