Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
18-Apr-2026

लोकसभा सीटें बढ़ाने का बिल 54 वोट से गिरा लोकसभा में सीटें बढ़ाने के लिए लाया गया संविधान का 131वां संशोधन बिल सरकार लोकसभा में पास नहीं करा पाई। इसमें संसद की 543 सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान था। लोकसभा में बिल पर 21 घंटे की चर्चा के बाद वोटिंग हुई। उपस्थित 528 सांसदों ने वोट डाले। पक्ष में 298 विपक्ष में 230 वोट पड़े। बिल पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत थी। 528 का दो तिहाई 352 होता है। इस तरह बिल 54 वोट से गिर गया।12 साल के शासन में यह पहला मौका था जब मोदी सरकार सदन में कोई बिल पास नहीं करा पाई। अब महिला आरक्षण नई जनगणना के नतीजे आने से पहले लागू नहीं होगा यानी 2029 के लोकसभा चुनाव में इसका फायदा नहीं मिलेगा। पुणे में एयरफोर्स के विमान की हार्ड लैंडिंग पुणे एयरपोर्ट का रनवे शुक्रवार देर रात एक IAF विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इस घटना के कारण एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन 8 घंटे तक प्रभावित रहा। भारतीय वायुसेना ने खुद इसकी जानकारी दी। IAF के मुताबिक विमान की लैंडिंग के दौरान हुई घटना के बाद सुरक्षा कारणों से रनवे को तुरंत बंद करना पड़ा। विमान का क्रू सुरक्षित है। किसी भी संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन सुबह 7.30 बजे के बाद नॉर्मल हो सका। एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक 5 एयरलाइंस की 91 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ी थीं। कैंसिल होने वाली फ्लाट्स में इंडिगो की 65 एअर इंडिया की 6 स्पाइसजेट की 5 अकासा एयर की 5 एअर इंडिया एक्सप्रेस की 10 फ्लाइट्स शामिल थीं। चारधाम यात्रा आज से 18.25 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शनिवार से शुरू हो जाएगी। ऋषिकेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 10 बसों को यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के लिए रवाना करेंगे। ये यात्री 19 अप्रैल को यमुनोत्री-गंगोत्री के कपाट खुलने के वक्त मौजूद रहेंगे। चारधाम के लिए अब तक 18.25 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। पिछले साल 23 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। गुरुवार से ऋषिकेश और हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर भी शुरू हो गए हैं। सबसे पहले मध्य प्रदेश (शहडोल) के 100 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया। ये सभी यमुनोत्री और गंगोत्री के दर्शन करेंगे। ट्रम्प बोले- ईरान से किसी भी हाल में यूरेनियम लेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक बार फिर से ईरान के यूरेनियम को लेकर दावा किया है। उन्होंने शनिवार को एयरफोर्स वन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा है कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान के पास मौजूद ज्यादा एनरिच्ड यूरेनियम हासिल करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बुधवार तक ईरान के साथ कोई बड़ा समझौता नहीं हुआ तो मौजूदा सीजफायर खत्म किया जा सकता है। उन्होंने साफ कहा कि नाकेबंदी तो जारी रहेगी और जरूरत पड़ी तो फिर से बमबारी शुरू करनी पड़ सकती है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ने के बजाय अटकती दिख रही है। पाकिस्तान में हाल ही में हुई अप्रत्यक्ष बातचीत से भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। हालांकि बैकचैनल बातचीत से उम्मीद जगी थी लेकिन अभी भी कई बड़े मुद्दों पर दोनों पक्ष सहमत नहीं हैं। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट खोला कमर्शियल जहाज गुजर सकेंगे ईरान ने सीजफायर के दौरान होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खोल दिया है। विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने X पर पोस्ट कर बताया कि सभी कमर्शियल जहाजों को गुजरने की इजाजत होगी। यह फैसला लेबनान में सीजफायर के बाद लिया गया है। उन्होंने बताया कि जहाज एक सुरक्षित रास्ते से गुजरेंगे जिसे ईरान के पोर्ट्स और मैरीटाइम ऑर्गेनाइजेशन ने पहले से तय कर रखा है ताकि सफर के दौरान कोई खतरा न हो। अराघची ने कहा कि इस दौरान जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी ताकि समुद्री व्यापार प्रभावित न हो। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर ईरान को शुक्रिया कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही होर्मजु स्ट्रेट खुल गया है लेकिन ईरान पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी और यह सिर्फ ईरान पर लागू होगी। इस पर ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके बंदरगाहों पर नाकाबंदी जारी रही तो वह इसे सीजफायर का उल्लंघन मानेगा और होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा बंद कर देगा।