जबलपुर: जरूरतमंद प्रतिभावान बच्चों को तराशने के संकल्प के साथ संचालित जबलपुर की सामाजिक संस्था ज़ेड.एच. फ़ाउंडेशन ने एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में एक बार फिर सफलता का कीर्तिमान स्थापित किया है। संस्था के विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत से साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन मिले तो अभाव भी सफलता की राह नहीं रोक सकते। इस वर्ष कक्षा 12वीं में रदा अंजुम और फ़ैज़ान परवेज़ अंसारी ने 92% अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पाया वहीं कक्षा 10वीं में इर्तिका अंजुम ने 96.2% अंकों के साथ संस्था और शहर का नाम रोशन किया। इनके अलावा महविश अंसारी और फ़ाकरा ने भी 94% से अधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।दिसंबर 2015 में हज़रत सैयद आमिरुल हसन साहब द्वारा स्थापित और वर्तमान में इंजीनियर मोहम्मद नईम ख़ान के मार्गदर्शन में संचालित यह फाउंडेशन हर साल करीब 150 विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक निशुल्क शिक्षा और कोचिंग प्रदान करता है। संस्था का मुख्य उद्देश्य उन मेधावी बच्चों को मंच प्रदान करना है जो आर्थिक तंगी के कारण बेहतर शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। जबलपुर। संस्कारधानी में पुलिस की बर्बरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। घमापुर निवासी गौरव कुमार मेहरोलिया ने आरोप लगाया है कि रामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन के लिए लाइन में लगने के दौरान दो पुलिस आरक्षकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। पीड़ित के अनुसार आरक्षकों ने पहले बैंक में धक्का-मुक्की कर गाली-गलौज की और फिर जबरन रामपुर पुलिस चौकी ले जाकर लाठी और बेल्ट से बुरी तरह पीटा।इस मारपीट में गौरव के हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने झुंझलाहट में कहा कि तुम्हारे रजिस्ट्रेशन के चक्कर में हमें परेशानी होती है। पीड़ित के पास घटना से संबंधित वीडियो और फोटो भी मौजूद हैं जिन्हें आधार बनाकर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए दोनों दोषी आरक्षकों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की मांग की गई है। जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंजनी माता मंदिर के पास स्थित आराध्य इंडस्ट्रीज नामक बुरादा फैक्ट्री में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई। आग शाम करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच गोदाम में रखे लकड़ी के बुरादे से भड़की जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री में रखीं कीमती मशीनें और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 2-3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में संचालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं। जबलपुर: क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए अवैध हथियारों के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मदर टेरेसा नगर में दबिश देकर पारस जैन (निवासी दमोह) को गिरफ्तार किया जिसके पास से 50 नग प्रतिबंधित चाइना चाकू बरामद हुए हैं। आरोपी इन चाकुओं को अपने घर में पलंग के नीचे छिपाकर रखा था और इन्हें 200 रुपये प्रति नग के हिसाब से शहर में खपाने की तैयारी में था।पूछताछ में खुलासा हुआ है कि हथियारों की यह खेप झारखंड के गिरिडीह निवासी अभिषेक गुप्ता द्वारा भेजी गई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल भी जब्त किया है जिससे इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पारस जैन अभिषेक गुप्ता और एक अन्य के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश और इस अवैध सप्लाई चेन की जड़ों तक पहुँचने की कोशिश कर रही है।