टारगेट पूरा नहीं करने वाले अफसर-कर्मचारियों को हटाया जाएगा मध्यप्रदेश सरकार ने तबादला नीति-2026 जारी कर दी है। नई नीति में बड़ा बदलाव करते हुए सरकार ने तय लक्ष्य पूरे नहीं करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशासनिक आधार पर प्राथमिकता से हटाने का प्रावधान किया है। ऐसे कर्मचारी तीन साल की अवधि पूरी होने से पहले भी तबादले की सूची में शामिल किए जा सकेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने कैबिनेट की मंजूरी के बाद आदेश जारी कर 1 जून से 15 जून तक विभागों को तबादले की अनुमति दी है। महिलाओं और रिटायरमेंट में कम समय बचने वालों कर्मचारियों को राहत दी गई है। पेट्रोल 87 पैसे डीजल 91 पैसे महंगा पेट्रोलियम कंपनियों ने 9 दिन के भीतर तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के रेट में बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार को पेट्रोल की कीमत 87 पैसे और डीजल की कीमत 91 पैसे प्रतिलीटर बढ़ाई गई है। इसके चलते मध्य प्रदेश में पेट्रोल 1 रुपए या इससे ज्यादा महंगा हुआ है। इसी महीने मध्य प्रदेश समेत देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम तीन बार बढ़ाए जा चुके हैं। 15 मई को पहली बार करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। 19 मई को दूसरी बार करीब 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए थे। आज की बढ़ोतरी के बाद मई में पेट्रोल-डीजल के दाम कुल मिलाकर करीब ₹5 प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं। इंदौर में जल संकट करना पड़ रहा टैंकरों का इंतजार देश का सबसे स्वच्छ शहर कहलाने वाला इंदौर इन दिनों बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है। लगातार आठ बार देश में स्वच्छता का ताज पहनने वाले शहर में अब हालात ऐसे हैं कि हजारों परिवार जल संकट से जूझ रहे हैं। कहीं महिलाएं खाली बर्तन लेकर दूर-दूर तक पानी भरने जा रही हैं तो कहीं लोग घंटों टैंकरों का इंतजार करने को मजबूर हैं। कई इलाकों में दो-दो दिन बाद पानी पहुंच रहा है जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई जगहों पर लोग सड़क पर उतर आए हैं चक्काजाम कर रहे हैं मटके फोड़ रहे हैं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। शहर में पानी अब सबसे बड़ा संकट बन चुका है। एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा का मेकअप कराते आखिरी VIDEO भोपाल में मौत से पहले एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा के आखिरी मेकअप का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें वो ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती नजर आ रही है। वीडियो में ट्विशा बेहद रिलैक्स दिखाई दे रही है। पुलिस ने इस फुटेज को भी जब्त कर लिया है। ब्यूटी पार्लर ट्विशा के ससुराल से महज 100 मीटर की दूरी पर है। जांच के दौरान ये भी पता चला है कि ट्विशा ने 12 मई को सुबह 9.52 बजे भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था। ट्विशा 15 मई को अजमेर जाने वाली थी जहां उसके भाई मेजर हर्षित शर्मा की पोस्टिंग है। उधर शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस ट्विशा के पति समर्थ सिंह को जबलपुर से लेकर भोपाल पहुंची। फिलहाल उसे कटारा हिल्स थाने में रखा गया है। थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। आज ही मेडिकल परीक्षण के बाद समर्थ को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस उससे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी। MP के 42 जिलों में आज लू की चेतावनी नौतपा की शुरुआत 25 मई से होगी लेकिन इससे पहले ही पूरा मध्य प्रदेश जमकर तप रहा है। उत्तरी हिस्से यानी ग्वालियर-चंबल सागर रीवा और उज्जैन संभाग हीटवेव की चपेट में हैं। मौसम केंद्र भोपाल की मानें तो आने वाले दिनों में तेज गर्मी का दौर बना रहेगा। मौसम विभाग ने शनिवार को कुल 42 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। टीकमगढ़ छतरपुर और पन्ना में रेड अलर्ट है जबकि ग्वालियर समेत 21 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट है। 18 जिलों में लू का यलो अलर्ट है। इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के 10 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। छतरपुर के 2 शहर- नौगांव और खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहे। नौगांव में पारा 46.8 डिग्री और खजुराहो में 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। टीकमगढ़-सतना में 44.5 डिग्री दतिया में 44.4 डिग्री नरसिंहपुर-दमोह में 44.2 डिग्री सागर-राजगढ़ में पारा 44 डिग्री रहा। प्रदेश के 5 बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में पारा 43.7 डिग्री भोपाल में 42.2 डिग्री इंदौर में 41.4 डिग्री और उज्जैन में 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।