शासकीय चावल अफरा-तफरी मामला: 15 दिन से लापता दो ट्रक बरामद बिजली कांटे्रक्टर का शव फदे में लटका मिला जांच में जुटी पुलिस जिला राजपूत क्षत्रिय सभा ने धूमधाम से मनाई वीर महाराणा प्रताप की जयंती जिले के वारासिवनी में शासकीय चावल की अफरा-तफरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 15 दिनों से लापता दो ट्रक सिवनी बायपास के पास लावारिस हालत में खड़े मिले जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। ट्रक क्रमांक HR 55 A 7880 और PB 03 AW 8421 के चालक पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गए। मामले में मुख्य आरोपी दुर्गेश शेंडे (37) निवासी मेहंदीवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को जेएमएफसी न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मांगी गई है। बालाघाट शहर के बुढ़ी क्षेत्र में एक बिजली कांट्रेक्टर का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान तामेन्द्र पटले (निवासी बबरिया लालबर्रा) के रूप में हुई है। बताया गया कि सबसे पहले उसकी महिला मित्र ने शव देखा और परिजनों को सूचना दी। बुधवार को तामेन्द्र का जन्मदिन था। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। डिंडौरी जिले के हट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुर निवासी 65 वर्षीय रनमत सिंह धुर्वे की जहरीली वस्तु के सेवन से मौत हो गई। परिजनों ने हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उपचार के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जिला राजपूत क्षत्रिय सभा बालाघाट द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। स्थानीय श्री महाराणा प्रताप राजपूत समाज भवन गोकुल धाम नगर (वार्ड क्रमांक 24 मोतीनगर) में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भूमि दानदाता गौरीशंकर बिसेन जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वार नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर जनपद पंचायत किरनापुर अध्यक्ष कल्याण सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला राजपूत क्षत्रिय सभा अध्यक्ष संजय सिंह कछवाहा ने की। इस अवसर पर श्री राणा हनुमान सिंह फाउंडेशन द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समाज के वरिष्ठजनों का भी शॉल-श्रीफल देकर सम्मान हुआ। शाम को भव्य वाहन रैली निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। जिले में पुलिस के एक जवान ने अपनी सूझबूझ और प्रशिक्षण का परिचय देते हुए 3 वर्षीय बच्चे की जान बचा ली। जानकारी के अनुसार एक वाटर पार्क में वाटर कूलर से करंट लगने के कारण बच्चा बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और किसी को समझ नहीं आ रहा था कि तत्काल क्या किया जाए। इसी दौरान बालाघाट जिला पुलिस बल में तैनात हेड कांस्टेबल मधुसूदन हरिनखेडे ने स्थिति संभाली और बच्चे को सीपीआर देना शुरू किया। करीब 10 से 15 मिनट तक लगातार सीपीआर देने के बाद बच्चे को होश आ गया। इस दौरान उन्होंने परिजनों और उपस्थित लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। बच्चे के स्वस्थ होते ही लोगों ने बालाघाट पुलिस की सराहना करते हुए जिंदाबाद के नारे लगाए। बालाघाट-वारासिवनी मार्ग पर हाल ही में लोकार्पित गर्रा रेलवे ओवरब्रिज को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अधूरे कार्यों के बावजूद किए गए लोकार्पण पर गंभीर सवाल उठाए हैं। स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि 13 जून को लोकार्पित आरओबी का निरीक्षण करने पर कई कमियां सामने आईं। विधायक के अनुसार ओवरब्रिज पर अब तक विद्युतीकरण का कार्य पूरा नहीं हुआ है जिससे रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि लगभग 200 मीटर फुटपाथ का निर्माण अधूरा है। मुंजारे ने आरोप लगाया कि बिना सभी कार्य पूरे किए जल्दबाजी में लोकार्पण किया गया और निर्धारित प्रोटोकॉल का भी पालन नहीं किया गया। शहर के जय स्तंभ चौक स्थित मेकेनिक नगर के मोटर मेकेनिकों के सामने एक बार फिर विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है। नगर पालिका द्वारा दुकानों को हटाने के नोटिस जारी किए जाने से मेकेनिकों में आक्रोश है। उन्होंने विधायक अनुभा मुंजारे और नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष योगराज लिल्हारे से मुलाकात कर न्याय की मांग की। मेकेनिकों का कहना है कि उन्हें प्रशासन ने पूर्व में भूमि आवंटित कर बसाया था। विधायक मुंजारे ने उन्हें वैध रूप से बसाया गया बताया जबकि योगराज लिल्हारे ने आदेश वापस न लेने पर आंदोलन और न्यायालय जाने की चेतावनी दी। मध्य प्रदेश में निवासरत पनिका समाज आरक्षण के मुद्दे पर एक ठोस कानूनी और राजनीतिक रणनीति बना रहा है। जिसको लेकर बालाघाट जिले के बैहर में 17 जून को राष्ट्रीय स्तर की बैठक आहुत की गई। बैठक समाजसेवी बिहारी दास मुरचुले के नेतृत्व में आयोजित की गई जिसमें पनिका पनिका जाति को अन्य पिछड़ा वर्ग से हटाकर पुन: अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल करने के लिये समाज के प्रतिनिधियों द्वारा रणनीति बनाई गई। मलाजखंड कोलकाता। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की नेशनल ज्वाइंट कमेटी ऑफ कॉपर (एनजेसीसी) की महत्वपूर्ण बैठक 11 और 12 जून 2026 को कोलकाता स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एचसीएल के सीएमडी संजीव कुमार सिंह ने की। इसमें कंपनी प्रबंधन वरिष्ठ अधिकारियों और मान्यता प्राप्त यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। भारतीय खनिज मजदूर संघ मलाजखंड के अध्यक्ष दत्तराज पटले और महासचिव हेमन्त भगत ने मजदूरों के वेतन सुविधाओं सुरक्षा और अन्य लंबित मांगों को मजबूती से उठाया। प्रबंधन ने कई मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। बैठक को श्रमिक हितों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।