कर्नाटक के कैबिनेट मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने इस्तीफा दिया मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कैबिनेट में शामिल मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। गुरुवार को हुए विभागों के बंटवारे पर नाराजगी जताते हुए यह कदम उठाया। रेड्डी बेंगलुरु विकास विभाग चाहते थे लेकिन उन्हें जल संसाधन विभाग दे दिया गया था।रेड्डी ने मीडिया से कहा- मैं अभी भी कांग्रेस में हूं मैंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है। पिछले 53 सालों में पार्टी की कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। मैंने कई मुख्यमंत्रियों की कैबिनेट में मंत्री के तौर पर काम किया है। कभी किसी से मंत्री पद नहीं मांगा। डीके शिवकुमार ने गुरुवार रात ही 13 मंत्रियों में विभागों को बंटवारा किया है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियंक को गृह मंत्रालय दिया गया है। शिवकुमार ने वित्त कैबिनेट अफेयर्स कार्मिक-प्रशासनिक सुधार इंटेलीजेंस समेत कई विभाग अपने पास रखे हैं। DMK 8 जून को I.N.D.I.A. की बैठक शामिल नहीं होगी तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि कांग्रेस ने एक्टर विजय की पार्टी TVK को समर्थन देकर DMK के साथ धोखा किया है। वे कांग्रेस के इस विश्वासघात को कभी नहीं भूलेंगे। गुरुवार को चेपॉक-ट्रिपलिकेन निर्वाचन क्षेत्र में एक धन्यवाद सभा को संबोधित करते हुए उदयनिधि ने कहा- चुनाव के बाद कांग्रेस के जितने भी विधायक जीते। वे DMK लीडर से मिलने तक नहीं आए। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कांग्रेस DMK गठबंधन का हिस्सा थी। चुनाव के बाद कांग्रेस के पांच विधायकों ने TVK को समर्थन दे दिया। इसके बाद DMK और कांग्रेस का करीब 20 साल पुराना गठबंधन टूट गया। यूपी-एमपी में आंधी से 500 पेड़ उखड़े देश के 11 राज्यों में गुरुवार को आंधी के साथ बारिश हुई। भोपाल में 70kmph की रफ्तार से तूफान आया। करीब 80 से ज्यादा पेड़ गिर गए। यूपी के 12 शहरों में बारिश हुई। नोएडा में तेज हवाओं में 400 पेड़ उखड़ गए। हरियाणा के फरीदाबाद जिले में फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगी क्रेन कंटेनर पर पलट गई। इसमें 3 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं बिहार के भागलपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत हो गई। राजस्थान के जयपुर में दिल्ली से 4 फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ीं। श्रीगंगानगर में ओले गिरे। दिल्ली-एनसीआर में भी खराब मौसम के कारण 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। ट्रम्प बोले- ईरान के सुप्रीम लीडर से मिलकर गर्व होगा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होता है तो वह ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई से मिलने के लिए तैयार हैं। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा मैं मिलना नहीं चाहता लेकिन अगर मुलाकात होती है तो मुझे गर्व होगा। अगर डील हो जाती है तो मुलाकात संभव है। मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं होगी। ट्रम्प ने यह भी कहा कि कोई भी संभावित मुलाकात सम्मानजनक होगी और मैं ईरान के सुप्रीम लीडर से इज्जत से पेश आऊंगा। पुतिन बोले- अमेरिका का मोदी पर दबाव डालना बेकार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमेरिका भारत पर रूस के साथ उसके रिश्ते सहित कई मुद्दों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है लेकिन इस तरह की कोशिशें बेकार हैं। भारत इसका विरोध करेगा। पुतिन ने PTI समेत दुनिया की प्रमुख न्यूज एजेंसियों के हेड से बातचीत के दौरान भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा- भारत एक महान देश और लोकतंत्र है। रूस उसे अपना भरोसेमंद पार्टनर मानता है। रूसी राष्ट्रपति ने आगे कहा- भारत अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देता है। अमेरिका से उसके बढ़ते संबंधों से भारत-रूस की पार्टनरशिप पर कोई असर नहीं पड़ेगा। रूस के साथ उसके रिश्ते पहले की तरह मजबूत रहेंगे।