मप्र से बाहर जाएंगे चीते मप्र में पुनर्वासित अफ्रीकी चीते गुजरात के जंगलों की नई पहचान बनने जा रहे हैं। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) और चीता प्रोजेक्ट स्टीयरिंग कमेटी ने कूनो नेशनल पार्क से दो नर और दो मादा चीतों को गुजरात के कच्छ स्थित बन्नी ग्रासलैंड में शिफ्ट करने की मंजूरी दे दी है। अफ्रीका से भारत लाए जाने के बाद यह पहला मौका होगा जब चीतों की अंतरराज्यीय शिफ्टिंग की जाएगी। पहले कूनो और गांधीसागर के बाद चीतों को मध्य प्रदेश के ही नौरादेही (वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व)में बसाने की तैयारी थी। लेकिन अब नौरादेही से पहले इन्हें कच्छ भेजा जा रहा है। कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया दक्षिण अफ्रीका और बोत्सवाना से लाए गए चीतों को पहले भारतीय वातावरण के अनुरूप तैयार किया गया। अब इन्हीं चीतों को दूसरे राज्य में पुनर्वासित कर चीता प्रोजेक्ट का दायरा बढ़ाया जा रहा है। अफसर बोले अगस्त-सितंबर तक शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। मप्र में अभी 53 चीते हैं। इनमें से 50 कूनो तो 3 गांधीसागर में हैं। नौरादेही को चीतों के तीसरे घर के लिए पूरी तैयारी भी थी। पीएम मोदी पर शिवराज सिंह ने लिखी किताब विमोचन आज मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने 35 साल के करीबी अनुभवों को किताब के रूप में पेश किया है। उन्होंने ‘अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ नाम से पुस्तक लिखी है जिसका विमोचन आज 26 मई को दिल्ली के पूसा स्थित NASC कॉम्प्लेक्स में सुबह 10:30 बजे होगा। इस पुस्तक का विमोचन पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा करेंगे। समारोह में मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश उत्तराखंड और राजस्थान समेत करीब एक दर्जन राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होने की संभावना है। एनडीए के सभी सांसदों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा कांग्रेस सांसद शशि थरूर सहित अन्य दलों के नेताओं को भी न्योता भेजा गया है। चंबल सेंक्चुरी में अवैध रेत खनन केस पर फैसला आज चंबल सेंक्चुरी में अवैध रेत खनन के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट फैसला सुनाएगा। बीते 20 मई को सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना आदेश रिजर्व कर लिया था। आज 26 मई को कोर्ट अपना फैसला सुनाएगा। इस फैसले पर मध्य प्रदेश समेत पूरे क्षेत्र की नजर टिकी हुई है। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही है। 20 मई को राजस्थान के पांच और मध्य प्रदेश के परिवहन सचिव मनीष सिंह व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश हुए थे। कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुन लीं और फैसला सुरक्षित रख लिया। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने चंबल में हो रहे अवैध रेत खनन मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए चिंता व्यक्त की थी। ट्विशा डेथ केस- CDR-CCTV फुटेज सुरक्षित रखने पर आज सुनवाई एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर भोपाल जिला कोर्ट में अलग-अलग आवेदन दायर किए गए हैं। सीबीआई ने सोमवार रात गिरिबाला और समर्थ पर एफआईआर दर्ज की। एफआईआर में दहेज में रुपयों की डिमांड होने की बात मानी गई है। जानकारी के अनुसार ट्विशा के परिवार की ओर से वकील अंकुर पांडे ने सीडीआर सुरक्षित रखने के लिए आवेदन दिया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर गिरिबाला सिंह की ओर से भी अदालत में आवेदन दिया गया है। दोनों आवेदनों पर मंगलवार (26 मई) को सुनवाई होगी। सोमवार को मामले की सुनवाई तय थी लेकिन भोपाल पुलिस अदालत में रिपोर्ट पेश नहीं कर सकी। रिपोर्ट नहीं आने पर कोर्ट ने सुनवाई आगे बढ़ा दी। कोर्ट ने पुलिस को जरूरी दस्तावेज और रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय दिया है। एमपी में 45 शहर हीटवेव की चपेट में अबकी बार नौतपा की शुरुआत आंधी-बारिश के साथ हुई है। पहले दिन भोपाल उमरिया-दमोह समेत 15 से ज्यादा जिलों में भीषण गर्मी और बारिश वाला मौसम रहा। IMD (मौसम केंद्र) की मानें तो 28 मई को प्री-मानसून की दस्तक के संकेत हैं। इस दिन उत्तरी और दक्षणी 14 जिलों में पानी गिरने का अलर्ट है। इससे पहले मंगलवार को निवाड़ी टीकमगढ़ छतरपुर पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट है। अभी छतरपुर के दो शहर-खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म बने हुए हैं। यहां पारा लगातार 45 डिग्री के पार बना हुआ है। भोपाल-ग्वालियर समेत कुल 45 जिले हीटवेव की चपेट में रहेंगे। इंदौर नर्मदापुरम में भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।