Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
31-Oct-2026

जबलपुर: शहर के गोहलपुर थाना अंतर्गत अमखेरा कुदवारी इलाके से एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता मनोज कुशवाहा ने पुलिस अधीक्षक महोदय को शिकायती आवेदन सौंपते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि 28 अक्टूबर की शाम जब वह खेत से काम करके लौटे तो उनकी बड़ी बेटी रेशमा कुशवाहा घर पर नहीं थी। काफी तलाशने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला जिसके बाद गोहलपुर थाने में अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी उनकी बेटी को ढूंढने में कोई ठोस दिलचस्पी नहीं दिखा रही है और न ही कोई त्वरित कार्रवाई की जा रही है। थाने के चक्कर काटने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से चिंतित परिजनों ने अब एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। जबलपुर: जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार पर लगाम कसने के पुलिस अधिकारियों के निर्देशों के तहत मदनमहल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरेया प्लॉट इलाके में एक व्यक्ति अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब छिपाकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी दिनेश उर्फ दिन्नू विश्वकर्मा को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। आरोपी के कब्जे से मिले लोहे के बक्से की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने उसके पास से 250 पाव देशी शराब और 22 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है जबलपुर: बरगी तहसील के ग्राम रैपुरा महुआ टोला के निवासियों को बेदखली के नोटिस से राहत दिलाने और न्याय की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन जिला जबलपुर के बैनर तले तहसील कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया गया कि महुआ टोला में पिछले 50 वर्षों से करीब 120 से 150 ग्रामीण निवास कर रहे हैं जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35 से 40 मकान भी बने हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा छल-कपट और फर्जी तरीके से शासकीय भूमि पर कब्जा कर प्रशासन के माध्यम से हितग्राहियों को बेदखली का नोटिस दिलवाया जा रहा है जबकि लगभग 40 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत और नायब तहसीलदार द्वारा इन ग्रामीणों को वैध पट्टे प्रदान किए गए थे। भीम आर्मी ने मांग की है कि संबंधित खसरा नंबरों का निष्पक्ष सीमांकन कराकर बेदखली का आदेश तत्काल निरस्त किया जाए और ग्रामीणों को राहत दी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिवस के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पीड़ित ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजू लाल झरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जबलपुर: जबलपुर के बेलखेड़ा थाना परिसर से जुड़ा एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वायरल वीडियो में थाने के अंदर खड़े जब्त और पुराने वाहनों के लोहे के पार्ट्स व स्क्रैप को संदिग्ध परिस्थितियों में हटाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि थाने के भीतर ही पुलिस स्टाफ की मौजूदगी और एक आरक्षक की मिलीभगत से जब्त माल का अवैध सौदा किया जा रहा था। थाने जैसी सुरक्षित जगह से जब्ती के सामान के इस तरह गायब होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी ने मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट की और वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की बात कही। एएसपी अंजना तिवारी ने बताया कि संबंधित बेलखेड़ा थाना प्रभारी से पूरी रिपोर्ट तलब की गई है और वीडियो में सामने आए तथ्यों की बारीकी से जांच कराई जा रही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि नियमानुसार जब्त वाहन और माल थाने की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखे जाते हैं और यदि जांच में बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के वाहनों या सामान का अवैध तरीके से निस्तारण होना पाया जाता है तो इसमें लिप्त किसी भी दोषी पुलिसकर्मी या व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जबलपुर: खमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत शराब दुकान पर हुई सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी ने मुफ्त में शराब न मिलने पर सेल्समैन पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निकेश बंजारा को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया जबकि सह-आरोपी सतीश कुशवाहा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरफ्तार मुख्य आरोपी का इलाके में जुलूस निकाला और उसे सबक सिखाते हुए सरेराह उठक-बैठक लगवाई। पुलिस की इस सख्त और त्वरित कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और इस तरह के अपराधों को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।