असम राजनीति में पाकिस्तान कनेक्शन का आरोप असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को कांग्रेस पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि पवन खेड़ा और गौरव गोगोई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्तेमाल मैटेरियल पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से मिला था। गुवाहाटी में मीडिया से बात करते हुए हिमंता ने कहा- असम चुनाव और कांग्रेस का समर्थन करने में पाकिस्तान की दिलचस्पी बढ़ गई है। पिछले 10 दिनों में पाकिस्तानी चैनलों ने 11 टॉक शो किए हैं। हिमंता ने आरोप लगाया- हर टॉक शो का निष्कर्ष यही है कि कांग्रेस को जीतना चाहिए। कल की प्रेस कॉन्फ्रेंस से कांग्रेस का पाकिस्तान कनेक्शन और ज्यादा स्पष्ट हो गया है। यह विवाद पवन खेड़ा के लगाए गए आरोपों से जुड़ा है जिन्होंने दावा किया था कि सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास कई पासपोर्ट हैं। विदेशों में उनका बिजनेस है जिसका खुलासा नहीं किया गया है। AAP बनाम राघव चड्ढा विवाद में नया मोड़ राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी (AAP) के झगड़े में पटियाला से कांग्रेस सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी की भी एंट्री हो गई है। एक पॉडकास्ट के दौरान डॉ. गांधी ने कहा कि जब वह AAP से पटियाला के सांसद थे तो राघव चड्ढा ने उन्हें चिट्ठी देकर लोकसभा में बोलने के लिए कहा। हालांकि उन्होंने राघव की लाई चिट्ठी फाड़कर उनके मुंह पर मार दी और गेटआउट कहकर पंजाब भवन से निकाल दिया। डॉक्टर गांधी ने एक निजी सोशल मीडिया चैनल से बात करते हुए ये बातें कहीं। वहीं राघव चड्ढा भी लगातार AAP को जवाब दे रहे हैं। 2 वीडियो जारी करने के बाद रविवार (5 अप्रैल) को उन्होंने पंजाब के लिए उठाए मुद्दों के बारे में बताते हुए लिखा कि यह छोटा सा ट्रेलर है पूरी पिक्चर अभी बाकी है। AAP ने आरोप लगाया कि राघव ने BJP और PM नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए सारे ट्वीट डिलीट कर दिए। राघव इससे पहले AAP को सैलाब बनकर आने और घातक होने की चेतावनी दे चुके हैं। शराब घोटाला केस: हाईकोर्ट में खुद दलील रख सकते हैं केजरीवाल दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल सोमवार को शराब घोटाले मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में खुद अपनी दलील रख सकते हैं। यह मामला CBI की उस याचिका पर से जुड़ा है जिसमें ट्रायल कोर्ट से केजरीवाल मनीष सिसोदिया और अन्य आरोपियों को राहत देने के आदेश को चुनौती दी गई है। रविवार को केजरीवाल और अन्य 22 पूर्व आरोपियों ने इस मामले की सुनवाई कर रहीं जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को मामले से अलग (रिक्यूज) करने की मांग की थी। आरोपियों ने मामले को दूसरी बेंच में ट्रांसफर करने की अपील की थी। हालांकि इसे यह कहते हुए खारिज कर दिया गया कि रिक्यूजल का निर्णय संबंधित जज ही लेता है। रिक्यूजल का मतलब होता है कि कोई जज संभावित हितों के टकराव पक्षपात या निष्पक्षता पर सवाल उठने की स्थिति में खुद को मामले की सुनवाई से अलग कर ले। ईरान-अमेरिका के बीच 45 दिन के सीजफायर पर टेंशन ईरान और अमेरिका के बीच 45 दिन के सीजफायर को लेकर बातचीत चल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगर समझौता नहीं हुआ तो ईरान पर बड़े हमले किए जा सकते हैं जिसकी तैयारी अमेरिका और इजराइल ने कर ली है। एक्सिओस की रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्तावित समझौते के पहले चरण में 45 दिन का सीजफायर लागू किया जाएगा जिसके दौरान स्थायी शांति समझौते पर बातचीत होगी। इस बातचीत में पाकिस्तान मिस्र और तुर्किये मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं। मध्यस्थों का कहना है कि अगले 48 घंटे इस डील के लिए आखिरी मौका हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजराइल ने ईरान के ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर ठिकानों पर हमले की योजना तैयार कर रखी है। हालांकि ईरान फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट और अपने परमाणु कार्यक्रम जैसे अहम मुद्दों पर कोई बड़ी रियायत देने के मूड में नहीं दिख रहा है। ईरान में फंसे अमेरिकी पायलट्स का रेस्क्यू अमेरिका के F-15E फाइटर जेट के दोनों पायलट्स को 36 घंटे के भीतर ईरान से रेस्क्यू कर लिया गया। इसके मेन पायलट को शुक्रवार रात को ही बचा लिया था जबकि एयरमैन यानी वेपन सिस्टम ऑफिसर को शनिवार रात रेस्क्यू किया गया। अमेरिकी स्पेशल फोर्स ने एयरमैन को बचाने के लिए एक खास ऑपरेशन चलाया था जिसमें सैकड़ों अमेरिकी कमांडो शामिल थे। इन्होंने ईरान के कॉफी अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा “अफसर को चोटें आई हैं लेकिन वह पूरी तरह ठीक हो जाएगा।” ट्रम्प ने इसे अमेरिकी इतिहास का सबसे साहसी सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन करार दिया है। वहीं अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक घायल अफसर तक पहुंचने के लिए अमेरिकी और ईरानी फोर्सेस के बीच करीब दो दिन तक ‘जिंदगी और मौत’ की दौड़ चली। हालांकि रेस्क्यू टीम को कोई नुकसान नहीं हुआ।