मंत्रियों के विभाग बंटवारे में हो रही देरी पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि में सारे विभागों का मंत्री हूं। सरकार सुचारू रूप से चल रही है। मंत्रिमंडल की कल बैठक होने वाली है, हर काम हो जाएगा। उन्होंने संकेत दिए गुरुवार को मंत्रियों को विभागों का बंटवारा हो सकता है। पहले मंत्रिमंडल बनाने में देरी, फिर विस्तार में देरी के बाद अब मंत्रियों के विभाग बांटने में देरी हो रही है। इस मुद्दे पर। कांग्रेस के निशाने पर बने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को अपनी चुप्पी तोड़ दी। विभागों के बंटवारे को लेकर सरकार के अंदर भारी रस्साकसी मची हुई है। सिंधिया गुट के मंत्री बड़े विभाग चाहते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार की शाम को कैबिनेट की बैठक बुलाई है, जिसमें बजट के साथ राजस्व से जुड़े कुछ विधेयकों, खास तौर पर साहूकारी अधिनियम आदि को मंजूरी दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने उमरिया में कांग्रेस नेता व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के ऊपर बड़ा हमला बोलते हुए कहा की असली टाइगर दिग्विजय सिंह है। उन्हें प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिरने का जिम्मेदार ठहराया है।बिसाहूलाल सिंह ने कहा कि असली टाइगर तो दिग्विजय सिंह हैं। उन्होंने कमल नाथ को अपना शिकार बना लिया। शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल में मंत्री बने बिसाहूलाल सिंह बुधवार को अल्प प्रवास पर उमरिया पंहुचे थे। उन्होंने सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं से मुलाकात की। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का फरमान इन दिनों राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बना है। उन्होंने 19 जून को भोपाल में जिन 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, वहां के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की थी।उन्होंने निर्देश दिए थे- जिस कार्यकर्ता पर यह शक हो कि वह चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया या भाजपा के साथ जा सकता है, ऐसे कार्यकर्ता से सिंधिया या भाजपा के विरोध में मीडिया में बयान जारी कराओ। बयान जिलाध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी हो। शक के दायरे में आ रहा कार्यकर्ता अगर बयान पर हस्ताक्षर नहीं करे या आनाकानी करे तो उसे तत्काल पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दो। कमलनाथ सरकार के साथ तो कभी शिवराज सरकार के पाले में जाने वाली बसपा विधायक रामबाई ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। पूर्व मंत्री के बेटे सिद्धार्थ मलैया के उनके खिलाफ मोर्चा खोलने पर रामबाई ने कहा है कि मैं पागलों की बातों पर ध्यान नहीं देती। रामबाई ने स्पष्ट कर दिया है कि जिसकी भी सरकार रहेगी वह उनके साथ रहेंगी। राज्य सरकार के प्रशासनिक मुख्यालय वल्लभ भवन में कार्यरत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मंगलवार को कोरोना से मृत्यु हो गई। 14 कर्मचारी यहां पहले से ही संक्रमित हैं। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान के निज सहायक हबीब खान कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। मंत्रालय के कर्मचारियों ने मंगलवार को अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विभाग विनोद कुमार और अपर मुख्य सचिव गृह एसएन मिश्रा को नोटिस सौंपकर वल्लभ भवन क्रमांक-2 की बिल्डिंग को कंटेनमेंट जोन घोषित कर बिल्डिंग को सील किए जाने की मांग की है। मांग न मानने पर 13 जुलाई से सामूहिक अवकाश लेकर मंत्रालय बंद करने की चेतावनी दी है। उत्तर प्रदेश के कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी विकास दुबे के तार मध्यप्रदेश से भी जुड़ गए हैं। कानपुर का फरार हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का कनेक्शन शहडोल से मिला है। उत्तरप्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने उसकी तलाश में मध्यप्रदेश में डेरा डाल लिया है। बुधवार को भी उसकी तलाश जगह-जगह की गई। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के शहडोल में विकास दुबे का ससुराल है। राजधानी भोपाल में बुधवार को 44 नए कोरोना मरीज मिले हैं। आज सुबह 32 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी से एक महिला कोरोना संक्रमित मिली है। मंगलवार को भी यहां से एक डॉक्टर और एक साल के मासूम समेत परिवार के 6 सदस्य पॉजिटिव आए थे। मौलाना अब्दुल कलाम आजाद सूचना एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) से जुड़े दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सात दिन में पहली बार है, जब राजधानी में कोरोना के 50 से कम संक्रमित मिले हैं। इंदौर नगर निगम के पूर्व सिटी इंजीनियर और हनी ट्रैप मामले का फरियादी हरभजन सिंह ने अपने स्थानांतरण और निलंबन को लेकर एक बार फिर मप्र हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में याचिका दायर की है। याचिका में हरभजन ने कहा है कि शासन ने नियमों का पालन नहीं किया है। वहीं नगर निगम और मप्र शासन ने प्रक्रिया को सही ठहराते हुए अपना जवाब पेश कर दिया है। याचिका पर जस्टिस एससी शर्मा की एकल पीठ में सुनवाई के दौरान शासन की ओर से तर्क दिए गए। हरभजन सिंह के गलत आचरण के चलते नियमों के आधार पर ही उन्हें निलंबित किया गया था। राज्य सरकार को ट्रांसफर करने का अधिकार है। सरकारी कॉलेज नरवर में सरपंच पुत्र ने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाया। जिसमें सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया गया। वहीं जन्मदिन के दौरान दो बच्चों के हाथों में रायफलें थमा दीं। कारों पर खड़ा कर दिया। पुलिस ने सरपंच पुत्र समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मध्य प्रदेश में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में परीक्षा कराने की यूजीसी की नई गाइडलाइन को लेकर हुई गफलत दूर हो गई है। इसी आधार पर मध्य प्रदेश में यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसकी पुष्टि खुद उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव अनुपम राजन ने की है। सरकार के जनरल प्रमोशन के ऐलान और उसके बाद 6 जुलाई को जारी यूजीसी की गाइडलाइन में सितंबर में परीक्षा कराने के निर्देश पर हुई थी। गफलत पर अब विराम लग गया है। प्रकृति से बड़ा कोई वैज्ञानिक नहीं है। यह एक बार फिर साबित हो गया है। प्रदेश के गंजबासौदा के गांव छपारा में दो माह पूर्व गिरा पीपल का पेड़ फिर से खड़ा हो गया है। इसे आप चमत्कार माने या प्रकृति का चमत्कार माने। दो माह पूर्व पेड़ चार फीट ऊंची दीवार पर गिरा था। जिससे पेड़ की जड़े जमीन से बाहर नहीं आ पाई थी। इसका तना और जड़ का एक हिस्सा मिट्टी में ही था। समय के साथ मिट्टी और पानी से जड़ को मजबूती मिली और पेड़ फिर से उठ खड़ा हुआ। ग्रामीण जन इसे भगवान का चमत्कार मान रहे हैं वही वैज्ञानिक इसे परिस्थिति जन्य घटना बता रहे हैं बुधवार दोपहर कटनी के खमतरा गांव के पास हुए सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा स्लीमनाबाद से विलायतकता रोड पर खमतरा गांव के समीप हुआ। जिर्री ग्राम के लोग खमतरा बाजार में खरीददारी के लिये ऑटो से जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे ऑटो सवारों सहित चकनाचूर हो गया। घटना में 6 लोगों गंभीर घायल हो गए थे। घायल लोगों को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरिया पान भिजवाया। जहां डॉक्टर्स ने सभी की मौत की पुष्टि कर दी है।