नवा रायपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने विद्यार्थियों से संवाद कर अंतरिक्ष से जुड़े अनुभव साझा किए जिसे लेकर छात्रों में खासा उत्साह दिखा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह केंद्र प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए अंतरिक्ष विज्ञान में नए अवसर और प्रेरणा का माध्यम बनेगा। छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और नशे के अवैध कारोबार को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। समता कॉलोनी में युवक की निर्मम हत्या और शहर में शराब गांजा ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री पर चिंता जताई गई। पूर्व विधायक और कांग्रेस पदाधिकारियों की मौजूदगी में सौंपे गए ज्ञापन में शहर को सुरक्षित करने की मांग की गई। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि नशे का कारोबार फल-फूल रहा है और पुलिस प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है जिससे अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिल गई है। इस पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कवासी लखमा जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक हैं को अंततः न्याय मिला है। उन्होंने इसे सत्य की जीत बताते हुए कहा कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं। सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर एक वरिष्ठ आदिवासी नेता को राजनीतिक विद्वेष के चलते कथित शराब घोटाले में फंसाया और महीनों तक जेल में रखा। प्रदेश में शराब की कीमत बढ़ाए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने शराबबंदी का वादा किया था लेकिन सत्ता में आते ही शराब दुकानों की संख्या बढ़ा दी और अब कीमतें भी बढ़ाई जा रही हैं। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और सरकार आम जनता को नशे में डुबो रही है।उन्होंने सवाल उठाया कि डबल इंजन की सरकार होते हुए भी ड्रग्स और गांजा प्रदेश में कहां से आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा में भी भाजपा की सरकार है फिर भी नशे पर नियंत्रण नहीं है और भाजपा छत्तीसगढ़ को ‘उड़ता छत्तीसगढ़’ बना रही है। धान खरीदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को 75 दिन तक धान खरीदी करनी थी लेकिन 60 दिन में ही खरीदी बंद कर दी गई जिससे लाखों किसान धान बेचने से वंचित रह गए। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि हजारों किसानों को टोकन नहीं मिला और जिनको मिला उन पर आधा धान बेचने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने सरगुजा बस्तर कांकेर सहित कई जिलों का दौरा कर किसानों से मुलाकात की जहां किसान धान बेचने को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे जबकि मुख्यमंत्री नौका विहार में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने ऋण लिया था उनका भी धान नहीं खरीदा गया। सवाल उठाते हुए कहा कि अब सरकार रिणी किसानों से ऋण वसूली कैसे करेगी। भूपेश बघेल ने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ पूरी तरह फेल हो गई है और इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र भी लिखा है।