पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के रुझान अब परिणाम की ओर बढ़ते दिख रहे हैं। इन नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है। रुझानों के अनुसार पश्चिम बंगाल असम और पुदुचेरी में भाजपा को बढ़त और बहुमत के संकेत मिल रहे हैं। वहीं दो अन्य राज्यों में भी पार्टी का प्रदर्शन पिछले चुनाव की तुलना में बेहतर बताया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। पार्टी नेताओं ने इसे जनता का जनादेश बताते हुए संतोष जताया है। प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिणाम भाजपा के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाते हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की संभावित जीत पर कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है जबकि अन्य दो राज्यों में भी एनडीए को बेहतर सफलता मिलने की उम्मीद है। सीएम साय ने बताया कि इन चुनावों में छत्तीसगढ़ से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया जिसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। पश्चिम बंगाल असम केरल तमिलनाडु और पुडुचेरी में जारी मतगणना के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दीपक बैज ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है और सत्ता परिवर्तन “सामान्य परिस्थितियों” में नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि असम और पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल निष्पक्ष नहीं था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के साथ-साथ विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में चुनाव कराए गए। बैज के अनुसार बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती के बीच चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। दीपक बैज ने यह भी कहा कि चुनाव परिणामों में भाजपा के पक्ष में बढ़त “स्वाभाविक नहीं” है और इसे लेकर गंभीर सवाल उठते हैं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पश्चिम बंगाल असम पुडुचेरी और तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनने के रुझानों पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “अंधेरा छटेगा सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।” अरुण साव ने दावा किया कि राज्य में भाजपा की स्थिति मजबूत हुई है और कमल खिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान किया है और टीएमसी को लेकर जनता का रुख स्पष्ट दिखाई दे रहा है।