बंगाल में जीत के बाद प्रदेश के स्तर पर पहली कैबिनेट में कल्याणकारी योजनाओं पर फैसला लिया जएगा। इसका संकेत खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दे चुके हैं लेकिन उससे पहले केंद्रीय कैबिनेट ने एक फैसला लिया है जोकि पूरे राष्ट्र के साथ बंगाल की भावनाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को अब राष्ट्रगान जन-गण-मन के समान दर्जा प्राप्त होगा। राष्ट्रगान के अपमान की तरह राष्ट्रगीत के अपमान पर भी अब सजा या जुर्माना हो सकता है। इस विषय पर बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा भारत सरकार ने इस विषय पर सभी को अपनी गाइडलाइंस जारी कर दी है और अब इस विषय को सभी ने अपनाना है। मुख्यमंत्री ने देश की राजनीतिक पार्टियों पर इशारा करते हुए कहा जो लोग भूल गए थे उनको भी इसे अपनाना पड़ेगा। उत्तराखंड में लोकायुक्त गठन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। देहरादून में आज राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी यानी RRP के कार्यकर्ताओं ने सरकार को अपना चुनावी वादा याद दिलाने के लिए अनोखा प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए बादाम भेजकर तंज कसा कि शायद इससे सरकार की याददाश्त तेज हो जाए। नेहरू कॉलोनी स्थित फवारा चौक से सैकड़ों कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर बढ़े। हालांकि पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक दिया। आगे बढ़ने की अनुमति न मिलने पर कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पार्टी का आरोप है कि साल 2017 में भाजपा ने 100 दिनों के भीतर लोकायुक्त बनाने का वादा किया था लेकिन 9 साल बीत जाने और दो बार सरकार बनने के बाद भी यह वादा अधूरा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार के माध्यम से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के लिए बादाम का गिफ्ट हैंपर भेजा। RRP के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए लोकायुक्त बेहद जरूरी है और यदि जल्द ही इसका गठन नहीं हुआ तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में उग्र रूप लेगा। केदारनाथ धाम जहां इस वक्त देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे है वहीं धाम की सुरक्षा व्यवस्था पर उस वक्त बड़े सवाल खड़े हो गए जब एक संदिग्ध युवक के पास से बंदूक मिलने की खबर सामने आई। पुलिस इसे सघन चेकिंग अभियान की कामयाबी बता रही है और बरामद बंदूक को खिलौना कह रही है लेकिन स्थानीय सूत्रों की मानें तो मामला पुलिस की कहानी से काफी अलग है। बताया जा रहा है कि रायबरेली निवासी युवक दर्शन के लिए धाम पहुंचा था। इसी दौरान एक टेंट संचालक को उसके सामान पर शक हुआ कपड़े में लिपटी वस्तु को देखने पर मामला संदिग्ध लगा और तुरंत पुलिस व LIU को सूचना दी गई। देखते ही देखते इलाके में हलचल मच गई लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी सुरक्षा और चेकिंग के दावों के बीच संदिग्ध युवक धाम तक पहुंचा कैसे? चंपावत की कथित घटना को लेकर उत्तराखंड की राजनीति लगातार गरमाई हुई है। भाजपा ने कांग्रेस पर मामले का राजनीतिकरण करने और बिना तथ्यों के माहौल बनाने का आरोप लगाया है। देहरादून में भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जिनसे कथित घटना पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की कॉल ट्रेसिंग मेडिकल रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच में वैसी बातें सामने नहीं आईं जैसी शुरुआत में बताई गई थीं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मामलों को हवा देने का काम कर रही है और भाजपा नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। रुड़की के चंद्रशेखर चौक पर आज चंपावत कांड को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब पुलिस ने पुतला दहन रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक और छीना-झपटी देखने को मिली। काफी देर तक चौक पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सीओ स्तर की जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया तो अब उसे झूठा क्यों बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में लगातार लोकतंत्र की हत्या हो रही है और महिला उत्पीड़न के मामलों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आना बेहद गंभीर विषय है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड हॉस्पिटल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्री केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह अस्पताल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तरकाशी के द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज में चिकित्सा एवं विधिक जागरूकता / साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के बच्चों तथा क्षेत्र की जनता ने भाग लिया शिवरी के मुख्य अतिथि के रूप में जिला जज एम एम सुल्तान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की तथा मुख्य अतिथि के रूप में प्रति भाग किया तथा बच्चों ने सरस्वती वंदना के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव सचिन कुमार( सिविल जज) ने लोगों को विधिक सेवा प्राधिकरण के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी ।