धमतरी में कांग्रेस महापौर प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर ने नामांकन रद्द किया और इस मामले को कोर्ट में ले जाएंगे।वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा अपनी विफलता का ठीकरा भाजपा पर फोड़ देती है। धान खरीदी का अंतिम दिन आज है। धान खरीदी को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो किसान टोकन नहीं काट पाए थे उन्हें अतिरिक्त समय दिया गया है।साव ने कहा कि सभी किसानों की धान खरीदी सुनिश्चित की जाएगी और उत्साह के साथ किसानों ने अपना धान बेचा है। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना की राशि जल्द किसानों के खातों में डाली जाएगी। इसके अलावा सभी किसानों को बची हुई राशि का भुगतान शीघ्र किया जाएगा जब पूरी प्रक्रिया और कैलकुलेशन हो जाएगा।