CM बोले- धार के भोजशाला में बनेगा सरस्वती लोक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को धार पहुंचे। उन्होंने ऐतिहासिक भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन-पूजन किए। यहां सरस्वती लोक और भोज शोध संस्थान बनाने की ऐलान किया। उन्होंने भोजशाला आंदोलन में शहीद हुए तीन बलिदानियों लक्ष्मण सिंह पंचघाटी बनसिंह अमझेरा अंतर सिंह के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। भोज शोध संस्थान बनाने का ऐलान भी किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि “साढ़े सात सौ साल के संघर्ष के बाद भोजशाला को लेकर जो निर्णय आया है उसके लिए धारवासी बधाई के पात्र हैं।” उन्होंने ‘जय जय सियाराम’ के उद्घोष के साथ भाषण की शुरुआत की और कहा कि गंगा दशहरा पर उन्हें भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन का सौभाग्य मिला। ईद की छुट्टी अब 28 मई को ईद उल जुहा (बकरीद) की सरकारी छुट्टी अब 27 की बजाय 28 मई को रहेगी। राज्य शासन ने सोमवार शाम को इसके आदेश जारी कर दिए। इसके मुताबिक 27 मई को सभी सरकारी दफ्तर और बैंक खुले रहेंगे लेकिन 28 मई को बंद रहेंगे।सामान्य प्रशासन विभाग ने यह आदेश जारी किए। बता दें कि पहले बैंकों की भी 27 मई को ही छुट्टी थी। इसके चलते यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्य प्रदेश ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की थी कि बैंकों का हॉली-डे 28 मई को ही रखा जाए। हर जिले में 500 ओपिनियन मेकर्स तक पहुंचेगी भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 26 मई को 12 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके पर मध्य प्रदेश भाजपा 12 साल विश्वास के विकास के जन कल्याण के अभियान शुरू करने जा रही है। बीजेपी के इस विशेष प्लान के तहत 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) से 21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) तक पूरे प्रदेश में कार्यक्रम होंगे।इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा विशेष जनसंपर्क होगा जिसमें प्रत्येक जिले में समाज के कम से कम 500 प्रबुद्ध व्यक्तियों (ओपिनियन मेकर्स) से सीधा संपर्क साधा जाएगा। सांसद अपनी लोकसभा की हर विधानसभा में और विधायक अपने क्षेत्र के हर मंडल में एक-एक दिन का समय बिताएंगे। इस दौरान वे मोदी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड जनता के बीच रखेंगे। ग्वालियर सागर पन्ना धार रीवा कलेक्टर जाएंगे ट्रेनिंग लेने ब्राह्मणों की बेटियों को लेकर विवादित बयान देने वाले आईएएस अधिकारी संतोष कुमार वर्मा को मसूरी में प्रशासन चलाने और सुशासन की ट्रेनिंग दी जाएगी। विवादित बयान देने के बाद सामाजिक विरोध झेल रहे इस अधिकारी को पांच माह से अधिक समय से सरकार ने बिना काम के बैठा रखा है। मसूरी में सुशासन और बदलते दौर व बदलती तकनीक के साथ कदमताल करते हुए सुशासन की ट्रेनिंग के लिए 46 आईएएस अफसर भी जाएंगे। समाज बोला- जैन संतों की हत्या हुई रीवा में 3 साध्वियों को कार से कुचलने के खिलाफ जैन समाज में आक्रोश है। मध्य प्रदेश समेत देश के कई शहरों में प्रदर्शन किया। मौन जुलूस और रैलियां निकालीं। संत सुरक्षा प्रोटोकॉल और संत सुरक्षा नीति लागू करने राष्ट्रपति प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जैन समाज के लोगों ने कहा- जैन संतों की हत्या की गई है। यह घटना केवल दो संतों की हत्या नहीं बल्कि जैन धर्म के मूल सिद्धांत ‘अहिंसा’ पर सीधा हमला है। वहीं डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल जैन धर्मशाला पहुंचे। उन्होंने कहा कि CCTV वीडियो देखकर साफ लग रहा है कि कार चढ़ाई गई है। एक्ट्रेस ट्विशा केस- रिटायर्ड जज सास को हाईकोर्ट का नोटिस एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने आरोपी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस राज्य सरकार और ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की उस याचिका पर जारी हुआ जिसमें ट्रायल कोर्ट से मिली गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत का विरोध किया गया है। साइकिल से दफ्तर पहुंचे भोपाल जिपं उपाध्यक्ष भोपाल जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट सोमवार को साइकिल से दफ्तर पहुंचे। उन्होंने बैरसिया रोड स्थित अपने गांव कनेरा से जिला पंचायत ऑफिस तक करीब 35 किलोमीटर की दूरी ढाई घंटे में पूरी की। कहा कि सप्ताह में अब एक बार साइकिल से जरूर जिला पंचायत आऊंगा। इससे ईंधन तो बचेगा ही सेहत भी ठीक रहेगी। नौतपा का असर MP के 44 जिलों में हीटवेव मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत के साथ भीषण गर्मी का असर दिखने लगा है। प्रदेश के 44 जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है जबकि 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल और दमोह में हल्की बूंदाबांदी हुई लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। मैहर में तेज गर्मी के कारण उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान और बढ़ने की आशंका जताई है।