शेयर बाजार में गिरावट सेंसेक्स 350 अंक टूटा शेयर बाजार में आज सोमवार 7 सितंबर को गिरावट देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 350 अंक गिरकर 76 हजार 150 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 100 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है और यह 23 हजार 800 के स्तर पर पहुंच गया है। बाजार में बिकवाली के चलते निवेशकों की चिंता बढ़ी हुई है। स्पेस सेक्टर में पिक्सल की बड़ी फंडिंग भारत के स्पेस-टेक सेक्टर में पिक्सल ने बड़ी फंडिंग हासिल की है। कंपनी ने 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 835 करोड़ रुपए जुटाए हैं। यह भारतीय स्पेस-टेक सेक्टर में किसी कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी सिंगल फंडिंग बताई जा रही है। 2019 में शुरू हुई पिक्सल इस निवेश का इस्तेमाल अपने सैटेलाइट नेटवर्क को मजबूत करने और अर्थ इंटेलिजेंस सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के विस्तार में करेगी। नई फंडिंग के बाद कंपनी की कुल फंडिंग करीब 195 मिलियन डॉलर हो गई है। उमंग ऐप से घर बैठे बनेगा UAN EPFO ने उमंग ऐप पर डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया है। अब कर्मचारी आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए मोबाइल से ही अपना UAN जनरेट एक्टिवेट और ऑथेंटिकेट कर सकेंगे। UAN एक्टिवेट होने के बाद पीएफ खाताधारक घर बैठे EPF बैलेंस चेक करने पासबुक डाउनलोड करने क्लेम स्टेटस देखने और KYC डिटेल्स अपडेट करने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य मैनुअल वेरिफिकेशन की जरूरत को कम करना है। प्रणव कंस्ट्रक्शंस का IPO आज से खुला प्रणव कंस्ट्रक्शंस का IPO आज सोमवार से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। वहीं 7 से 15 सितंबर के बीच 11 मेन-बोर्ड कंपनियां IPO लेकर बाजार में उतरने वाली हैं। इन इश्यू के जरिए कंपनियां कुल करीब 7 हजार 55 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में हैं। इस लिस्ट में फर्नीचर रेंटल स्टार्टअप रेंटोमोजो करमतारा इंजीनियरिंग और कनोहर इलेक्ट्रिकल्स जैसी कंपनियां शामिल हैं। सरकार की सस्ती प्याज बिक्री के बावजूद बढ़े दाम केंद्र सरकार की ओर से 35 रुपए किलो प्याज बेचने के बावजूद बाजार में प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी जारी है। देशभर में प्याज का औसत खुदरा भाव 48.50 रुपए से बढ़कर 50.79 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। दिल्ली में प्याज करीब 65 रुपए और चेन्नई में 63 रुपए किलो तक बिक रहा है। सरकार ने 28 अगस्त से 17 शहरों में बफर स्टॉक से सस्ती प्याज की बिक्री शुरू की थी। पहले 10 दिनों में करीब 4 हजार टन प्याज बेचा जा चुका है।