राजधानी के रानी कमलापति (आरकेएमपी) एवं भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत भोपाल महानगर ने मंडल रेल प्रबंधक (DRM) पश्चिम मध्य रेलवे को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्तमान पार्किंग व्यवस्था के कारण यात्रियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि स्टेशन परिसर में 20 मिनट की निःशुल्क पार्किंग सीमा होने के बावजूद भीड़भाड़ के कारण कई बार वाहन समय पर बाहर नहीं निकल पाते जिससे यात्रियों से अनावश्यक रूप से पार्किंग शुल्क वसूला जाता है। संगठन ने इसे यात्रियों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार बताया है। ग्राहक पंचायत ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति के कारण पार्किंग स्थल से वाहन निकालने में अपेक्षा से अधिक समय लग जाता है। इसके बावजूद यात्रियों को अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पार्किंग व्यवस्था के संचालन में पर्याप्त कर्मचारियों की कमी के कारण प्रवेश और निकास प्रभावित होता है।