मध्य प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी और बड़ी खबर है। कल यानी 9 अप्रैल से प्रदेश में गेहूं खरीदी का महाअभियान शुरू होने जा रहा है। इस बार सरकार ने छोटे किसानों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। शुरुआत इंदौर भोपाल और उज्जैन संभागों से होगी जबकि बाकी क्षेत्रों में 15 अप्रैल से उपार्जन केंद्र खुलेंगे। प्रशासन ने करीब 4 हजार केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि अन्नदाताओं को कोई असुविधा न हो। लेकिन इस सरकारी तैयारी के बीच सियासत भी गरमा गई है। जहाँ एक ओर भाजपा किसान मोर्चा कल मंडियों में किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करने की तैयारी में है वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने गेहूं खरीदी के मुद्दे पर प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्ट्रेट घेराव और प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के इस कदम पर पलटवार करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। उन्होंने राजधानी भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस किसानों के बारे में बोलने लायक ही नहीं है। चावड़ा ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है और उपार्जन के पहले दिन को एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। #cmmohanyadav #mpnews #mppolitics #kisanandolan