Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
20-Oct-2020

1 उपचुनाव के दौरान प्रदेश कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की भूमिका बदलने की तैयारी कर ली है. चुनाव में अब दिग्विजय सिंह नई भूमिका में नजर आएंगे. कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग से जुड़े मामलों को लेकर दिग्विजय सिंह को नई जिम्मेदारी दी है. यानी कि अब आयोग से जुड़े मसलों पर दिग्विजय सिंह का फोकस रहेगा. इसमें खासतौर पर विरोधी दलों को आयोग के माध्यम से घेरने की तैयारी की जाएगी, ताकि विरोधियों पर दबाव बनाया जा सके. 2 बिहार विधानसभा और मप्र की 28 सीटों पर होने जा रहे मतदान के पहले प्रत्याशियों के चुनाव खर्च की सीमा 2 लाख रु. बढ़ने की घोषणा हो सकती है। चुनाव आयोग ने चुनाव खर्च सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव कानून मंत्रालय को भेजा है। माना जा रहा है कि 3 नवंबर को वोटिंग के पहले प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है। अभी विधानसभा प्रत्याशी 28 लाख रु. खर्च कर सकते हैं, जो आगे 30 लाख रु. हो सकते हैं। कोरोना काल में प्रत्याशी भी अपनी सभाओं में मास्क, सैनिटाइजर आदि के इंतजामों पर खर्च कर रहे हैं। यह अतिरिक्त खर्च प्रत्याशी के खाते में ही जुड़ेगा। इसलिए राजनीतिक दल चाहते हैं कि चुनाव खर्च सीमा बढ़ाई जाए। उन्होंने इसे 40 लाख रु. तक करने की मांग की थी, लेकिन आयोग ने कानून मंत्रालय को 30 लाख रु. का ही प्रस्ताव भेजा है। 3 पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ का कहना है कि भाजपा की सरकार छलकपट की सरकार है। लोग चाहते हैं कि सरकार वोट से बने, न कि माफिया के नोट और सौदेबाजी से। मैं लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ रहा हूं। इमरती के मामले में कमलनाथ का कहना है कि भाजपा चुनाव को अलग रंग दे रही है। 4 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सोनिया गांधी को लिखे गए पत्र के जबाव में सोमवार शाम पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने कहा कि मैने अपने 40 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में सदैव महिलाओं का सम्मान किया है और हमेशा करूंगा, लेकिन महिलाओं के सम्मान का दिखावा कर आपकी तरह कुत्सित राजनीति कभी नहीं करूंगा। महिलाओं के संबंध में मैंने कभी भी अशोभनीय टिप्पणी नहीं की है जबकि आपकी पार्टी के कई नेता महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी के आदी हैं। 5 मंत्री इमरती देवी ने सोमवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि वे यही बता दें कि आइटम होता क्या है? वे एक हरिजन महिला की इज्जत करना तक नहीं जानते। अभी नौदेवी चल रही हैं। वो बंगाली आदमी हैं। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री बनने के लिए आए है। उस व्यक्ति को क्या कहा जाए। वो मुख्यमंत्री के पद से हट गओ तो पागल हो गओ। वो सरकार तो क्या, एक विधायक तक नहीं जिता सकते। कमलनाथ और अजय सिंह राहुल भैया पर एफआईआर या हरिजन एक्ट दर्ज नहीं हुआ तो अपनी जान दे दूंगी। मैं कार्रवाई के लिए धरने पर बैठूंगी। 6 जहरीली शराब कांड में गिरफ्तार आरोपियों के साथ अन्य पुलिसकर्मियों का मेलजोल सामने आया है। कॉल डिटेल समेत अन्य सबूत मिलते ही खाराकुआं थाने के एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को सोमवार शाम निलंबित कर दिया। आरोपियों के साथ संलिप्त महाकाल थाना के आरक्षक सुदेश खोड़े के खिलाफ भी खाराकुआं पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कार्रवाई का पता चलते ही आरक्षक फरार हो गया। आईजी राकेश गुप्ता ने कहा अन्य पुलिसकर्मियों की काल डिटेल की जांच कराई जा रही है। नगर निगम के बर्खास्त कर्मचारी सिंकदर, गब्बर व युनूस समेत खाराकुआं थाने के आरक्षक नवाज शरीफ और अनवर शेख के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी कृत्य में लिप्त पाए गए। 7 महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश को ऑक्सीजन की सप्लाई जारी रहेगी। महाराष्ट्र सरकार के उस आदेश पर हाई कोर्ट की रोक जारी रहेगी जिसमें सप्लाई बंद किए जाने की बात कही गई थी। सोमवार को यह मामला हाई कोर्ट में सुनवाई के लिए लगा था। एमवाय अस्पताल प्रशासन ने इस आदेश को चुनौती दी थी। ऑक्सीजन सप्लाई करने वाले ठेकेदार ने इस मामले में जवाब देने के लिए हाई कोर्ट से वक्त लिया है। इस वजह से कोर्ट दो सप्ताह बाद इस मामले को सुनेगी। कुछ समय पहले महाराष्ट्र ने अपने यहां के मरीजों को सप्लाई का हवाला देकर ऑक्सीजन देने पर रोक लगा दी थी। हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार के आदेश पर रोक लगा दी थी। 8 नवरात्रि में लगातार तीसरे साल मां चामुंडा के चरण पखारने के लिए चंबल नदी मंदिर परिसर तक आ गई। रविवार-सोमवार की रात हुई करीब 2 इंच बारिश से चंबल नदी का पानी बढ़ गया। इससे सोमवार सुबह चामुंडा माता मंदिर का परिसर डूब गया। इस कारण छोटी पुलिया पर सुबह से ही माता की प्रतीकात्मक प्रतिमा रखकर श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था की गई। पिछले वर्ष नवरात्रि के 8 दिन मंदिर में पानी भरा था। आखिरी दिन पानी मंदिर से उतरा था। पुजारी सोहन गुरु ने बताया रात 9 बजे से पानी धीरे-धीरे उतरने का क्रम शुरू हुआ है। 9 19 दिन से सितंबर की सैलरी का इंतजार कर रहे दो लाख प्राइमरी शिक्षकों को एक-दो दिन में वेतन मिलने के आसार बढ़ गए हैं। इसके लिए मंगलवार को बजट जारी हो सकता है। सोमवार सुबह से देर रात तक डीईओ ऑफिस से लेकर संचालनालय लोक शिक्षण एवं मंत्रालय में इसके लिए कवायद चलती रही। स्कूल शिक्षा विभाग से इसके बजट के बारे में प्रस्ताव भी भेजा गया है। प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों में पदस्थ दो कैडर के दो लाख शिक्षकों, 50 हजार सहायक शिक्षकध् प्रधानाध्यापक प्राथमिक शाला एवं 1.50 लाख प्राथमिक शिक्षकों को सितंबर का वेतन नहीं मिला है। इनका एक माह का वेतन करीब 950 करोड़ रुपए होता है। 10 हनी ट्रैप मामले की आरोपी श्वेता पति विजय जैन के यहां से जब्त इलेक्ट्रॉनिक्स दस्तावेज जिला व सत्र न्यायालय में पेश नहीं किया जाना एसआईटी को भारी पड़ गया। सोमवार को न्यायालय ने तत्कालीन एडीजी विपिन माहेश्वरी, एडीजी मिलिंद कानस्कर, डीआईजी रुचिवर्धन मिश्र, पलासिया थाने के निरीक्षक शशिकांत चौरसिया को कोर्ट की अवमानना किए जाने पर नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने लिखा है कि बार-बार नोटिस के बाद भी एसआईटी, पलासिया थाना रुचि नहीं ले रहा है। सोमवार को यह मामला विशेष न्यायालय में सुनवाई के लिए लगा था। 11 कोरोना काल में अपने बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मोबाइल फोन देना कुछ माता-पिता के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कई बच्चे पैरेंट से पढ़ाई करने के बहाने मोबाइल लेकर इंटरनेट पर न सिर्फ एडल्ट कंटेंट देख रहे हैं, बल्कि ऑनलाइन गेम खेलकर बुलिंग के शिकार भी हो रहे हैं। दरअसल, कई पैरेंट्स ने फोन करके चाइल्ड लाइन, माशिमं हेल्पलाइन व उमंग हेल्पलाइन में बच्चों द्वारा मोबाइल पर गलत साइट देखने की शिकायत की है। 12 आईआईटी इंदौर के प्रभारी निदेशक ने दावा किया है कि संस्थान में कोरोना की वैक्सीन बना ली गई है। सूडो वायरस, यानी कोरोना जैसे वायरस की मदद से तैयार इस वैक्सीन का नेशनल सेंटर फॉर सेल साइंस पुणे में क्लिनिकल ट्रायल शुरू हो गया है। जानवरों पर इसका प्रयोग किया जा रहा है। सब ठीक रहता है तो जल्द मनुष्यों पर भी प्रयोग किया जाएगा। तय नहीं है कि कब तक यह वैक्सीन उपलब्ध हो जाएगी। 13 सांवेर उपचुनाव में 250 से ज्यादा शिकायतें आयोग के पास पहुंच चुकी हैं। इनमें 95 फीसदी शिकायतें भाजपा और कांग्रेस की तरफ से की गई हैं। रोचक बात यह है कि दोनों ही दल मान रहे हैं कि सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार हो रहा, लेकिन इसके लिए वे खुद को नहीं, सामने वाले दल को जिम्मेदार मान रहे हैं। पांच फीसदी शिकायतें आमजन ने की है। इनमें मुख्य रूप से उनके घर, दुकान आदि संपत्ति पर किसी दल द्वारा चुनाव सामग्री लगा देने को लेकर है। 14 विजया दशमी 26 अक्टूबर को है। शहर में करीब 13 प्रमुख स्थानों पर रावण दहन होता है, लेकिन भेल दशहरा मैदान में इस बार रावण दहन नहीं होगा। गोविंदपुरा दशहरा महोत्सव समिति का कहना है कि ऐसे हालात में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना मुश्किल है। वहीं बिट्‌टन मार्केट में दशहरा उत्सव को लेकर बैठक में निर्णय होना बाकी है। इसके अलावा शहर में दशहरा उत्सव मनाया जाएगा, लेकिन छोटे रूप में।