MP में लाठीचार्ज में 6 माह के बच्चे की मौत शिवपुरी में मंगलवार दोपहर करैरा-भितरवार रोड पर सड़क निर्माण के दौरान विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते वहां पथराव और लाठीचार्ज जैसी स्थिति निर्मित हो गई। पथराव में SI राघवेंद्र यादव को सिर में चोट आई है, वे बेहोश हो गए। वहीं, दूसरी ओर पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों का कहना है कि लाठी लगने से 6 महीने के बच्चे की मौत हो गई है। विवाद के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। बस में चलेंगी महिला कंडक्टर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और महिलाओं के लिए सुरक्षा का वातावरण बनाने के लिए ग्वालियर स्मार्ट सिटी कंपनी ने एक नई पहल की है। ग्वालियर स्मार्ट सिटी की बसों में अब महिला कंडक्टर चलेंगी, जिससे किसी महिला सवारी के साथ छेड़छाड़ जैसी कोई अप्रिय घटना नहीं हो पाए। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को महिला कंडक्टर्स का सम्मान कर इस सेवा का शुभारम्भ किया। हमीदिया मैनेजमेंट की बड़ी लापरवाही कमला नेहरू चिकित्सालय में सोमवार की रात हुई आगजनी में हमीदिया अस्पताल मैनेजमेंट की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नगर निगम का फायर ब्रिगेड विभाग के लगातार नोटिस के बाद भी मैनेजमेंट ने फायर सिस्टम सुधारने की जरूरत तक नहीं समझी। पिछले एक साल में करीब 4 से 5 बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन मैनेजमेंट ने ध्यान नहीं दिया। अब हर बुधवार को मेगा टीकाकरण दिवस देश में कोरोना टीकाकरण की रणनीति में बदलाव किया गया है। प्रदेश में 100 फीसदी वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल करने के लिए अब दिसंबर तक हर बुधवार को प्रदेश में मेगा टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। राष्ट्रपति ने सुमित्रा महाजन को दिया पद्म भूषण सम्मान इंदौर की ताई और आठ बार सांसद रह चुकी पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। दिल्ली में मिले इस सम्मान के बाद आम इंदौर वासियों को ताई के प्रति सम्मान और बढ़ गया है। खाद के लिए किसानों का रतजगा इस समय दमोह में खाद की मारामारी चल रही है। बोवनी का समय है और किसान खाद के लिए परेशान हैं। स्टाफ होने के बावजूद कुप्रबंधन के कारण किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है। खाद के लिए किसान लंबी कतारों में कई दिनों से लगे हुए हैं। इतना ही नहीं राजनीतिक प्रभाव वाले लोग बिना टोकन के ही दर्जनों बोरी खाद ले जा रहे हैं। वहीं किसान दो बोरी खाद के लिए परेशान हैं।