Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
12-Oct-2026

दुर्ग जिले में बाल कल्याण समिति से जुड़े चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में महिला से मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है जिसमें कथित तौर पर यूट्यूबर हनु नायक महिला के साथ मारपीट और लात मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो बनाने वाले कर्मचारी का मोबाइल छीनने का घटनाक्रम भी फुटेज में दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक हनु नायक अपने एक साथी के साथ चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान अपनी बेटी को लेने पहुंची गोलू बाई से विवाद हुआ और कथित तौर पर मारपीट की गई। महिला ने गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू और परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक आरोपी हनु नायक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद बच्चों के संरक्षण से जुड़े कार्यालय की सुरक्षा और व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई काम नहीं है और अब हर अच्छे काम का विरोध करना ही उसका काम रह गया है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है लेकिन कांग्रेस विरोध करने के लिए आए दिन कुछ न कुछ करती रहती है। उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए SIR की प्रक्रिया की जा रही है। टंकराम वर्मा ने कांग्रेस के आंदोलनों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के धरना-प्रदर्शन हर मोर्चे पर फ्लॉप हो रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों को लगातार सौगात दी जा रही है। टंकराम वर्मा ने कहा कि सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर दे रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है उनकी चिंता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कर रहे हैं। मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में सभी किसानों के धान की खरीदी होगी और समय पर खरीदी की जाएगी। जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में किसानों को सिंचाई सुविधा देने के उद्देश्य से बनाई जा रही सुसडेगा व्यपवर्तन योजना का निर्माण अधर में लटका हुआ है। करीब 32 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का 70 से 75 फीसदी काम पूरा होने के बाद पिछले करीब एक साल से निर्माण बंद होने की बात सामने आई है। विभाग के मुताबिक बारिश के कारण काम रुका था और अब इसे दोबारा शुरू कराया जाएगा।परियोजना को लेकर विवाद तब गहरा गया जब निर्माण पूरा होने से पहले ठेकेदार को करीब 2 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये की सुरक्षा निधि लौटाने का मामला सामने आया। आरोप है कि तत्कालीन कार्यपालन अभियंता विजय जामनिक ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना यह राशि लौटा दी। मामले में उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।विभागीय जानकारी के अनुसार ठेकेदार को काम दोबारा शुरू करने के लिए कई नोटिस दिए गए लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ। वहीं किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना जल्द पूरी होने से क्षेत्र को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सकेगा। अब सवाल है कि करीब पांच साल पहले शुरू हुई यह परियोजना आखिर कब पूरी होगी और किसानों को इसका लाभ कब मिलेगा।