धार्मिक पर्यटन के विकास पर बोले सीएम मोहन यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात के देवभूमि द्वारका पहुंचकर भगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि और कल्याण की कामना की और देश-प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल लोक के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या करीब 20 गुना बढ़ी है और अब हर साल 10 करोड़ से अधिक तीर्थयात्री उज्जैन पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार भी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवागमन ठहरने सुरक्षा और अन्य सुविधाएं विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार भारतीय संस्कृति के गौरवशाली अतीत को फिर से स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। भोपाल का मास्टर प्लान जल्द होगा जारी: कैलाश विजयवर्गीय भोपाल में चल रही सीलिंग कार्रवाई को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से शहर के व्यापारी परेशान हैं और सरकार ऐसा कोई रास्ता निकालेगी जिससे व्यापारियों और आम लोगों को नुकसान न हो। विजयवर्गीय ने बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली में हैं और इस मामले में विशेषज्ञ वकीलों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने भोपाल के मास्टर प्लान को लेकर भी कहा कि इस पर सरकार में चर्चा चल रही है और जल्द निर्णय लेकर मास्टर प्लान जारी किया जाएगा।वहीं सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर हर बूथ में 100 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। राहुल गांधी के इंदौर दौरे पर विजयवर्गीय ने कहा कि जिस स्टेडियम में कांग्रेस कार्यक्रम चाहती है वहां राजनीतिक रैली पर हाईकोर्ट की रोक है। अखिलेश यादव के राम मंदिर संबंधी बयान पर भी उन्होंने पलटवार किया। महाकाल समिति के दखल से शिप्रा आरती पर विवाद उज्जैन के रामघाट पर मां शिप्रा की पारंपरिक संध्याकालीन आरती को लेकर विवाद बढ़ गया है। श्री क्षेत्र पण्डा समिति और तीर्थ पुरोहित समाज ने आरती व्यवस्था में बदलाव और महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के माध्यम से नई आरती शुरू कराने के प्रयास का विरोध किया है। समिति अध्यक्ष पंडित राजेश त्रिवेदी ने कहा कि रामघाट पर वर्षों से पंडा-पुरोहित समाज परंपरागत तरीके से मां शिप्रा की आरती करता आ रहा है। उनका आरोप है कि अब धार्मिक परंपरा में दखल देकर आरती को इवेंट और टेंडर के जरिए संचालित करने की कोशिश की जा रही है। पंडा समिति ने स्मार्ट सिटी के टेंडर पर भी सवाल उठाते हुए आरती के व्यावसायीकरण का विरोध किया। समिति का कहना है कि महाकाल मंदिर प्रबंध समिति का कार्यक्षेत्र मंदिर परिसर तक सीमित है। विवाद को लेकर 9 सितंबर को तीर्थ पुरोहितों की बैठक बुलाई गई है। राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन बुरहानपुर और शाहपुर में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम और तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। बुरहानपुर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकु टांक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम पल्लवी पुराणिक को ज्ञापन दिया। वहीं शाहपुर में ग्रामीण कांग्रेस ने तहसीलदार गोविंद सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR तत्काल रद्द करने की मांग की। साथ ही हल्द्वानी में सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और FIR की मांग की। कांग्रेस ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। इंदौर में फर्जी IAS गिरफ्तार इंदौर में लसूड़िया पुलिस ने फर्जी IAS अधिकारी बनकर लोगों पर रौब जमाने वाले राज सोनी उर्फ हिमांशु पांचाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब चार साल पहले UPSC परीक्षा में शामिल हुआ था लेकिन सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने सॉफ्टवेयर कंपनी में काम शुरू किया और खुद को IAS अधिकारी बताने लगा। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले गुजरात के गांधीनगर में फर्जी थानेदार बनकर भी लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर चुका है और इस मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह इंदौर आ गया। यहां उसने फर्जी IAS की पहचान बनाकर पांच सितारा होटल शेरेटन में 16 लोगों की पार्टी की। पुलिस को उसके पास अफसरों के मोबाइल नंबरों वाली डायरी समेत कई संदिग्ध सामान मिले हैं। कार्यपालन यंत्री के.के. सिंगारे के ठिकानों पर EOW का छापा बालाघाट में भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ यानी EOW ने लोक निर्माण विभाग भवन के प्रभारी कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे उर्फ के.के. सिंगारे के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। 3 सितंबर की सुबह करीब 5:45 बजे EOW की टीम ने बालाघाट छिंदवाड़ा और भोपाल में एक साथ दबिश दी। बालाघाट में डीएसपी मंजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने आवास की तलाशी ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यहां से करीब 2 लाख 50 हजार रुपए नकद एक नई स्कॉर्पियो और दर्जनों खाली लिफाफे मिलने की बात सामने आई है। EOW की टीम सिंगारे को छिंदवाड़ा स्थित उनके आवास पर भी लेकर गई जहां जांच जारी है। भोपाल में भी संबंधित ठिकाने पर कार्रवाई की जानकारी है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सिविल कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के जनरल सेक्रेटरी यूनुस खान की शिकायत के बाद की गई। जांच पूरी होने के बाद आधिकारिक जानकारी सामने आएगी। दक्षिण पश्चिम विधानसभा की कार्यकर्ता बहनों ने विधायक सबनानी को बांधी राखी रक्षाबंधन का पावन पर्व चल रहा है धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जन्माष्टमी तक बहाने अपने भाई को राखी बांधती है ।।। इसी कड़ी में राजधानी भोपाल की दक्षिण पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया ।।। मानस भवन में दक्षिण पश्चिम विधानसभा से भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी को राखी बांधी ।।। और तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा कराया ।।। वही विधायक सबनानी ने भी सभी बहनों की रक्षा उनके सुख शांति और समृद्धि की कामना भी की ।।।