होटल पूल में दर्दनाक हादसा: मासूम की छटपटाहट किसी को नजर नहीं आई ग्वालियर में होटल के स्विमिंग पूल में 7 साल के वेद के डूबने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। बुधवार रात के इस फुटेज में दिख रहा है कि वेद अपने परिवार के साथ पूल पार्टी का आनंद ले रहा था। वह नहाने के बाद पूल से बाहर निकला। फिर कुछ ही मिनट बाद दोबारा कूदा। इस बार वेद पूल की 2 फीट गहराई वाली जगह की बजाय गलती से 5 फीट गहराई वाले हिस्से में कूद गया। वह काफी देर तक पानी से बाहर आने की जद्दोजहद करता रहा। बहुत छटपटाया लेकिन बाहर नहीं आ सका और कुछ ही मिनटों में गहराई में समा गया। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान पूल में कई लोग मौजूद थे। लेकिन न तो वेद के परिवार के किसी सदस्य का ध्यान उसकी ओर गया और न ही होटल स्टाफ का। वेद जहां डूबा उसके पास ही दो लड़के खड़े थे। वे आपस में गपशप करते रहे। उसी जगह से एक अन्य लड़का भी पानी में पैदल चलते हुए गुजरा लेकिन वेद उससे नहीं टकराया। सनातन पर स्टालिन के बयान से भड़के भाजपा विधायक पाठक भाजपा विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए बयान को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा से भाजपा विधायक संजय पाठक ने एसपी को पत्र लिखकर उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 13 मई 2026 को लिखे गए पत्र में संजय पाठक ने कहा कि उदयनिधि स्टालिन के बयान से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इससे समाज में रोष व असंतोष की स्थिति बनी है। इस तरह के बयान देश की सामाजिक शांति एकता और अखंडता के लिए नुकसानदायक हैं। दरअसल उदयनिधि ने विधानसभा में सनातन धर्म को खत्म करने की बात कही थी। एमपी में कांग्रेस संगठन की खुद समीक्षा करेंगे राहुल गांधी एमपी में विधानसभा चुनाव में भले ही ढ़ाई साल का वक्त बाकी हो लेकिन कांग्रेस अब चुनाव में मजबूती से उतरने के लिए संगठन तैयार करने पर फोकस कर रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद एमपी में संगठन की समीक्षा करेंगे। अगले महीने उज्जैन और रीवा संभाग में राहुल गांधी खुद अब तक के कामों और संगठन की समीक्षा करेंगे। CBSE 12वीं रिजल्ट- सरकारी स्कूलों का दबदबा प्राइवेट स्कूल पिछड़े केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) 12वीं परीक्षा 2026 के नतीजों ने मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा की वास्तविक तस्वीर सामने ला दी है। जहां सरकारी मॉडल पर संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) और केंद्रीय विद्यालय (KV) ने शानदार परिणाम देकर बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था की ताकत दिखाई वहीं सबसे ज्यादा छात्रों वाले निजी यानी इंडिपेंडेंट स्कूलों का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा। खास बात यह है कि इन निजी स्कूलों की फीस आमतौर पर JNV और KV की तुलना में कहीं अधिक होती है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि निजी स्कूलों के कमजोर प्रदर्शन का असर भोपाल रीजन की रैंकिंग पर भी पड़ा है। इसी कारण मध्य प्रदेश का भोपाल रीजन देश के 22 सीबीएसई रीजन में 19वें स्थान पर पहुंच गया। वहीं हर श्रेणी में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया और भोपाल रीजन में लड़कियां करीब पांच प्रतिशत अंकों से आगे रहीं। आधा MP हीट वेव की चपेट में एमपी में रिकॉर्ड गर्मी का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को मालवा-निमाड़ यानी इंदौर और उज्जैन संभाग के शहरों में भीषण गर्मी पड़ी। छतरपुर के खजुराहो में पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा IMD (मौसम केंद्र) भोपाल की माने तो अगले 4 दिन तक प्रदेश का आधा हिस्सा लू की चपेट में रहेगा। गुरुवार को इंदौर उज्जैन धार और रतलाम में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं इंदौर उज्जैन-धार की रात में भी तापमान बढ़ा हुआ रहेगा। यहां वॉर्म नाइट की चेतावनी है। इस दौरान गर्म हवाएं चलेंगी। झाबुआ आलीराजपुर बड़वानी खरगोन खंडवा बुरहानपुर हरदा नर्मदापुरम देवास सीहोर शाजापुर आगर-मालवा और राजगढ़ में भी लू चलेगी।