पेट्रोल-डीजल फिर महंगा जनता पर बढ़ा बोझ करीब दो साल बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। 15 मई से पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 3-3 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल 97 रुपए 77 पैसे प्रति लीटर और डीजल 90 रुपए 67 पैसे प्रति लीटर में मिलेगा। वहीं CNG की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। दिल्ली में अब एक किलो CNG के लिए 79 रुपए 9 पैसे चुकाने होंगे। तेल कंपनियों का कहना है कि उन्हें अब भी प्रति लीटर 25 से 30 रुपए तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। शेयर बाजार में तेजी सेंसेक्स 75700 के पार शेयर बाजार में आज मजबूती देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 300 अंक चढ़कर 75 हजार 700 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी में भी करीब 100 अंकों की तेजी रही और यह 23 हजार 800 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में खरीदारी का माहौल बना हुआ है और निवेशकों का भरोसा मजबूत नजर आ रहा है। थोक महंगाई 42 महीने के उच्च स्तर पर देश में महंगाई ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। अप्रैल महीने में थोक महंगाई दर यानी WPI बढ़कर 8.30 प्रतिशत पहुंच गई है जो पिछले 42 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। मार्च में यह दर 3.88 प्रतिशत थी। कॉमर्स मिनिस्ट्री के मुताबिक ईरान में जारी तनाव और वैश्विक हालात का असर कीमतों पर देखने को मिला है। गौतम अडाणी को अमेरिका से मिल सकती है राहत अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी को अमेरिका से बड़ी राहत मिलने की खबर सामने आई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी न्याय विभाग उनके खिलाफ चल रहे करीब 265 मिलियन डॉलर के रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी मामले को वापस लेने की तैयारी कर रहा है। हालांकि इस पर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यूरोपीय संघ ने भारतीय समुद्री उत्पादों को दी बड़ी राहत भारत के समुद्री उत्पादों के निर्यात को लेकर अच्छी खबर आई है। यूरोपीय संघ ने अपनी नई संशोधित सूची में भारत का नाम शामिल कर लिया है। इससे भारतीय समुद्री उत्पादों का निर्यात बिना किसी रुकावट के जारी रह सकेगा। सरकार के प्रयासों के बाद भारत ने यूरोपीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी है जिससे व्यापारियों और मछुआरों को बड़ा फायदा होगा। चीन खरीदेगा 200 बोइंग जेट ट्रंप का बड़ा दावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि चीन अमेरिका की कंपनी बोइंग से 200 जेट विमान खरीदने पर सहमत हो गया है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने यह जानकारी दी। करीब एक दशक बाद ऐसा मौका आया है जब चीन अमेरिका निर्मित वाणिज्यिक जेट खरीदने जा रहा है। हालांकि इस डील की पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। खबर सामने आने के बाद बोइंग के शेयरों में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।