Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
13-Mar-2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के प्रश्नकाल में गौवंशीय पशुओं की संख्या और दुग्ध उत्पादन की स्थिति को लेकर सवाल उठे। इस पर कृषि पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि 2019 की 20वीं पशु गणना के अनुसार राज्य में 99.84 लाख गौवंशीय पशु हैं। मंत्री ने कहा कि प्रदेश अभी दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं है। 2024-25 में प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता 194 ग्राम प्रतिदिन है जबकि राष्ट्रीय मानक 300 ग्राम प्रतिदिन है।उन्होंने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के तहत राज्य में 1585 संस्थाएं और 800 प्रशिक्षित निजी कार्यकर्ता कार्यरत हैं। वर्ष 2023-26 के दौरान 16.93 लाख कृत्रिम गर्भाधान किए गए जिन पर 1071.55 लाख रुपये खर्च हुए। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। शिक्षक और छात्रों के अनुपात को लेकर कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाकर सरकार से जवाब मांगा। जवाब में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार ने नई शिक्षा नीति को लागू नहीं किया था जबकि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इसे लागू करने की दिशा में काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि नीति के अनुसार 20 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक का अनुपात होना चाहिए जबकि छत्तीसगढ़ में फिलहाल 19 छात्रों पर एक शिक्षक उपलब्ध है।मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया गया है और कई क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए आसपास के स्कूलों को एक ही परिसर में मर्ज किया गया है। उनका दावा है कि प्रदेश में अब कोई भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। वहीं कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंत्री ने खुद स्वीकार किया है कि शिक्षा नीति के अनुसार शिक्षक-छात्र अनुपात का पूरी तरह पालन नहीं हो रहा है और प्रदेश में नई शिक्षा नीति का सही क्रियान्वयन अभी भी नहीं हो पा रहा है। छत्तीसगढ़ में गौधाम योजना का शुभारंभ कल किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि इस योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। इसका शुभारंभ बिलासपुर जिले के तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के लाखासर गांव से किया जाएगा।उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रदेश के सभी विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से 10-10 गौधाम बनाए जाएंगे। राज्य सरकार पूरे प्रदेश में कुल 1460 गौधाम स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।अब तक 36 गौधामों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इनके निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गौधाम योजना के जरिए गौवंश के संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और संसाधनों के विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। विधानसभा में अधिकारियों की कथित अनुपस्थिति को लेकर विपक्ष के बहिर्गमन पर मंत्री केदार कश्यप ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सदन में अधिकारी मौजूद थे जिनमें राजस्व विभाग और उच्च शिक्षा विभाग की कमिश्नर भी शामिल थीं लेकिन विपक्ष ने जबरदस्ती मुद्दा बनाने की कोशिश की।कश्यप ने कहा कि विपक्ष का जनता से कोई वास्ता नहीं है उनका सरोकार केवल अधिकारियों से है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में ही अफसरशाही हावी थी जबकि भाजपा सरकार आम जनता के हितों की रक्षा करने वाली सरकार है।वहीं गौधाम योजना को लेकर मंत्री ने बताया कि योजना का शुभारंभ आज दोपहर 3 बजे किया जाएगा। यह योजना पशुपालन विभाग के माध्यम से लागू की जा रही है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप इसे प्रथम चरण में शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो संकल्प लिया है उसे पूरा किया जाएगा और गोपलन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को और मजबूत बनाया जाएगा।