हिमाचल और महाराष्ट्र में भूकंप के झटके हिमाचल प्रदेश के चंबा में शुक्रवार सुबह 6:30 बजे 3 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक केंद्र चंबा में 33.131 अक्षांश और 76.585 देशांतर पर था। भूकंप की गहराई जमीन से 5 किमी नीचे थी। उधर महाराष्ट्र के नासिक में भी कुछ घंटों के अंतराल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक पहला भूकंप रात 12:05 बजे आया जिसकी तीव्रता 3.5 थी। इसके बाद सुबह 5:32 बजे 3.4 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया। इनमें किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। राहुल बोले-BJP-RSS मनुवादी सोच को बढ़ावा दे रही लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने BJP-RSS पर मनुवादी सोच को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने यह बात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण को लेकर कही।राहुल ने गुरुवार को प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह ऐसी मानसिकता है जो आज भी इंसान की हैसियत उसके जन्म से तय करती है न कि समानता और इंसानियत से।कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर 14 अगस्त को देशभर के जिला मुख्यालयों पर मार्च और सत्याग्रह करने का ऐलान किया है। वांगचुक बोले- 2047 तक भारत विकसित देश नहीं बन पाएगा एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने भारत की प्रति व्यक्ति आय का जिक्र करते हुए कहा कि अगर मौजूदा स्थिति जारी रही तो 2047 तक भारत विकसित देश नहीं बन पाएगा।वांगचुक के मुताबिक श्रीलंका-बांग्लादेश जैसे देश भारत से आगे निकल चुके हैं। देश को सही नेतृत्व चुनने के लिए शांतिपूर्ण क्रांति की जरूरत है।उन्होंने गुरुवार देर रात एक वीडियो किया। इसमें उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। इस दौरान उन्होंने देश और उसके भविष्य को लेकर काफी सोचा। उत्तराखंड-चमोली टनल हादसे में 7 मौतें 3 अब भी फंसे उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद बचाव टीमें लगातार राहत अभियान में जुटी हुई हैं। इस दर्दनाक हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है जबकि 1 व्यक्ति अभी भी टनल में लापता बताया जा रहा है। बचाव दल ने 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। यूपी के 16 जिलों में बाढ़ कॉलोनियों में नावें चलीं देश भर में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बारिश और बाढ़ जैसे हालात हैं। यूपी के 16 जिलों में 80 से ज्यादा गांव बाढ़ प्रभावित हैं। उन्नाव में पानी घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। कॉलोनियों में नावें चल रही हैं। कानपुर में गंगा का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाट किनारे 100 से ज्यादा छोटे मंदिर डूब गए हैं।