जिले में किसानों से खरीदी गई धान के लिए 6 परिवहनकर्ताओं से अनुबंध हुआ है। धान के परिवहन के लिए नागरिक आपूर्ति निगम ने आदेश भी जारी कर दिए हैं। लेकिन अभी तक धान का परिवहन प्रारंभ नहीं हो पाया है। जिसके चलते खरीदी केंद्रों में ही धान का भंडारण किया जा रहा है। गुरुवार तक जिले में 32330 किसानों ने अपनी उपज बेची है। शेष किसानों से धान खरीदी का कार्य जारी है। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिए 130810 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। जिसमें से अभी तक 84424 किसानों ने अपना स्लॉट बुक करा चुके हैं। वहीं 32330 किसानों ने अपनी उपज बेची है। इन किसानों से अभी तक 15 लाख 73 हजार 518 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। धान खरीदी का कार्य अभी भी जारी है। जिले के तिरोड़ी तहसील के खैरलांजी गांव में बाघ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बुधवार की रात्रि करीब 8 बजे बाघ ने गांव में प्रवेश कर लिया। ग्रामीण दयाराम मर्सकोले के घर में घुसकर बछड़े को घायल कर दिया। घटना के वक्त पूरा परिवार भोजन कर रहा था। जब परिजनों को पालतु मवेशियों का शोर सुनाई दिया तब इसकी जानकारी उन्हें लगी। उन्होंने बाघ को बछड़े पर हमला करते हुए देखा। इस दौरान उन्होंने जमकर शोर-शराबा किया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सिलारी वन रक्षक को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचा। वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। गुजरी बाजार की अनाज दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में बालाघाट निवासी रेहान खान (20) और अब्दुल कादिर खान (20) शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से ₹13920 नगद और सीसीटीवी डीवीआर बरामद किया है।15 दिसंबर की रात हुई इस चोरी की शिकायत दुकान मालिक विजय विधावी और नितेश नेमा ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने धारा 331(4) और 506 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना के बाद आरोपियों को पकड़ा। लालबर्रा पुलिस ने ग्राम साल्हे में जुआ फड पर छापा मारकर दो जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से नगद राशि दो बाइक और दो मोबाइल जब्त किए गए। गिरफ्तार जुआरियों में आकाश तुमन्न (कुम्हारी मोहल्ला लालबर्रा) और इमरान कुरैशी (अमोली लालबर्रा) शामिल हैं।मौके से मोंटी खान और मौसीन खान फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में भर्ती 49 वर्षीय मरीज हरिशचंद्र मरकाम (गंगोत्री केवलारी निवासी) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव जय स्तंभ चौक के पास मिला।मृतक को बुधवार सुबह 11 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन वह दोपहर 12:30 बजे अस्पताल से कहीं चला गया। गुरुवार सुबह पान दुकान संचालिका सरिता बंशकार ने शव देखा और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। देश के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद भवन में बाबा साहब आंबेडकर पर की गई टिप्पणी का बौद्ध संघ ने विरोध जताया। गुरुवार को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने का मामला दर्ज करने की मांग की गई है। संगठन ने इसे बाबा साहब के सम्मान पर चोट बताया और इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।