बिलासपुर शहर में कलेक्ट्रेट घेराव करने निकली कांग्रेस और पुलिस के बीच नेहरू चौक पर जमकर टकराव हुआ। जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से विरोध मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने नेहरू चौक पर टीन की दीवार और बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान टीन की दीवार तोड़ने का प्रयास हुआ कुछ नेता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे। कांग्रेस ने बीजेपी सरकार और स्थानीय विधायक पर पंचायत और नगर निगम के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को परेशान करने का आरोप लगाया। पार्टी ने विकास कार्यों में भेदभाव और क्षेत्र में कथित अवैध उत्खनन का मुद्दा भी उठाया। राहुल गांधी को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे हालात में पहुंच गए हैं जहां वे देश संविधान और संवैधानिक संस्थाओं से भी बड़े हो गए हैं। साव ने आरोप लगाया कि इस तरह के आचरण से देश में अराजकता का वातावरण पैदा कर देश को बदनाम और अस्थिर करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी प्रयास कामयाब नहीं होगा। CJI को हटाने की मांग को लेकर भी अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस जैसी पुरानी राजनीतिक पार्टी न्यायपालिका और CJI के खिलाफ इस तरह की बातें कर रही है। डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश की किसी संस्था पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए एक परिवार का निर्णय ही कानून और संविधान बन गया है और वही परिवार उनके लिए देश हो गया है। धान खरीदी में पारदर्शिता और गड़बड़ी रोकने के लिए राजस्व विभाग डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए गिरदावरी का काम करा रहा है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि DCS और BF के माध्यम से गिरदावरी कराई जा रही है ताकि धान खरीदी के दौरान बाहर से धान आने या फसल के रकबे में गड़बड़ी जैसी शिकायतों पर नियंत्रण रखा जा सके। मंत्री के मुताबिक पिछले साल करीब 14 हजार गांवों में डिजिटल क्रॉप सर्वे कराया गया था जबकि इस साल इसका दायरा बढ़ाकर करीब 19 हजार गांव किया गया है। अब तक करीब 1 करोड़ 90 लाख खसरों का डिजिटल क्रॉप सर्वे पूरा हो चुका है और करीब 95 फीसदी काम पूरा होने का दावा किया गया है। टंक राम वर्मा ने कहा कि गिरदावरी के जरिए यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि धान के रकबे में दर्ज फसल और वास्तविक फसल में अंतर न हो। इससे बिचौलियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए राजस्व अमला गिरदावरी का काम पूरा करने में जुटा है।