Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
27-Mar-2026

पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़ प्रशासन ने कहा – घबराने की जरूरत नहीं अमेरिका इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव की खबरों का असर अब मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर असामान्य भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह 5 बजे से ही अपनी गाड़ियों के साथ कतार में लग रहे हैं और देर रात तक पंपों पर दबाव बना हुआ है। कई जगहों पर लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। हालांकि राज्य सरकार और प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह के अनुसार यह स्थिति पूरी तरह अफवाहों का परिणाम है जिसके कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। भोपाल इंदौर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में भी खपत करीब 25% तक बढ़ गई है लेकिन सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और जहां कहीं भी कमी की सूचना मिल रही है वहां तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। नवसंकल्प अभियान: जागृति जाटव को मिली एक दिन की बड़ी जिम्मेदारी भिंड जिले के मेहगांव क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा की रहने वाली अनुसूचित जाति वर्ग की जागृति जाटव के लिए यह दिन बेहद खास रहा जब उन्हें ‘नवसंकल्प अभियान’ के तहत एक दिन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह पहल वर्तमान अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया द्वारा की गई जिसका उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को नेतृत्व का अवसर देना है। पदभार संभालते ही जागृति ने जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस दौरान केंद्रीय कृषि एवं पंचायत मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉल के माध्यम से उनसे बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा “आगे बढ़ो देश का नाम रोशन करो मामा तुम्हारे साथ है”। यह पहल सामाजिक सशक्तिकरण और प्रेरणा का एक बेहतरीन उदाहरण मानी जा रही है। रामनवमी पर आस्था का सैलाब पूरे प्रदेश में भव्य आयोजन रामनवमी के पावन अवसर पर पूरे मध्य प्रदेश में भक्ति और श्रद्धा का माहौल चरम पर है। राजधानी भोपाल में सैकड़ों स्थानों पर भंडारे मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य शोभायात्राओं की तैयारी की गई है। इंदौर के प्रसिद्ध रणजीत हनुमान मंदिर में साकेतधाम की आकर्षक सजावट अखंड रामायण पाठ और विशेष अभिषेक-आरती का आयोजन होगा। उज्जैन में शिप्रा तट स्थित राम मंदिर में यज्ञ महाआरती और ऐतिहासिक वीरभद्र ध्वज चल समारोह श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। जबलपुर के नर्मदा तट गौरीघाट पर ‘आविर्भाव समारोह’ के जरिए रामकथा और लोकभक्ति की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं ग्वालियर में भी विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना और भंडारों का आयोजन होगा। एक दिन पहले महाअष्टमी पर भी प्रदेशभर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली खासकर उज्जैन मैहर नलखेड़ा और बागेश्वर धाम में कन्या पूजन हवन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन पूरे दिन चलता रहा। ग्वालियर में दर्दनाक सड़क हादसा एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत ग्वालियर के परशुराम चौराहे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए हैं जबकि ऑटो चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पास के नीम के पेड़ से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मार चुकी थी और पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार में भाग रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदलेगा मौसम का मिजाज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर ग्वालियर भिंड दतिया निवाड़ी टीकमगढ़ छतरपुर और पन्ना जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे पहले गुरुवार को प्रदेश में गर्मी ने भी रिकॉर्ड तोड़ते हुए पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा जिसमें नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा। आने वाले तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहने की संभावना है जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।