Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
21-Oct-2026

पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल परिसर में आयोजित परेड में शहीद जवानों को नमन किया। सीएम साय ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शहीद पुलिस अधिकारियों व जवानों के परिजनों को शाल श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलता पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कभी नक्सल हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में अब शांति सुरक्षा और विश्वास का नया वातावरण बना है। सीएम साय ने कहा कि जवानों के बलिदान के कारण बस्तर में विकास की नई राह खुली है। सड़क बिजली शिक्षा स्वास्थ्य और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को स्थायी शांति और तेज विकास में बदलना है। मुख्यमंत्री ने पुलिस बल के आधुनिकीकरण बेहतर प्रशिक्षण और जवानों व उनके परिवारों के कल्याण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों का त्याग आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा। महासमुंद जिले में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आरक्षी केंद्र परसदा में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीदों के बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सरायपाली विधायक चातुरीनंद जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एसपी प्रभात कुमार समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान महासमुंद जिले के शहीद पुलिस जवानों के साथ देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को याद किया गया। शहीदों के नामों का वाचन कर उनके साहस समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आज से राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आगाज होने जा रहा है। 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में लीग का आयोजन किया जा रहा है। लीग के जरिए प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल दिखाने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और हॉकी प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना और छत्तीसगढ़ को हॉकी के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सही मंच देने की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। महतारी वंदन योजना को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने महिलाओं को पांच साल तक धोखा दिया उसे माताओं और बहनों का हितैषी होने का दावा नहीं करना चाहिए। अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा महिला सशक्तीकरण का विरोध किया और महिला आरक्षण का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि जब से महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलना शुरू हुई है तब से कांग्रेस लगातार इसका विरोध कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीजेपी सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है।