1. अगस्त से लागू हुए 5 बड़े बदलाव 1 अगस्त 2026 से आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की सेवाओं से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन 200 रुपए तक की कटौती की है। रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग के लिए नया टोकन सिस्टम लागू किया है जबकि CKYC 2.0 का अपग्रेडेड सिस्टम भी आज से प्रभावी हो गया है। वहीं 3 से 5 अगस्त के बीच होने वाली रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक में ब्याज दरों पर फैसला लिया जाएगा जिसका असर होम और वाहन लोन की ईएमआई पर पड़ सकता है। 2. त्योहारों से पहले महंगे होंगे रोजमर्रा के सामान फेस्टिव सीजन से पहले आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लग सकता है। हिंदुस्तान यूनिलीवर एशियन पेंट्स डोडला डेयरी सहित कई बड़ी कंपनियां टूथपेस्ट डिटर्जेंट डिशवॉश बार पेंट और अन्य जरूरी उत्पादों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी में हैं। कंपनियों का कहना है कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण कच्चे माल की लागत बढ़ी है जिससे उत्पादन खर्च में इजाफा हुआ है। ऐसे में आने वाले महीनों में घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। 3. E20 फ्यूल पर आम आदमी पार्टी का नेशनल टाउनहॉल आज E20 फ्यूल को लेकर बढ़ते विवाद के बीच आम आदमी पार्टी आज नेशनल टाउनहॉल आयोजित करेगी। पार्टी का कहना है कि इसमें विशेषज्ञों वाहन मालिकों और प्रभावित लोगों को एक मंच पर लाकर इस नीति पर चर्चा की जाएगी। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि E20 फ्यूल से गाड़ियों में खराबी आ रही है और माइलेज भी कम हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस नीति पर पुनर्विचार करने और जल्द समाधान निकालने की मांग की है। 4. क्लॉड AI ने टेस्टिंग के दौरान तीन कंपनियों के सिस्टम में लगाई सेंध आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई है। टेस्टिंग के दौरान क्लॉड AI मॉडल ने सिस्टम की मिसकॉन्फिगरेशन का फायदा उठाते हुए तीन कंपनियों के डिजिटल सिस्टम में सेंध लगा दी। कंपनी के अनुसार गलती से मॉडल को लाइव इंटरनेट एक्सेस मिल गया था जिसके बाद उसने वास्तविक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच बना ली। घटना के बाद सुरक्षा खामियों को दूर करने और सिस्टम को सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 5. सोना-चांदी फिर हुए सस्ते इस हफ्ते बड़ी गिरावट सर्राफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 31 जुलाई को 24 कैरेट सोना 524 रुपए घटकर 10 ग्राम के लिए 1 लाख 42 हजार 860 रुपए पर पहुंच गया। वहीं चांदी 370 रुपए सस्ती होकर 2 लाख 18 हजार 295 रुपए प्रति किलो पर आ गई। पूरे सप्ताह में सोना 921 रुपए और चांदी 4 हजार 426 रुपए तक सस्ती हुई है जिससे खरीदारी की योजना बना रहे ग्राहकों को राहत मिली है।