सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जुनवानी नवापारा में हुए किसान तुलसीदास टंडन हत्याकांड मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने हत्या को साजिश बताते हुए सीबीआई जांच और नार्को टेस्ट कराने की मांग रखी है। परिजनों का आरोप है कि हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ संदिग्धों को बचाया गया है। हालांकि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी को मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने बस्तर के मांझी-चालकी प्रतिनिधियों को मुलाकात के लिए आमंत्रित किया है। इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह अवसर बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था और जनजातीय प्रतिनिधित्व को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। देशभर में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बौखलाहट में है और उसके पास जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं हैं। सीएम साय ने कहा कि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मुद्दों पर बातचीत होनी चाहिए और इसके लिए संसद सबसे बेहतर मंच है। सरगुजा जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई जारी है। जिला स्तरीय उड़न दस्ता टीम ने मध्य प्रदेश की शराब की अवैध बिक्री करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग के अनुसार सूचना के आधार पर दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम जमगांव में कार्रवाई की गई जहां से आरोपी पुरुषोत्तम चौहान के कब्जे से 107 पाव विदेशी मदिरा बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 14 हजार 416 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। भाजपा द्वारा कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान हुए घटनाक्रम को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के बाद हताशा में गलत रास्ता अपना रही है। अरुण साव ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं था। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह की धमकी से कोई डरने वाला नहीं है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के लिए कानून समान है और हर व्यक्ति को संविधान व कानून के दायरे में रहकर आचरण करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। अंबिकापुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक उपसरपंच पर नाबालिग युवती से दुष्कर्म का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी उपसरपंच तरुण के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता आरोपी के घर में काम करती थी। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने मामले को दबाने के लिए पीड़िता को पैसों का प्रलोभन देने की कोशिश की। इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिलने के बाद वे पीड़िता को लेकर कोतवाली थाना पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।