मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) स्थित विधानसभा भवन में विधानसभा सत्र प्रारंभ होने से पूर्व उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खंडूड़ी (से.नि.) एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मंगलवार को दो दिवसीय विधानसभा सत्र का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। इससे पूर्व विधानसभा भवन के प्रवेश द्वार पर सदन में पहुंचे जनप्रतिनिधियों का वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के सदस्यों और विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुपूरक अनुदान मांगें सदन के पटल पर प्रस्तुत कीं। इसके साथ ही विभिन्न अध्यादेशों और विधानसभा की कार्यवाही से संबंधित विवरण सदन के पटल पर रखे गए। मुख्यमंत्री उत्तराखंड माल एवं सेवा कर संशोधन अध्यादेश 2026 को सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम संशोधन अध्यादेश 2026 को सदन के पटल पर रखेंगे। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्रिमंडल कक्ष में पत्रकार वार्ता कर राज्य सरकार की अब तक की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सामाजिक आर्थिक सांस्कृतिक खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के विकास जनकल्याण रोजगार सृजन शिक्षा स्वास्थ्य पर्यटन महिला सशक्तीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी है। सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम जनता को लाभ पहुंचाने और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को कथित अपमानजक शब्द कहे जाने के खिलाफ सत्ता दल भाजपा आक्रामक रूप में नज़र आ रही है जिसे लेकर भाजपा के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने देहरादून के लैंसडाउन चौक पर कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन कर जोरदार नारेबाज़ी की। इस बीच भाजपा के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री के पिता का अपमान किया है वह देश के उस हर बुज़ुर्ग का अपमान है जो आज अपने बच्चों के भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से सवाल करते हुए कहा कि क्या मल्लिकार्जुन खड़गे को देश का वातावरण खराब करने के लिए कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है? उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में बिखराव साफ दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव परिवारवाद की राजनीति के शिकार हैं जहां संस्कारों के बजाय गलत सोच को बढ़ावा दिया जाता है। सपा प्रमुख द्वारा उत्तराखंड के लोगों को कथित रूप से घुसपैठिया बताए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और कारसेवकों पर गोलियां चलवाने वाले परिवार आज देवभूमि के लोगों पर टिप्पणी कर रहे हैं। कोठियाल ने आगे कहा कि विपक्ष सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल जैसे वरिष्ठ नेतृत्व पर लगातार सवाल खड़े करता है। उन्होंने जनता से आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रदेश व देश को विकास सुरक्षा और 2047 तक विश्व गुरु की दिशा में आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नेतृत्व ही सही विकल्प है। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। उन्होंने कहा कि विधायकों की ओर से उठाए गए सवालों पर सरकार से जवाब लिया जाएगा ताकि सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सके। केंद्र और राज्य सरकार के ड्रग्स फ्री संकल्प को पूरा करने के लिए देहरादून में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नशा मुक्ति अभियान को और अधिक तेज कर दिया है। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉक्टर मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नारकोटिक्स डिपार्टमेंट और पुलिस को सीमाओं पर विशेष निगरानी और रैंडम चेकिंग के सख्त निर्देश दिए गए हैं। ऐसे संवेदनशील स्थानों की मैपिंग कर लगातार नजर रखी जा रही है जहाँ से ड्रग्स सप्लाई की आशंका रहती है। सीएमओ ने आगे बताया कि बड़े शिक्षण संस्थानों और उनके बोर्डिंग परिसरों में भी स्वास्थ्य विभाग पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें अचानक जांच (रैंडम चेकिंग) कर रही हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा ड्रग टेस्टिंग किट उपलब्ध कराई गई हैं मसूरी में कूड़ा निस्तारण की समस्या को लेकर स्थानीय सभासदों और निवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठने से एमआरएफ सेंटर और बायोमैथेन प्लांट के आसपास दुर्गंध फैल रही है जिससे स्थानीय लोगों और सिविल अस्पताल क्षेत्र में परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने कूड़े से निकलने वाले दूषित पानी के प्राकृतिक जलस्रोतों में मिलने की आशंका जताते हुए पर्यावरणीय नियमों के पालन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।