जबलपुर: रांझी-गोकलपुर मुख्य मार्ग पर जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नेशनल हाईवे पर ही मंच और साउंड सिस्टम लगाकर सड़क बंद कर दी गई। पहले से ही बदहाल इस मार्ग पर निजी आयोजन के कारण करीब तीन घंटे तक भीषण जाम लगा रहा जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हुई।व्यस्त सड़क पर हुए इस यातायात अवरोध को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद राजेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रांझी थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने सार्वजनिक मार्ग को बाधित करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पूर्व पार्षद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि मुख्य सड़कों पर ऐसे आयोजनों को रोकने के लिए पुख्ता कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जबलपुर: रांझी थाना क्षेत्र में व्हीकल फैक्ट्री के पास मिले एक युवक को लेकर सोशल मीडिया पर उसके पाकिस्तानी होने की अफवाह और फर्जी वीडियो तेजी से वायरल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांझी सीएसपी और थाना प्रभारी की टीम ने तत्काल पड़ताल की जिसमें युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी शिवम पाठक के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ और परिजनों से संपर्क के बाद यह साफ हुआ कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है और गलती से जबलपुर पहुंच गया था। पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही रावलपिंडी निवासी होने की खबरों को पूरी तरह से भ्रामक और खारिज कर दिया है। साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी अपुष्ट वीडियो या खबर को शेयर न करें जिससे अनाव्यशक भ्रम न फैले। जबलपुर: आगामी दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की अध्यक्षता में दुर्गा उत्सव समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम एएसपी और सभी संभागों के सीएसपी सहित जिला प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने आयोजकों को पंडालों में विद्युत सुरक्षा अग्निशमन तंत्र और श्रद्धालुओं की सुविधा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही डीजे व साउंड सिस्टम को निर्धारित समय और ध्वनि सीमा में ही बजाने तथा विसर्जन जुलूस के लिए तय रूट और समय सारणी का पालन करने की हिदायत दी। एसपी ने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाने और भ्रामक खबरों से सतर्क रहने की अपील की। वहीं उत्सव समितियों ने भी त्योहार को शांति व भाईचारे के साथ मनाने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने का आश्वासन दिया। जबलपुर: शहर के ग्वारीघाट स्थित ओम मेंस वियर के पास सड़क पर एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के साथ डंडों से बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ दबंग लोग असहाय व्यक्ति को लाठियों से पीट रहे हैं जबकि वहां मौजूद सैकड़ों लोग मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे। इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।किसी भी व्यक्ति की मानसिक स्थिति ठीक न होने पर उसके साथ इस तरह बर्बरता करना कानूनन अपराध और अमानवीय है। इस शर्मनाक घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब शहरवासियों की नजरें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि ग्वारीघाट पुलिस मामले पर संज्ञान लेकर कानून हाथ में लेने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाती है या फिर खानापूर्ति कर मामला शांत कर दिया जाता है। जबलपुर: शेयर बाजार में निवेश पर 5 से 500 फीसदी तक भारी रिटर्न का झांसा देकर एक महिला से 2 करोड़ 27 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह पर साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में दो और शातिर आरोपियों महाराष्ट्र के अकोला निवासी केतन भोईते और नासिक निवासी यश देसाई को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस पूरे फर्जीवाड़े के मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।जांच में सामने आया है कि यह गिरोह टेलीग्राम यूजर्स के जरिए लोगों को झांसे में लेकर उनके नाम से फर्जी बैंक खाते खुलवाता था। इसके बाद आरोपी खाताधारकों से पासबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में लेकर ठगी की रकम ट्रांसफर करते थे। साइबर सेल की गहन पड़ताल में इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के कई चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं और फर्जी खातों के जरिए किए गए पैसों के लेन-देन की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।