जबलपुर: ग्वारीघाट स्थित मां नर्मदा के पावन तट पर एक युवक-युवती द्वारा कथित तौर पर अश्लील हरकत किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिससे स्थानीय लोगों में धार्मिक भावनाएं आहत होने को लेकर आक्रोश है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। एडिशनल एसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि ग्वारीघाट थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे युवक और युवती की पहचान कर ली है। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को सूचित कर थाने बुलाया और उन्हें दोबारा ऐसी हरकत न करने की सख्त समझाइश दी है। जबलपुर: कटंगी थाना अंतर्गत बेलखाडू चौकी क्षेत्र में रिंग रोड झगरा के पास शुक्रवार सुबह खाद से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी के मुताबिक ट्रक आगरा से खाद लेकर रायपुर जा रहा था तभी सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को साइड देने के चक्कर में चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित हैं जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही बेलखाडू चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कुछ समय के लिए प्रभावित हुए यातायात को क्रेन की मदद से रास्ता साफ कराकर सामान्य कराया। जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत हनुमान नगर में 27 मई को कुएं में तैरती मिली 75 वर्षीय वृद्धा पुष्पा शर्मा की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त टीम ने जब संदेह के आधार पर मृतिका के बेटे के दोस्त गोपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि महिला को अकेला पाकर वह चोरी की नीयत से घर में घुसा था लेकिन पहचान लिए जाने के डर से उसने वृद्धा को जमीन पर पटका और पानी की घघरिया से सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने महिला के सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल लूट ली और शव को छुपाने के लिए कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए जेवरात भटकाने के लिए खरीदे गए नकली गहने और घटना के वक्त पहने खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। जबलपुर: गोहलपुर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अमखेरा क्षेत्र में हुई 15 लाख की बड़ी चोरी का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर थाना प्रभारी रीतेश पांडेय के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में इब्राहिम अंसारी और मोहम्मद इजहार को हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 28 मई को उन्होंने एक सूने मकान की छत के रास्ते घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी के सोने के जेवर उन्होंने अपने साथियों असगर अंसारी और यासीन अंसारी के जरिए बजाज गोल्ड लोन शाखा रद्दी चौकी में गिरवी रख दिए थे जबकि चांदी के जेवर मदार टेकरी कब्रिस्तान में छिपाए थे। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 15 लाख कीमती सोने-चांदी के संपूर्ण जेवरात और वारदात में प्रयुक्त होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। जबलपुर: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की जबलपुर टीम ने सागर रेल खंड में पदस्थ रेलवे के सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला को 1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने एक ठेकेदार से उसकी कार्य पूर्णता के बाद जमा सुरक्षा राशि जारी करने के एवज में इस रकम की मांग की थी। ठेकेदार की शिकायत पर सीबीआई ने जाल बिछाया और गुरुवार देर रात सागर के एक होटल में जैसे ही रिश्वत की राशि ली गई टीम ने आरोपी को दबोच लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद सीबीआई टीम आरोपी को जबलपुर लेकर आई और विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी है। जबलपुर । नगर निगम में टैक्स समायोजन के नाम पर हुए कथित करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच के लिए एक विशेष समिति गठित की जाएगी जो 10 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। दोषियों पर एफआईआर के लिए पुलिस को पत्र भी लिखा जाएगा। यह घोषणा महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के अध्यक्ष डॉ. पी.जी. नाजपांडे सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के बाद की। संगठनों ने आरोप लगाया कि संपत्ति कर और जलकर की बकाया राशि का नियम विरुद्ध समायोजन कर निगम को भारी नुकसान पहुँचाया गया है। इसके साथ ही महापौर ने बताया कि गोहलपुर पुलिया चौड़ीकरण का कार्य अगले सप्ताह से शुरू होगा। नई डिजाइन के कारण इसकी परियोजना लागत में करीब 71 लाख रुपये की वृद्धि हुई है जिसकी प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है।