1 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई कैबिनेट की बैठक में आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोड मैप पर चर्चा की गई। इसमें अर्थव्यवस्था एवं रोजगार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, सुशासन और अधोसंरचना विषय को लेकर मंत्री समूह की अनुशंसा प्रस्तुत की गई। इस दौरान बताया गया कि आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। 2 मध्य प्रदेश को मंगलवार को 11 हजार 427 करोड़ रुपए की 45 सड़क परियोजनाओं की सौगात मिली है। इसमें भोपाल में लालघाटी से मुबारकपुर तक 8 किमी सिक्स लेन का लोकार्पण किया गया। इसमें श्रृंगार चोली आरओबी भी शामिल है। इसमें 374 करोड़ रुपए की लागत आई है और ये नेशनल हाइवे 46 का हिस्सा है। इसके साथ भोपाल से सांची 54 किलोमीटर नेशनल हाइवे-146 टू लेन का लोकार्पण भी कर दिया गया। इसके निर्माण में 305 करोड़ रुपए का खर्च हुआ है। 3 राजधानी में संपदा संचालनालय ने 74 बंगले में स्थित पूर्व मंत्री लाखन सिंह का बंगला मंगलवार को सील कर दिया। कई बार नोटिस देने के बाद भी पूर्व मंत्री ने बंगला खाली नहीं किया तो आज संपदा विभाग ने सील करने की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान लाखन सिंह बंगले पर ही मौजूद थे। हालांकि, संपदा संचालनालय की टीम के अधिकारियों ने बताया कि बंगले में ताला लगा था, इसलिए हमने बंगला सील कर दिया है औार इसका नोटिस भी चस्पा कर दिया है। 4 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज अब नई सवारी करेंगे। वे जल्द ही नए 7 सीटर विमान बीच क्राफ्ट किंग एयर बी-250 जीटी में उड़ान भरेंगे। बता दें कि यह दुनियाभर के तमाम बड़े बिजनेसमैन की पहली पसंद मानी जाती है। सीएम शिवराज सिंह चौहान अपने तीसरे कार्यकाल में 100 करोड़ रुपए का जेट प्लेन खरीदने का निर्णय लिया था लेकिन बाद में कमलनाथ सरकार आने पर उन्होंने अपने इस फैसले को बदल दिया था। 5 होशंगाबाद के जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को प्रदेश के पहले बाल हितैषी न्यायालय (चाइल्ड फें्रडली कोर्ट) के नवनिर्मित भवन का ई-लोकार्पण जबलपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल ने किया। इस न्यायालय में अपराध पीडि़त बच्चों को दोस्ताना और पारिवारिक माहौल मिलेगा, ताकि वे बिना किसी डर के गवाही व बयान दे सकें। वे जिस कक्ष में गवाही या बयान देंगे, उसमें पीडि़त बच्चे को आरोपित नहीं देख सकेगा, लेकिन बच्चे उस आरोपित को देखकर पहचान कर सकेंगे। मंगलवार को जबलपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजय कुमार मित्तल ने बाल हितैषी न्यायालय का ई-लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह अच्छी पहल है। इस तरह के विभिन्न न्यायालयों का शुभारंभ मध्य प्रदेश में 15 जगह किया जा रहा है। 6 मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मी बढ़ती जा रही है। ग्वालियर में भाजपा के तीन दिन के मेगा सदस्यता अभियान के बाद मंगलवार को भाजपा के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया संघ मुख्यालय नागपुर पहुंचे। ये पहला मौका है जब भाजपा ज्वाइन करने बाद सिंधिया पहली बार संघ कार्यालय पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक सिंधिया सबसे पहले संघ के संस्थापक हेडगेवार के निवास स्थान पर गए। इसके बाद वे रेशमबाग स्थित हेडगेवार स्मृति मंदिर पहुंचे। हेडगेवार स्मृति मंदिर आरएसएस के सर संघ चालक डॉ. बलिराम केशव हेडगेवार और गुरु गोलवलकर का समाधि स्थल है। यहां आकर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक निवास स्थान नहीं बल्कि प्रेरणा स्थल है, यह स्थान देश सेवा के लिए ऊर्जा प्रदान करता है। यहां आकर इंसान को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। कहा जाता है कि नागपुर संघ के गढ़ में शीश झुकाए हुए बिना किसी भी नेता का भाजपा में आना पूरा नहीं होता। सिंधिया का नागपुर जाना और हेगड़ेवार समेत संघ के नेताओं की प्रशंसा करना इस बात का पुख्ता सबूत है कि उन्होंने भाजपा को मन मस्तिष्क में बिठाने का भरपूर प्रयास किया है। 7 कांग्रेस ग्वालियर में भाजपा सदस्यता अभियान में किए गए दावे की पोल खोलेगी। बुधवार को कांग्रेस के नेता ग्वालियर में जनता को हकीकत बताएंगे। वहीं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भाजपा के सदस्यता के दावे पर कहा कि भाजपा लिस्ट जारी करे किसको सदस्यता दिलाई। इनमें कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं है। भाजपा ने फर्जी सदस्यता अभियान चलाया है। पीसी शर्मा ने मांग की है कि भाजपा को सदस्यों की लिस्ट जारी करना चाहिए जिससे पता चल सके कि उसने किसको सदस्यता दिलाई। पीसी शर्मा ने दावा किया है कि इस सदस्यता अभियान में एक भी कांग्रेस का कार्यकर्ता शामिल नहीं हुआ है भाजपा ने अपने लोगों को ही फर्जी सदस्य बना दिया है। पीसी शर्मा ने आगे कहा कि जयभान सिंह पवैया के ट्वीट से साफ जाहिर है कि वह ट्वीट के जरिये भाजपा पर ही तंज कस रहे हैं। 8 मप्र में विधानसभा सत्र की तारीखों की घोषणा होते ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए भाजपा में मंथन शुरू हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन 22 सितंबर को होना है। अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा की दावेदारी सबसे प्रबल मानी जा रही है। इसके अलावा विंध्य से 3 नेताओं के नाम भी इस पद की दौड़ में है। वहीं मालवा और महाकौशल से एक-एक नाम चर्चा में है। 2 साल पहले तक विधानसभा अध्यक्ष का पद सत्ताधारी दल के पास और उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को देने की परंपरा रही थी। पर पिछली बार अध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन के चलते कांग्रेस ने दोनों पर अपने पास ही रखे थे, भाजपा भी इस बार ऐसा ही करने का मन बना रही है। माना जा रहा है कि इस बार वह भी उपाध्यक्ष का पद कांग्रेस को नहीं देगी। विधानसभा में वर्तमान में विधायकों की संख्या 203 है। इसमें भाजपा के पास 107 और कांग्रेस के पास 59 विधायक हैं। जाहिर है भाजपा का पलड़ा भारी है। 9 दिग्विजय सिंह के भाई और चाचौड़ा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने अपनी ही पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े किए हैं । उन्होंने बयान देते हुए कहा कि किसी एक व्यक्ति से पार्टी नहीं चलती । क्योंकि इससे विवाद होते हैं । उन्होंने कहा कि वह सारे सीनियर लीडर का सम्मान करते हैं । लेकिन ब्लॉक से लेकर ऊपर तक कार्य समिति का गठन होना चाहिए । 10 गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस की सीडब्ल्यूसी की बैठक को लेकर एक बार फिर तंज कसा । उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस की बैठक में हेड मास्टर खुद ही फर्स्ट आ गए । इसके अलावा उन्होंने मध्यप्रदेश में कोरोनावायरस के बढ़ते ग्राफ को लेकर कहा कि हम पहले से ही कह रहे हैं , कि जब तक वैक्सीन नहीं आता तब तक हमें कोरोनावायरस के साथ ही रहने की आदत डालनी होगी ।।।? 11 उपचुनाव से पहले भाजपा आम जनता को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा उपचुनाव से पहले बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बिजली का बिल माफ करने की तैयारी कर रही है। दरअसल, प्रदेश की 27 सीटों पर उपचुनाव होने हैं और भाजपा उपचुनाव को लेकर बड़ी तैयारी कर रही है। विधानसभा उपचुनाव के पहले शिवराज सरकार बिजली बिल माफ करने का दाव खेलने की तैयारी में है। इसके तहत सिंगल बत्ती, संबल योजना, किसान सहित अन्य चुनिंदा श्रेणियों को बिजली बिल की माफी का फायदा मिल पाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। दरअसल सीएम शिवराज सिंह चौहान ने दो महीने पहले सस्ती बिजली की घोषणा की थी। अब सरकार प्लान तैयार कर रही है। 12 उपचुनाव के नतीजे प्रदेश में सत्ता के समीकरणों पर असर डालेंगे। कांग्रेस यदि 27 में 10-12 सीटें जीत जाती है तो वह शिवराज सरकार के सामने वैसे ही हालात पैदा करने की कोशिश करेगी, जैसे कुछ महीने पहले कमलनाथ सरकार के सामने पैदा हुए थे। पार्टी के सूत्र स्वीकार करते हैं कि इसके लिए कमलनाथ निर्दलियों और कांग्रेसी पृष्ठभूमि वाले कुछ भाजपा विधायकों के साथ होमवर्क कर रहे हैं। ये बातें भाजपा नेतृत्व से भी छिपी नहीं होंगी, इसलिए पार्टी उपचुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने की रणनीति अख्तियार किए हुए है। ऐसे हालात में बसपा की भूमिका कई सीटों पर निर्णायक साबित हो सकती है। यह माया-जाल कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। उपचुनाव नतीजों और कमलनाथ की सत्ता में वापसी की ख्वाहिश का काफी कुछ दारोमदार इसी बात पर निर्भर करेगा कि कांग्रेस नेतृत्व बसपा फैक्टर से किस तरह पार पाता है। 13 कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर मची खींचतान पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती ने कहा कि गांधी नेहरू परिवार का अस्तित्व समाप्त हो गया है, उनका राजनीतिक वर्चस्व समाप्त हो गया है, कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो गया है। अब यह कौन पद पर रहते हैं नहीं रहते इसका महत्व खत्म हो गया है। उमा ने कहा कि इनकी नवाबी चली गई और रिक्शे तांगे चल रहे हैं। कांग्रेस को अब गांधी की ओर वापस लौटना चाहिए, कांग्रेस का पुराना व्यक्ति जो गांधीवादी सोच का हो ,वह उसका नेतृत्व करें। उमा भारती ने कांग्रेस को सुझाव दिया कि कांग्रेस अब असली गांधी, स्वदेशी गांधी की ओर वापस लौटे, जिसमें विदेशी और कोई एलिमेंट नहीं था, गांधी से मुक्ति पाओ स्वदेशी गांधी की ओर मु?ो। हमारा देश परिवारवाद की राजनीति से मुक्त हो। भारतीयों को अगर गर्व करना है तो, भारत की महिलाओं पर गर्व करें। 14 ग्वालियर में मंगलवार सुबह एक शिक्षक के घर पर लोकायुक्त ने छापामार कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त ने एक्शन लिया है। शिक्षक के घर से शहर में 3 मकान, 2 जमीन के दस्तावेज के अलावा जेवरात व चार पहिया वाहन भी मिले हैं। फिलहाल संपत्ति की गणना की जा रही है। शिक्षक व्यापमं मामले में जेल भी जा चुका है। थाटीपुर कुम्हारपुरा स्थित शिवनगर निवासी चन्द्रप्रकाश पाठक मूलतरू उटीला गांव के रहने वाला है। वह शिक्षक है और अभी गोहद भिंड में पदस्थ हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत लगातार लोकायुक्त विभाग के पास पहुंच रहीं थी। जिस पर मंगलवार सुबह 6 बजे लोकायुक्त के इंस्पेक्टर कविन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में शिक्षक के घर पहुंच गई। सुबह-सुबह लोकायुक्त के अफसरों को घर के सामने खड़ा देख शिक्षक चन्द्रप्रकाश व उनके स्वजन को पसीना आ गया। 15 देश के करोडों हिंदुओं की आस्था का प्रतीक उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में अब दर्शन के साथ भगवान महाकाल का अभिषेक करने के लिए पंचामृत और वाहन पार्किंग की भी अग्रिम बुकिंग होगी। इस नई सुविधाओं के लिए शुल्क भी लिया जाएगा। हालांकि शुल्क अभी तय नहीं हुआ है। अभी तक श्रद्धालु मंदिर के बाहर स्थिति दुकानों से पंचामृत लेते रहे हैं, मगर इसकी गुणवत्ता को लेकर शिकायतें आती रहती हैं, इसलिए पहली बार समिति पंचामृत उपलब्ध कराने जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही नई सुविधा शुरू कर दी जाएगी। मंदिर प्रशासक सुजानसिंह रावत ने बताया कि महाकाल मंदिर में इन दिनों सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक भक्तों को भगवान महाकाल के दर्शन कराए जा रहे हैं। दर्शन के लिए भक्त एप, वेबसाइट अथवा हेल्पलाइन नंबर पर अग्रिम बुकिंग करा रहे हैं। 16 ग्वालियर-चंबल में इन दिनों सियासी पारा जोरों पर है। उपचुनाव की आहट मिलते ही भाजपा ने तीन दिन का मेगा शो कर डाला। सियासी गुणा भाग भी लगा लिया, और मंच पर सिंधिया और पवैया ने गिलाशिकवा भी दूर कर लिया। ग्वालियर-चंबल अंचल में प्रभात झा और जयभान पवैया के प्रभाव को देखते हुए भाजपा ने इन दोनों नेताओं को प्रभावी भूमिका में खड़ा कर रही है, दोनों नेताओं पर चुनाव जिताने की जिम्मेदारी डाली जा रही है। कभी महल (यानी सिंधिया परिवार) के विरोध में बुलंद स्वर से सुर्खियों में रहने वाले प्रभात झा और जयभान सिंह पवैया को सक्रिय करने के निर्देश आरएसएस ने भाजपा को दिए हैं। 17 ग्वालियर में भाजपा के 3 दिन के सदस्यता अभियान को कांग्रेस ने विनाशकारी बताया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा विकास विरोधी है। उसके लिए व्यक्तिगत स्वार्थ सबसे ऊपर है। मंगलवार को इसके विरोध में कांग्रेसियों ने फूलबाग मैदान पर गंगाजल छिड़कने के बाद उसका शुद्धिकरण किया और ईश्वर से भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। 18 मध्यप्रदेश में अब नेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी को लेकर पॉलीटिक्स शुरू हो गई है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने इसको लेकर सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए हैं। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि केवल कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट कराया जाएगा। यह कोई चयन परीक्षा नहीं है, बल्कि केवल पात्रता परीक्षा है। ऐसी कई पात्रता परीक्षाओं के माध्यम से मध्यप्रदेश सरकार बेरोजगारों को 15 साल में ठग चुकी है। उन्हें नौकरियां नहीं मिलीं। यह व्यापमं से भी बड़ा बनने जा रहा है। 19 कुछ साल पहले तक बसपा उपचुनाव के नाम से बिदकती थी। पार्टी किसी भी उपचुनाव में उम्मीदवार नहीं उतारती थी, पर पिछले कुछ महीनों से काफी बदली-बदली दिख रही पार्टी ने मध्य प्रदेश में अक्टूबर में संभावित सभी 27 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में उम्मीदवार लड़ाने की घोषणा करके मुकाबले में एक नया कोण पैदा कर दिया है। बसपा पहले भी मध्य प्रदेश की चुनावी राजनीति में हिस्सा लेती रही है, यद्यपि उसने नतीजों से कभी चौंकाया नहीं। बहरहाल बुंदेलखंड और चंबल क्षेत्र में इक्का-दुक्का सीटें जीतकर, जबकि कई सीटों पर मुख्य मुकाबले में रहकर पार्टी यह जरूर साबित करती रही कि मध्य प्रदेश में उसके पास पैर रखने के लिए जमीन की कमी नहीं है। वह खुद चुनाव भले न जीत सके, पर हार-जीत के समीकरणों में उलटफेर करने की हैसियत रखती है। यह बात भी उल्लेखनीय है कि उपचुनाव की 27 में 16 सीटें ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की हैं, जहां सामाजिक-राजनीतिक कारणों से बसपा की जमीन अधिकतर अन्य अंचलों के मुकाबले मजबूत है। 20 भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि अगले चार-पांच दिनों में पूर्वी, उत्तरी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही विभाग ने बारिश को लेकर ओडिशा के लिए 26 अगस्त और छत्तीसगढ़ के लिए 27 अगस्त को रेड अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों में पूर्वी, मध्य और उत्तरी भारत में व्यापक बारिश हो सकती है।