जबलपुर । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी की बयानबाजी पर भारतीय जनता पार्टी ने करारा पलटवार किया है। रानीताल स्थित भारतीय जनता पार्टी के संभागीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सांसद आशीष दुबे नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर और कैंट विधायक अशोक रोहाणी समेत अन्य भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों को तथ्यहीन करार दिया। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि SIR का निर्णय किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि चुनाव आयोग के मुख्य आयुक्त और दोनों आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिया गया संवैधानिक फैसला है जिस पर आयोग पहले ही स्थिति स्पष्ट कर चुका है।बीजेपी नेतृत्व ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस केवल मीडिया रिपोर्टों के सहारे चुनाव आयोग जैसी निष्पक्ष व संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने नसीहत दी कि किसी भी संवैधानिक संस्था पर आरोप मढ़ने से पहले आधिकारिक तथ्यों की जांच करना जरूरी है। जबलपुर । शहर के ओमती थाना क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक लगातार शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी पवन कोरी निवासी सिंधी कैंप हनुमानताल को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अलग-अलग जगहों पर ले जाता था। मामले की जांच के दौरान घंटाघर स्थित चिल एन थ्रिल कैफे समेत एमएन पैलेस और आयुष लॉज जैसे स्थानों के नाम सामने आए हैं जिनकी भूमिका की गहनता से पुलिस पड़ताल कर रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए ओमती थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया जा रहा है। Csp सोनू कुर्मी का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य संदिग्ध ठिकानों और तथ्यों का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है ताकि मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा सके। जबलपुर । कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम घटेरा निवासी पीड़ित बहादुर सिंह गौड़ के साथ बड़ी संख्या में समाज जन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी के नाम एक शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि गत 25 सितंबर की रात आरोपियों संदीप यादव मधुसूदन यादव और उपेंद्र यादव ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ जातिसूचक शब्द बोलते हुए बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में कटंगी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अपराध तो कायम कर लिया है लेकिन फरियादी का आरोप है कि मामले में प्रभावी कार्रवाई ढीली चल रही है।पीड़ित ने एसपी से गुहार लगाई है कि प्रकरण की विवेचना किसी वरिष्ठ अधिकारी की देखरेख में निष्पक्षता से कराई जाए। साथ ही घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने पीड़ित का एमएलसी केस डायरी में शामिल करने और घटना में प्रयुक्त लट्ठ व अन्य साक्ष्यों को जब्त करने की मांग की गई है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते पीड़ित ने अपने परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा दिए जाने और दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। जबलपुर । हनुमानताल थाना अंतर्गत भोला नगर में शनिवार को हुए गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी राजा सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि शनिवार को एक बंद कमरे में बंदूक से फायरिंग की गई थी। इस गोलीबारी में दो युवकों को गोली लगी थी जिनमें से इलाज के दौरान करण नामक युवक ने दम तोड़ दिया जबकि दूसरे घायल अंकित की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना के बाद आरोपी राजा सोनकर लगातार पुलिस को गुमराह करने और मनगढ़ंत कहानियां बनाकर सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस को घटनास्थल से बंदूक से चले कारतूसों के कई खोखे भी मिले हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी राजा सोनकर को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास यह हथियार कहां से आया क्या उसके पास अन्य अवैध हथियार भी छिपे हैं और वह किन-किन काले व गैर-कानूनी कारोबारों में संलिप्त है। जबलपुर । जबलपुर पहुंचे ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने देश में जारी जेन-जी आंदोलन और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर तीखे बाण चलाए हैं। युवाओं के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि जब बच्चे को दर्द होता है तो वह चिल्लाता ही है ठीक उसी तरह आज की युवा पीढ़ी अपनी पीड़ा और नाराजगी को सड़कों पर जाहिर कर रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी भरे लहजे में सलाह दी कि युवाओं की जायज मांगों को अनसुना करने के बजाय समय रहते हल निकाला जाए वरना यह आंदोलन और उग्र हो सकता है।शंकराचार्य ने इस आंदोलन की तुलना ऐतिहासिक जेपी आंदोलन से करते हुए बड़ा दावा किया कि जिस तरह उस दौर के आम युवाओं ने देश को नई राजनीतिक दिशा दी थी ठीक वैसे ही इस आंदोलन से भी भविष्य की नई राजनीतिक पौध निकलकर सामने आएगी। इसके साथ ही उन्होंने देश की चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर चिंता जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और पारदर्शी व्यवस्था कायम करने की मांग भी दोहराई। धनवंतरी नगर चौकी अंतर्गत जसूजा सिटी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में काम के दौरान सरिया उठाते समय चार मजदूर अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में सुनीता प्रजापति नामक महिला मजदूर गंभीर रूप से झुलस गई जिसे आनन-फानन में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि तीन अन्य मजदूरों की हालत सामान्य बनी हुई है।घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। एई टीएलएम जितेंद्र तिवारी के अनुसार हाईटेंशन लाइन के ठीक नीचे निर्माण सामग्री का भंडारण करना बेहद खतरनाक है। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर पूर्व में भी हादसे हो चुके हैं और बिल्डर को नोटिस जारी कर समझाइश दी गई थी इसके बावजूद लापरवाही बरतते हुए सामग्री वहीं रखी गई। प्रथम दृष्टया बिल्डर की भारी लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।