Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
26-Oct-2026

न्यायधानी बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अमृतसर से हेरोइन यानी चिट्टा लाकर बिलासपुर में खपाने की तैयारी में था। ACCU बिलासपुर और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसलापुर बाजार के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार त्योहारों के मद्देनजर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक व्यक्ति हेरोइन बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर संदिग्ध दीपक वालिया को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये और 10500 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने पंजाब के अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाने और स्थानीय ग्राहकों को ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी की बात पुलिस को बताई। गिरफ्तार आरोपी दीपक वालिया मूल रूप से अमृतसर पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सकरी में NDPS एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक नकदी को वाहन के मॉडिफाइड पिछले हिस्से में बनाए गए एक गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 में भारी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर की ओर ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने डबरापारा खुर्सीपार थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। रात करीब 11 बजे संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान पुलिस को वाहन का पिछला हिस्सा सामान्य से अलग और पूरी तरह बंद मिला। सघन तलाशी लेने पर वाहन के मॉडिफाइड हिस्से में विशेष गुप्त चेंबर (Hidden Chamber) बना हुआ मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई ₹4 करोड़ की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। वाहन में दो लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी वाहन चालक और विष्णुदेव दुबे बताया। दोनों से बरामद रकम के स्रोत स्वामित्व और इसे नागपुर ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने नकदी को जब्त कर मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद रकम के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। विजय शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन चुनाव के जरिए होता है। राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है लेकिन इसके साथ राजनीतिक मर्यादा और भाषा की गरिमा भी बनाए रखनी चाहिए। वही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी विजय शर्मा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और व्यवस्थित करना है। विजय शर्मा के मुताबिक छत्तीसगढ़ में SIR के दौरान करीब 23 लाख नाम हटाए गए जबकि करीब 2 लाख नाम दोबारा जोड़े जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पात्र मतदाता हैं वे दावा प्रस्तुत कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR को लेकर बेवजह विवाद खड़ा कर रही है। साथ ही फॉर्म-7 को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर विजय शर्मा ने कहा कि इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए हैं। ऐसे मामलों की जांच और मतदाता सूची में सुधार का काम SIR के जरिए किया जा रहा है। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम कुकदा में खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान हैं। धान की फसल के लिए समय पर पानी नहीं मिलने से किसानों को फसल प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर कुकदा के किसान कलेक्टोरेट पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि धान की फसल के इस महत्वपूर्ण समय में पानी की कमी बनी रही तो फसल पर इसका सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द समस्या का निराकरण करने की मांग की है। वहीं किसानों ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर खेतों तक पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो वे कलेक्टोरेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। गरियाबंद जिले के 45 गांवों में बालिकाओं और महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रगति कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत प्रेरक समाजसेवी संस्था द्वारा पांचवीं पास और दसवीं कक्षा में फेल बालिकाओं एवं महिलाओं का चयन किया जाएगा। इसके लिए 14 से 29 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई है। चयनित बालिकाओं और महिलाओं को गांव स्तर पर कैंप लगाकर एक वर्ष तक प्रतिदिन तीन घंटे पढ़ाई कराई जाएगी। इसके बाद उन्हें छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल की दसवीं कक्षा की परीक्षा में शामिल होने के लिए तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ महिलाओं और बालिकाओं को आजीविका के लिए भी प्रेरित करना है। इसी कार्यक्रम को लेकर गरियाबंद के आदिवासी भवन में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आज अंतिम दिन है। इसमें शिक्षित युवतियों और चयनित प्रेरकों को ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर कार्यक्रम का संचालन करने बालिकाओं एवं महिलाओं को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने और उन्हें परीक्षा में शामिल होने के लिए तैयार करने की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण दे रहे राजेंद्र राजपूत ने बताया कि प्रशिक्षण का आज अंतिम दिन है। इसके बाद सभी प्रेरक अपने-अपने ग्रामीण क्षेत्रों में जाएंगे और वहां लोगों को दोबारा पढ़ाई शुरू करने तथा परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे।