जम्मू-कश्मीर के बारामूला स्थित सलोसा इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें राजगढ़ जिले के खुजनेर निवासी मनीष कारपेंटर कश्मीर में शहीद हो गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की है। जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ की ये घटना बारामुला के क्रीरी इलाके में स्थित सलोसा की है, जहां कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। ऐसे में आतंकियों ने सुरक्षाबलों गोलीबारी करना शुरू कर दिया, जिसके चलते सेना ने जवाबी कार्रवाई की। ग्वालियर में सदस्यता अभियान के तीसरे दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस में सत्य कहने वालों को गद्दार कहा जाता है। महाराज ने सत्य बोला तो उन्हें गद्दार बता दिया। जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया सबसे बड़े खुद्दार हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी जमकर हमला बोला। शिवराज ने कहा- कांग्रेस नेताओं ने पत्र लिखा कि पूर्णकालिक अध्यक्ष चाहिए, तो राहुल गांधी कहने लगे कि ये गद्दारी है। सत्य कहने वालों को कांग्रेस में गद्दार कहा जाता है। ऐसी पथभ्रष्ट कांग्रेस को कोई बचा नहीं सकता है। भाजपा ने दावा किया है कि ग्वालियर में आयोजित पार्टी के तीन दिवसीय सदस्यता अभियान में 60 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि अभी तक 60 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि जो लोग सदस्यता ले रहे हैं उनकी सभी जानकारी हमारे पास है। सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे हैं। दरअसल, आगामी दिनों में प्रदेश में 27 सीटों पर होने वाले उपचुनाव में 16 सीटें ग्वालियर-चंबल संभाग में हैं। इसलिए यहां सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। सीहोर। जिले में सोमवार दोपहर एक पिता के सामने उसकी तीन बेटियां और दो भतीजी पार्वती नदी में डूब गईं। पिता ने नदी में छलांग लगाई और बचाने की कोशिश की। उसने अपने भाई और साले की बेटियों को बाहर निकाल लिया, लेकिन उनमें से एक की ही जान बच पाई। मरने वाली लड़की की उम्र 17 साल और गायब होने वाली लड़कियां 10 से लेकर 17 साल के बीच की हैं। भोपाल से राहत और बचाव कार्य के लिए विशेष टीम पहुंची। देर शाम दो शवों को गोताखोरों की मदद से नदी से निकाल लिया गया। एक बच्ची का शव नहीं मिल पाया था। मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 1263 कोरोना के नए केस सामने आए। इसके साथ कोरोना पॉजिटिव की संख्या 5319 तक पहुंच गई। एक्टिव केस 11510 हो गए हैं, जबकि 40390 मरीज ठीक हो चुके हैं। बीते 24 घंटे में 23 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल मौतों का आंकड़ा 1229 तक पहुंच गया है। राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह 135 नए केस सामने आए। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 22770 लोगों को सैंपल लिए गए। इनमें से कुल 21507 निगेटिव आए, जबकि 173 सैंपल रिजेक्ट हो गए। कुल 5.5 प्रतिशत की दर से 1263 नए मरीज मिले। इसके बाद प्रदेश में कुल कंटेनमेंट एरिया 4234 हो गए हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में 31749 लोगों को वीडियो और ऑडियो के जरिए सलाह भी दी गई। मध्य प्रदेश विधानसभा के 21 सितंबर से शुरू होने वाले सत्र में सरकार आर्थिक सर्वेक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। इसके माध्यम से प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय, औद्योगिक व कृषि विकास दर के आंकड़े सामने रखे जाएंगे। इसके साथ ही वर्ष 2020-21 के लिए बजट अध्यादेश के स्थान पर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा विनियोग विधेयक प्रस्तुत करेंगे। सरकार नगरीय निकाय चुनाव व्यवस्था में परिवर्तन के लिए संशोधन विधेयक लाएगी। इसके माध्यम से प्रदेश में एक बार फिर मतदाता ही सीधे महापौर और अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। प्रदेश में कोरोना संकट और सत्ता परिवर्तन से जुड़ी गतिविधियों के कारण विधानसभा का बजट सत्र नहीं हो पाया था। मध्य प्रदेश में निजी क्षेत्र में काम कर रहे ऐसे 5 लाख कर्मचारी जो कोरोना संकट के चलते बेरोजगार हुए हैं उनके लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने ऐसे लोगों को डेढ़ महीने की सैलरी यानी 30 हजार रुपए राहत के रुप में देने का ऐलान किया है। जिसकी शुरुआत इसी माह में हो जाएगी। लेकिन हालांकि जिन कर्मचारी का वेतन 21 हजार रुपए से ज्यादा न रहा हो, उन लोगों को ही ये सैलरी दी जाएगी। मध्य प्रदेश में यह लाभ केंद्र की अटल स्कीम के तहत कर्मचारी राज्य बीमा निगम के जरिए दिलाया जाएगा। 30 साल से भिंड के देवरी गांव के लोगों को 500 मीटर सड़क का इंतजार है। अब तक आश्वासन खूब मिले, मगर सड़क नहीं बनी। अब यहां के लोगों ने उपचुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है। ग्रामीणों ने गांव के प्रवेश द्वार पर विस उपचुनाव में मतदान का बहिष्कार करने का संकल्प ले लिया है। मेहगांव तहसील मुख्यालय से तीन किमी दूरी पर स्थित देवरी गांव की आबादी करीब तीन हजार है। इस गांव में अभी तक विद्यालय नहीं है। गांव के बच्चे मेहगांव पढऩे के लिए जाते हैं। वहीं स्वास्थ्य सुविधा भी गांव स्तर पर उपलब्ध नहीं हो रही है। बिजली का आलम ये है कि मनमाने बिल भेज दिए जाते हैं, जबकि निर्वाध बिजली कभी मिली ही नहीं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को कई बार सड़क नहीं होने की समस्या से भी अवगत कराया गया, लेकिन वह भी नहीं बनाई जा सकी है। मप्र विधानसभा की रिक्त 27 सीटों के लिए होने वाले उपचुनावों को लेकर प्रदेश में राजनीतिक घमासान जारी है। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के ग्वालियर में शनिवार को हुए मेगा शो के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधा था। अब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सीएम शिवराज पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा की प्रदेश में सरकार सिंधिया के कारण ही बनी है। फिर भी भाजपा ने उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया, उनके साथ बड़ा धोखा किया गया है। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की तारीख का ऐलान होते ही भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नाम पर मंथन शुरू कर दिया है। विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन 22 सितंबर को होना है। अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा की दावेदारी सबसे प्रबल मानी जा रही है। इसके अलावा विंध्य से तीन नेताओं के नाम भी इस पद की दौड़ में हैं। वहीं मालवा और महाकौशल से एक एक नाम चर्चाओं में है। पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन भी दावेदारों में हैं। सूत्र बताते हैं कि महाकौशल या बघेलखंड से ही किसी को अध्यक्ष बनाया जाएगा। अभी मंत्रिमंडल में महाकौशल का प्रतिनिधित्व नहीं है। इसलिए इस क्षेत्र का पलड़ा भारी है। पिछले दिनों ग्वालियर में भाजपा के मेगा शो में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की नई खूबी का पता चला। उनकी अभिनय कला के न सिर्फ कार्यकर्ता बल्कि नेता भी चकित रह गए। दरअसल अपने भाषण के दौरान सिंधिया ने कमलनाथ और दिग्विजय की नकल उतारी। उनके इस अंदाज का मंच पर बैठे नेताओं ने खूब आनंद लिया। महाराज की इस अभिनय कला का लोग काफी देर तक आनंद लेते रहे। इसका वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में खूब प्रचारित हो रहा है। दो साल पहले संविलियन होने के बावजूद अध्यापकों की वरिष्ठता सूची अभी तक जारी नहीं हो सकी है। इस वजह से प्रदेश भर के हजारों की संख्या में अध्यापक परेशान है। 2018 में राजपत्र में प्रकाशित राज्य शिक्षा सेवा संवर्ग में इस बात का उल्लेख किया गया है कि प्राथमिक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक शिक्षकों की संयुक्त संचालक और उच्च माध्यमिक शिक्षकों की लोक शिक्षण संचालनालय को वरिष्ठता सूची जारी करनी थी। दो साल बीतने के बाद भी विभाग ने वरिष्ठता सूची जारी नहीं की है। इसके कारण न तो शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलेगा और न ही वरिष्ठता का लाभ मिल पा रहा है। प्रदेशभर के 2 लाख 37 हजार शिक्षकों को यह लाभ नहीं मिला है। इस कारण शिक्षक संगठनों में असंतोष व्याप्त है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए राज्य सरकार अब नया नियम लागू करेगी। पानी की बरबादी करते पाए जाने पर प्रत्येक बार 100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। तीन माह तक लगातार बिल नहीं चुकाने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्रामीण जल प्रदाय योजना क्रियान्वयन एवं प्रबंधन नियम बनाकर तैयार कर लिए हैं। सोमवार तक इसको लेकर आपत्ति या सुझाव मांगे गए हैं। यदि कोई आपत्ति या सुझाव आते हैं तो उनका निराकरण करके इन्हें लागू कर दिया जाएगा। इसमें पानी का अपव्यय रोकने के लिए प्रत्येक बार 100 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। सांवेर के बाद अगर उपचुनाव में किसी सीट की चर्चा है तो वो है बदनावर की सीट, जो पिछली बार कांग्रेस के खाते में चली गई थी। हालांकि इस सीट का इतिहास रहा है कि अगर कांग्रेस से सीधा मुकाबला होता है तो भाजपा की जीत होती है और त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा को यहां से हार का मुंह देखना पड़ता है। इस बार सभी समीकरण भाजपा के पक्ष में हैं। कांग्रेस से भाजपा में आए मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव की आदिवासी वोट बैंक में पैठ और बदनावर विधानसभा के प्रभारी कृष्णमुरारी मोघे का अनुभव संकेत दे रहा है कि इस बार यहां से भाजपा को प्रचंड जीत मिलेगी। कोरोना संक्रमणकाल में मनरेगा प्रवासी श्रमिकों के लिए वरदान साबित हुआ है। प्रदेश में गत वर्षों की अपेक्षा इन पांच माह में रिकार्ड काम हुआ है और लोगों को काम मिला है। इस दौरान लगभग सभी जिलों में मनरेगा के तहत खुब काम हुए हैं। लेकिन प्रदेश का डिंडौरी जिला ऐसा रहा है जिसमेें पिछले एक साल में सबसे अधिक काम हुआ है। डिंडौरी ने प्रदेश के सभी बड़े-छोटे जिलों को पछाड़कर ए ग्रेड का दर्जा पाया है। सरकारी जमीन और निजी जमीनों को हेराफेरी कर हड़पने वाले भू-माफिया पर अब लगाम कसने की तैयारी है। भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त विभाग पहली बार मिसिल बंदोबस्त को ऑनलाइन करने जा रहा है। मिसिल बंदोबस्त के आधार पर ही बेस रिकॉर्ड माना जाता है, जिसमें छेड़छाड़ और कांटछांट के कई मामले भी सामने आ चुके हैं। ऑनलाइन होने के बाद लैंड रिकॉर्ड के सॉफ्टवेयर से पूरा काम होगा और आमजन को सबसे बड़ी राहत होगी। देश में लोकसभा, विधानसभा चुनावों के लिए करीब 20 साल पहले बनी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के उपयोग की समयसीमा अब खत्म हो चुकी है इसलिए भारत निर्वाचन आयोग ने इनका उपयोग रोक दिया है। देशभर से इन्हें वापस भी मंगवाया जा रहा है। मॉडल-1 यानी एम-1 टाइप की इन ईवीएम को नष्ट किया जाएगा। एम-1 की जगह अब कई सुधारों के साथ एम-3 मशीन आ चुकी है। ऐसे में पुरानी ईवीएम का कोई उपयोग नहीं रह गया है। मध्य प्रदेश से 50 हजार से अधिक एम-1 ईवीएम मंगवाई गई हैं। श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रदेश के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण संबंल योजना के संचालन एवं क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए रोजगार पोर्टल पर सरल हिन्दी भाषा में यूजर मेन्युअल एवं डेमों को दर्शाया जाये। जिससे सामान्य व्यक्ति को भी पंजीयन कराने में कोई कठिनाई न हो। मंत्री सिंह ने कहा कि रोजगार सेतु पोर्टल की सुविधाओं को एप के माध्यम से प्राप्त करने के लिए एन.आई.सी के सहयोग से सरलीकृत माबईल एप का निर्माण भी किया जाये।