शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समस्त छत्तीसगढ़वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर के लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया। प्रदेश में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री TS सिंहदेव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश के कई शहरों में स्वाइन फ्लू के प्रकरण सामने आ रहे हैं और छत्तीसगढ़ में भी मामले बढ़े हैं। सिंहदेव ने बताया कि उनकी डेढ़ साल की नातिन भी स्वाइन फ्लू से संक्रमित हुई थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्वाइन फ्लू का स्वरूप पहले की तुलना में उतना घातक नहीं है। हालांकि इलाज को लेकर सावधानी और चिंता जरूर रखनी चाहिए लेकिन वर्तमान वेरिएंट को उन्होंने जानलेवा नहीं बताया। बहुचर्चित झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में जगदलपुर स्थित NIA कोर्ट ने 10 आरोपियों को दोषी करार दिया है। मामले में कुल 11 आरोपियों के खिलाफ सुनवाई हुई थी जिनमें एक की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है। अदालत अब 16 सितंबर को दोषियों की सजा का ऐलान करेगी। अभियोजन पक्ष ने मामले में 101 गवाहों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए थे। वहीं फैसले के बाद कांग्रेस ने इसे आधा-अधूरा न्याय बताया है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि NIA की जांच में कथित राजनीतिक षड्यंत्र के पहलुओं की पड़ताल नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि हमले का मास्टरमाइंड कौन था VIP सुरक्षा और रूट में बदलाव क्यों हुआ और साजिश में शामिल लोगों की पहचान क्यों नहीं हुई। कांग्रेस ने राजनीतिक षड्यंत्र की जांच के लिए राज्य की SIT से दोबारा जांच कराने की मांग की है। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की एक और वारदात सामने आई है। रामसागरपारा में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक आदतन अपराधी ने राह चलते कारपेंटर पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पीछे से कॉलर पकड़कर पीड़ित पर चाकू से लगातार 6 वार किए और मौके से फरार हो गया। हमले में अमन की पसली और बाईं जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। खून से लथपथ हालत में उसे इलाज के लिए AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है। पूरी वारदात चाय दुकान के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। आजाद चौक पुलिस ने शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी अभय रक्सेल की तलाश शुरू कर दी है।