मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने विदिशा में 144 करोड़ रुपये लागत के नव-निर्मित 350 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण समारोह में घोषणा की कि यह अस्पताल 500 बिस्तर का किया जायेगा। अस्पताल का नामकरण स्वर्गीय श्री माधवराव सिंधिया के नाम पर होगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर विदिशा जिले में 23 करोड़ रूपये लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि आदिवासी नायक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय श्री बिरसा मुंडा संघर्ष, कुर्बानी और त्याग के प्रतीक थे। वे कम उम्र में ही अपने सद्कर्मों से भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हो गए। श्री कमल नाथ आज बिरसा मुंडा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने भोपाल गैस पीड़ितों के लिए जीवनपर्यंत संघर्षरत श्री अब्दुल जब्बार के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री जब्बार के निधन से हमने एक संघर्षशील, समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता को खो दिया है। जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा ने राजधानी भोपाल के श्याम नगर में 24 लाख रुपये लागत की नई सीवेज लाइन के निर्माण कार्य की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि निर्माण और मरम्मत के सभी कार्य रहवासियों की निगरानी में होंगे। स्थानीय नागरिकों के संतुष्ट होने पर ही कार्य की पूर्णता मानी जायेगी। श्री शर्मा ने श्याम नगर में शीघ्र ही जल-प्रदाय के लिये टंकी निर्माण के निर्देश दिये। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने नई दिल्ली में राज्यों के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रियों के सम्मेलन में केन्द्र सरकार से आग्रह किया है कि राज्यों को उनकी अपनी आवश्यकतानुसार नीति बनाये जाने की स्वतंत्रता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा खेल अधोसंरचना के लिए राज्यों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता के मापदंड भी सब के लिये एक जैसे नहीं होने चाहिए। केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री किरण रिजिजू ने सम्मेलन की अध्यक्षता की। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल ने शहीद सैनिक श्री अखिलेश पटेल को जिला रीवा के उनके गृह ग्राम गोंदरी पहुंचकर श्रद्धा-सुमन अर्पित किये। श्री पटेल ने शहीद के चित्र पर पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शहीद के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दु:ख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ खड़ी है। मध्यप्रदेश में जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) को देश के प्रतिष्ठित 'अर्थ केयर अवार्ड'' से पुरस्कृत किया गया है। नई दिल्ली में केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव श्री सी.के. मिश्रा ने एप्को के कार्यपालन संचालक श्री जितेन्द्र सिंह राजे और इंदौर नगर निगम आयुक्त श्री आशीष सिंह को यह अवार्ड प्रदान किया। मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहन्ती ने कहा है कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में बैंकिग सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता है। किसी भी बैंक द्वारा कोई भी शाखा बंद करने से पूर्व राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति से आवश्यक रूप से अनुमोदन प्राप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित लीड बैंक के राज्य प्रमुख, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति और आयुक्त संस्थागत वित्त द्वारा समन्वित रूप से ऐसे मामलों में औचित्य की समीक्षा की जाएगी। श्री मोहन्ती आज राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 173 और 174वीं संयुक्त बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।