Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
14-Sep-2026

जबलपुर: रांझी के महर्षि सुदर्शन वार्ड अंतर्गत किशन होटल के सामने से बजरंगनगर की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग निर्माण के महज तीन साल भीतर ही पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जगह-जगह सड़क की परतें उखड़ जाने से बने गहरे गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि व्हीकल फैक्ट्री और रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया जाने वाले हजारों कर्मचारी रोजाना इसी मार्ग से आवागमन करते हैं जिसके चलते सुबह-शाम यहां वाहनों की भारी आवाजाही रहती है।क्षेत्रीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन द्वारा केवल नाममात्र की पुराई कर खानापूर्ति की जा रही है जबकि सड़क की मूल समस्या जस की तस बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों से बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने से नागरिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। रहवासियों ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराकर घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए। जबलपुर: शहर के अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहागी में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के युवाओं के बीच हुए विवाद और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्यक्रम में कहासुनी के बाद देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर साझा कर दिया।वीडियो सामने आते ही अधारताल पुलिस हरकत में आ गई है और मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवी युवकों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भले ही अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज न कराई गई हो लेकिन घटनाक्रम की पुष्टि होते ही शांति भंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर: बाजारवाद और मिलावटखोरी के दौर में उपभोक्ताओं को ठगी से बचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ता कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष डॉ. उत्तम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में निरंतर जनहितकारी कार्य किए जा रहे हैं। प्रेस को जानकारी देते हुए डॉ. ठाकुर ने बताया कि समिति जबलपुर जिले में ऑनलाइन फ्रॉड अस्पतालों में मनमानी फीस स्कूलों में अवैध वसूली और मिलावटी सामान के खिलाफ जमीनी स्तर पर लड़ाई लड़ रही है। समिति द्वारा स्कूल-कॉलेजों व ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति सचेत किया जा रहा है।डॉ. उत्तम सिंह ठाकुर ने आम नागरिकों और उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे हर खरीदारी पर पक्का बिल जरूर लें क्योंकि धोखाधड़ी की स्थिति में बिल ही न्याय पाने का सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की ठगी या अधिकार हनन होने पर पीड़ित उपभोक्ता समिति के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं जहां उन्हें उपभोक्ता फोरम के माध्यम से न्याय दिलाया जाएगा। जबलपुर । पनागर थाना अंतर्गत लमती क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। पीड़ित गगन शर्मा 11 सितंबर को अपने परिजनों को रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे जिसके बाद वे शहर स्थित अपने दूसरे फ्लैट में रुक गए थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने सूने मकान की ग्रिल तोड़कर अंदर रखी अलमारियों के ताले चटका दिए और कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए।पड़ोसियों द्वारा ग्रिल टूटने की आवाज सुनकर मकान मालिक को सूचना दी गई। जब गगन शर्मा घर पहुंचे तो अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से 8 लाख के जेवर गायब थे। घटना की शिकायत पनागर थाने में दर्ज कराई गई है। पनागर पुलिस के उपनिरीक्षक आकाश सिंह राजपूत ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही चोरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जबलपुर: उपनगरीय क्षेत्र रांझी में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बनाए गए नगर निगम के सामुदायिक भवन अपनी बदहाली और मूल उद्देश्य से भटकने को लेकर विवादों में हैं। व्हीकल मोड़ स्थित सामुदायिक भवन को तोड़कर खाली कर दिया गया है वहीं बापूनगर चंद्रशेखर वार्ड और गोकलपुर के भवन जर्जर स्थिति में पड़े हैं। इतना ही नहीं बड़ा पत्थर स्थित सामुदायिक भवन में दीनदयाल रसोई का संचालन किया जा रहा है जिससे सामाजिक व मांगलिक आयोजनों के लिए यह सुविधा जनता को नहीं मिल पा रही है।पूर्व महापौर प्रभात साहू और पूर्व नगर निगम अध्यक्ष राजेश मिश्रा के कार्यकाल में बने इन भवनों का निर्माण कम खर्च में मांगलिक कार्यक्रम संपन्न कराने के उद्देश्य से किया गया था। लेकिन वर्तमान में रख-रखाव के अभाव और अन्य कार्यों में उपयोग के कारण स्थानीय लोगों को मजबूरी में महंगे निजी मैरिज गार्डन का आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर निगम से रांझी के सभी सामुदायिक भवनों का भौतिक निरीक्षण कर स्थिति सार्वजनिक करने जर्जर भवनों की मरम्मत कराने और इन्हें पुन: सर्वसुलभ बनाने की मांग की है। जबलपुर: शहर में नशे की अवैध खेप के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरप्रांतीय तस्कर को धर दबोचा है। क्राइम ब्रांच और मदनमहल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मॉडल रोड स्थित लॉयड गैलरी के पास घेराबंदी कर आरोपी को 10 किलो 168 ग्राम गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 8 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।पकड़ा गया आरोपी 50 वर्षीय रवि कुमार मूल निवासी अरवल बिहार वर्तमान में झारसुगुड़ा ओडिशा में रह रहा था। 12 सितंबर की रात मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे रोका और बैगों की तलाशी ली जिसमें से 10 पैकेट गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने एक साथी मलखान के साथ बस द्वारा ओडिशा से यह खेप लेकर जबलपुर पहुंचा था। मदनमहल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धारा के तहत मामला दर्ज कर मोबाइल व बैग जब्त कर लिए हैं वहीं उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है। रांझी स्थित मस्ताना चौक के मस्ताना बारात घर में रांझी लायर फोरम अधिवक्ता संघ के गठन के पश्चात भव्य एवं ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता महात्मा गांधी और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में रांझी क्षेत्र के अधिवक्ताओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता और अधिवक्ता शक्ति का प्रदर्शन किया।समारोह के दौरान फोरम के नवनियुक्त अध्यक्ष उपाध्यक्ष सचिव सह-सचिव कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हितों की रक्षा युवा वकीलों की समस्याओं के समाधान न्यायपालिका की गरिमा बनाए रखने और गरीब व आम जनता को निष्पक्ष न्याय दिलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने विचार गोष्ठी में मार्गदर्शन दिया वहीं पदाधिकारियों ने हर माह विधिक जागरूकता शिविर लगाने की प्रतिबद्धता जताई। शहर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़कों और गड्ढों के विरोध में युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष घनश्याम महोबिया की अगुवाई में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने अनूठा बैलगाड़ी जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान गड्ढों से भरी सड़कों पर बैलगाड़ी के बैल बार-बार फंसते नजर आए जिसे कांग्रेस ने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का जीवंत उदाहरण बताया। राहगीरों ने भी इस जनसमस्या को उठाने के लिए प्रदर्शन का समर्थन किया।युवा कांग्रेस नेताओं ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि महापौर और क्षेत्रीय मंत्री होर्डिंग्स के जरिए विकास के झूठे दावे कर रहे हैं जबकि हकीकत यह है कि सड़कों पर बैलगाड़ी से चलना भी दूभर हो चुका है। उन्होंने मांग की कि पश्चिम विधानसभा की जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द गड्ढे नहीं भरे गए तो पूरी कांग्रेस पार्टी जबलपुर में उग्र और अनिश्चितकालीन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। संस्कारधानी की होनहार समृद्धि यादव ने दिल्ली में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया और शहर का नाम रोशन किया है। दिल्ली कैंट स्थित डीजी एनसीसी परेड ग्राउंड में आयोजित .22 राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में समृद्धि ने सटीक निशानेबाजी का मुजाहिरा करते हुए पहला स्थान हासिल किया।विजयनगर निवासी मोनू यादव की सुपुत्री समृद्धि के स्वर्ण पदक जीतकर जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर परिजनों खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। समृद्धि की इस अभूतपूर्व उपलब्धि और कड़ी मेहनत से पूरे शहर में खुशी का माहौल है। स्थानीय खेल संघों और गणमान्य नागरिकों ने जबलपुर का गौरव बढ़ाने पर बेटी समृद्धि यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। मानसिक रूप से कमजोर एक 27 वर्षीय महिला के साथ पड़ोस में ही रहने वाले युवक द्वारा डरा-धमकाकर दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति और जेठ के साथ रांझी थाना पहुंचकर आपबीती सुनाई। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलहानी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आरोपी सोनू चौधरी के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विवेचना महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया और आरोपी सोनू चौधरी को हिरासत में ले लिया। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के उपरांत पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की गहन विवेचना कर रही है।