कलेक्टर बोले-ऐसी 12 बजाऊंगा कि याद रखोगे:अधिकारियों को लगाई फटकार रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार देर रात संजय गांधी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई सीनियर ड्यूटी डॉक्टर अस्पताल से नदारद मिले। वार्डों में गंदगी और कई जगह अव्यवस्थाएं मिलने पर कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा- ये अस्पताल है या कोई कचरा खाना?निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था पर नाराज कलेक्टर ने पूछा- सफाई वाला कहां है? इसके बाद एक सफाई कर्मचारी सामने आया और कहा कि वह है। इस पर कलेक्टर ने उसे भी फटकार लगाते हुए कहा- मैं तुम्हारी ऐसी 12 बजाऊंगा कि याद रखोगे। ये क्या बना रखा है?कलेक्टर ने कहा कि वे रात 2 बजे भी अस्पताल का निरीक्षण करने आ सकते हैं और सुबह 6 बजे भी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार अव्यवस्था मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रोबेशन का 70-80-90% वेतन नियम खत्म जबलपुर हाईकोर्ट ने प्रोबेशन में 70-80-90 प्रतिशत वेतन व्यवस्था को निरस्त करते हुए मध्य प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सुरक्षित रखे फैसले पर मंगलवार को एक्टिंग चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने कहा कि 25 नवंबर 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पूर्ण वेतन मिलेगा।कोर्ट ने शासकीय कर्मचारियों को प्रोबेशन अवधि के दौरान 70 प्रतिशत 80 प्रतिशत और 90 प्रतिशत न्यूनतम वेतनमान दिए जाने की व्यवस्था को निरस्त कर दिया है।कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब कर्मचारी से पद के अनुरूप पूरा कार्य लिया जा रहा है तो उसे निर्धारित वेतनमान से कम वेतन देना उचित नहीं है। राहुल गांधी बोले- भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार MP में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद X पर लिखा- भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार वाले राज्य मध्यप्रदेश में शासन नाम की कोई चीज बची ही नहीं। दवा जहरीली। शराब जहरीली। पानी जहरीला। नए कानून बना दिए जाते हैं लेकिन अगले हादसे तक उन्हें किसी तहखाने में डाल दिया जाता है।उन्होंने लिखा- जहरीली शराब ने प्रदेश के सागर में अनेक लोगों की जान लेकर उन सभी घरों में मातम पहुंचा दिया है लेकिन मध्यप्रदेश को पता है आगे क्या होगा। कुछ गिरफ्तारियां होंगी कुछ अधिकारी सस्पेंड होंगे जांच के आदेश होंगे क्योंकि ये पहली बार नहीं है।सागर के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से अब तक करीब 22 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 120 से अधिक मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। विधायक बोले-सुंदर महिला की डेडबॉडी से होता है रेप रीवा में कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने संजय गांधी अस्पताल को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को जयस्तंभ चौराहे पर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कहा कि अगर किसी सुंदर महिला की डेड बॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल लाई जाती है तो उसके साथ रेप होता है। विधायक ने पोस्टमॉर्टम के नाम पर मृतकों के परिजनों से रुपए वसूले जाने का आरोप भी लगाया। हालांकि विधायक के इस गंभीर आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान ऐसी किसी घटना की पुष्टि करने वाला कोई आधिकारिक तथ्य भी सामने नहीं आया है। धार के आदिवासी अंचल को मिली रेल सौगात धार जिले के रेल इतिहास में 8 सितंबर 2026 का दिन दर्ज हो गया। आजादी के बाद पहली बार जिले में यात्री ट्रेन सेवा शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के वडोदरा से वर्चुअल माध्यम से प्रतापनगर-वडोदरा और टांडा रोड के बीच नई MEMU यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही छोटा उदयपुर-धार रेल परियोजना के जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन हिस्से का भी शुभारंभ हुआ। टांडा रोड पर धार की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर मौजूद रहीं। भोपाल में सीलिंग से जुड़ी 50 याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित भोपाल में अतिक्रमण और सीलिंग कार्रवाई से जुड़े मामलों में हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है। मंगलवार को जस्टिस विशाल मिश्रा की सिंगल बेंच ने करीब 50 याचिकाओं पर सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता कपिल दुग्गल ने पक्ष रखा। मामलों में 10 नंबर मार्केट ई-4 और आसपास के क्षेत्रों में सील की गई दुकानें और भवन शामिल हैं। कुछ याचिकाएं अपर लेक के 50 मीटर दायरे में आने वाली संपत्तियों से जुड़ी हैं। सरकार का कहना है कि इस दायरे में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित नहीं की जा सकतीं। वहीं दुकानदारों और भवन मालिकों का तर्क है कि वे अपनी संपत्तियों का उपयोग मास्टर प्लान-2005 के अनुसार कर रहे हैं। उनका दावा है कि मास्टर प्लान में रिटेल गतिविधियों की अनुमति है। कुछ संपत्तियां फ्रीहोल्ड हो चुकी हैं जबकि कुछ में कंपाउंडिंग भी हो चुकी है। अब तक औसत 31.1 इंच बारिश मध्य प्रदेश में अब तक औसत 31.1 इंच बारिश हो चुकी है। यह अब तक की बारिश के कोटे की 83.5% है। भोपाल समेत 12 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी गिर चुका है। इतने ही जिले बेहतर स्थिति में हैं लेकिन 31 जिलों में अभी भी बारिश का आंकड़ा काफी कम है। IMD मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक 11 सितंबर तक प्रदेश के रीवा और शहडोल संभाग में तेज बारिश का दौर बना रहेगा। बाकी जिलों में हल्की बारिश होगी। 12 सितंबर के बाद नया सिस्टम एक्टिव होने पर पूरा प्रदेश फिर से भींग सकता है।