राहुल बोले- 19 को इंदौर में मिलूंगा समस्याएं-चुनौतियां बताओ मध्यप्रदेश के इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए अब तक 1.50 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।राहुल गांधी ने बुधवार को छात्रों और युवाओं के नाम संदेश जारी कर उनसे अपनी समस्याएं चुनौतियां और सुझाव साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे अलग-अलग शहरों में छात्रों से मिलकर उनकी चुनौतियां समझ रहे हैं। इसी मुहिम के तहत 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों के बीच रहेंगे।राहुल ने छात्रों से ऑनलाइन लिंक के जरिए अपनी बात बताने और वीडियो बनाकर समस्याएं साझा करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं और सुझावों के जरिए मिलकर उम्मीद वापस लाने की कोशिश की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष के निरीक्षण में चौकी पर नहीं मिले पुलिसकर्मी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इन दिनों अपने गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। गुरुवार को वह अमझेरा थाना क्षेत्र की केशवी पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी के अंदर का नजारा देखकर उन्होंने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए।दरअसल चौकी में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इसके बाद सिंघार ने चौकी के अलग-अलग कमरों का भी निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों के न होने पर सिंघार ने मौके का वीडियो बनाया। उन्होंने कहा कि यह आदिवासी क्षेत्र सुरक्षा के लिहाज से बहुत जरूरी है। जस्टिस कोगजे को राज्यपाल ने दिलाई मुख्य न्यायाधीश की शपथ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित लोकभवन में पद और गोपनीयता की शपथ ले ली। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को करीब तीन महीने बाद स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। इससे पहले जस्टिस विवेक रसिया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प रीवा में कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में गुरुवार को कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। सैकड़ों कार्यकर्ता सिरमौर चौराहे की ओर जा रहे थे। रास्ते में पुलिस से धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। झड़प में झाबुआ विधायक और कांग्रेस नेता विक्रांत भूरिया की आंख में चोट आई है। उज्जैन में सड़क के रास्ते में हनुमान प्रतिमा उज्जैन में सड़क के बीच हनुमान प्रतिमा को प्रशासन 6 दिन से हिला नहीं पाया है। प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण के लिए सती गेट के पास स्थित हनुमान मूर्ति को हटाने की कोशिश 4 सितंबर को शुरू की लेकिन नाकाम रहा।प्रशासन की ओर से करीब एक हफ्ते में मंदिर के आसपास का ज्यादातर हिस्सा तोड़ा जा चुका है जबकि हनुमान मूर्ति फिलहाल टेंट में है। अब प्रशासन का कहना है कि प्रतिमा हटाने की कोशिश की ही नहीं गई। खड़े हनुमान की मूर्ति सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। मूर्ति के वीडियो और रील्स वायरल हो रहे हैं। मध्य प्रदेश के अलावा गुजरात महाराष्ट्र और राजस्थान से भी श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। चार लोगों को नई जिंदगी देंगे भोपाल के विकास भोपाल के 53 वर्षीय विकास चौधरी अपने अंगों से चार लोगों को नई जिंदगी देंगे। छह दिन पहले उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था। तभी से वे एम्स हॉस्पिटल में भर्ती थे। ब्रेन डेड घोषित होने के बाद गुरुवार को उनके अंगों को दान करने का फैसला परिजन ने लिया था। अंगों को पूरे सम्मान के साथ चैन्नई इंदौर और भोपाल के अस्पतालों में भेजा गया।शहर के बाग सेवनिया इलाके में रहने वाले विकास चौधरी को 4 सितंबर को अचानक ब्रेन हैमरोज हो गया था। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।